Aug 16, 2008

पाकिस्तान ने ३५ भारतीय कैदी रिहा किए

अटारी/वाघा, १६ अगस्त- पाकिस्तान की जेलों में बंद ३५ भारतीय कैदियों को ६२ वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रिहा कर दिया गया। इन कैदियों ने अटारी-वाघा सीमा चौकी के रास्ते भारतीय सीमा में प्रवेश करते ही आजादी का एहसास किया। इन कैदियों में ३४ मछुआरे और एक जम्मू क्षेत्र का मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति शामिल हैं। सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के ध्वजारोहण के कुछ देर बाद पाकिस्तान के अधिकारियों ने इन कैदियों को भारतीय अधिकारियों को सौंपा।
इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल और पाकिस्तान रैंजर्स के अधिकारी उपस्थित थे। सभी मछुआरे गुजरात और गोवा के रहने वाले हैं। इन्होंने छह माह से दो वर्ष तक की सजा पाकिस्तान की जेल में काटी है। जम्मू के भोला ने पाकिस्तानी सीमा में चले जाने के कारण उसे गिरफ्तार किया गया था।
कैदियों की यहां मेडिकल जांच की गई और सीमा सुरक्षा बल की ओर से उन्हें मिठाइयां दी गई। बाद में उन्हें गुजरात और गोवा से यहां आए अधिकारियों को सौंप दिया गया।

No comments: