Aug 26, 2008

भोजपुरी स्टार निरहुआ करेगा 'नरसंहार'

मुंबई, २६ अगस्त- भोजपुरी सिनेमा में कुछ नया करने की चाहत रखनेवाले भोजपुरी के सिल्वर जुबली सिल्वर स्टार दिनेशलाल यादव ‘निरहुआ" लगता है मुख्यधारा के फिल्म स्टार कमल हासन और आमिर खान की तरह परफेक्शनिस्ट बनना चाहते हैं।
वे दृश्यों को जीवंत करने के लिए कठिन से कठिन और खतरनाक स्टंट खुद करते हैं। इस बार भोजपुरी फिल्मों की शैली के विपरीत उन्होंने अपने गेटअप में वास्तविकता लाने के लिए सर भी मुंडवा डाला।
अपने चरित्र को भी जीवंत करने के लिए ‘नरसंहार" के रूप में एक नया किरदार निभाने जा रहे है। ‘निरहुआ" को पूरा यकीन है कि ‘नरसंहार" का यह किरदार भोजपुरी सिनेमा के इतिहास में मील का पत्थर बनकर उभरेगा। यह न केवल भोजपुरी के लिए अनूठा है बल्कि दिलचस्प भी है।
फिल्म के एक दृश्य में इस नायक के पूरे परिवार की हत्या कर दी जाती है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद फिल्म की कहानी पूरी इसी घटनाचक्र के आसपास घूमती रहती है। नायक अपने पूरे परिवार के दाह - संस्कार के बाद सामाजिक व धार्मिक मर्यादा के अनुसार बालों का मुंडन करवाता है।
वैसे इसे किसी और तरीके से भी फिल्माया जा सकता था मगर इस दृश्य को जीवंत करने के लिए निरहुआ ने ज़िद करके सचमुच का मुंडन करवाया। अब ऐसा करना तो अभिनय के प्रति पागलपन या जुनून ही माना जा सकता है। शायद इसी कारण निरहुआ आज आम दर्शको की पहली पसंद बने हुए हैं।
‘निरहुआ" का मानना है कि, “सौ फिल्में करने से अच्छा है कि एक ही फिल्म करो जो इतिहास बन जाए। लोगों का मानना है कि यह घटना इस बात का संकेत है कि अब वो दिन दूर नहीं जब भोजपुरी सिनेमा के अन्य निर्माता – निर्देशक भी कुछ नया करने की चाहत में लीक से हटकर फिल्म बनाना शुरू कर देंगे।

उ.प्रः डुमरियागंज जालीनोट कांड में थानाध्यक्ष बर्खास्त

सिद्धार्थनगर, २६ अगस्त- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में डुमरियागंज की भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा में हुए जाली नोट कांड के सिलसिले में वहां के थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है। बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक के. के. त्रिपाठी ने यह जानकारी दी।
इस मामले का खुलासा होने पर पहले श्री सिंह को लाइन हाजिर किया गया था। इसके बाद गत रविवार को उन्हें निलंबित कर दिया गया था और आज सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के।के. त्रिपाठी ने बताया कि थानाध्यक्ष पर इस मामले के प्रमुख आरोपी बैंक के कैशियर सुधाकर त्रिपाठी के घर से बरामद रुपयों में से चार लाख रुपयों के हड़पने का भी आरोप है।
सेवा से निलंबित सुधाकर त्रिपाठी इन दिनों जेल में है। श्री त्रिपाठी ने बताया कि गत २९ जुलाई को छापेमारी के दौरान एस.टी.एफ. द्वारा सुधाकर त्रिपाठी के आवास पर छोड़े गए चार लाख रुपए को शमशेर बहादुर सिंह ने एक अगस्त को भारतीय स्टेट बैंक की इटावा शाखा के अपने खाते में जमा कर लिया और १९ अगस्त को विधानसभा में मामले के उठने के बाद बैंक के खाते में जमा ८.१३ लाख रुपए को निकाल लिया।
श्री त्रिपाठी ने बताया कि विभागीय जांच में मामले के सही पाए जाने के बाद शमशेर बहादुर सिंह को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
गौरतलब है कि बैंक के चेस्ट में रखे एक अरब ८४ करोड़ रुपयों में से करीब तीन करोड़ रुपए जाली पाए गए थे तथा ७० लाख रुपए गायब थे।

गुजरात: लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार

वडोदरा, २६ अगस्त- नर्मदा जिले के मोती भामरी गांव में १७ साल की एक लड़की को पेड़ में बांधकर उसके साथ गैंग रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने आज यह जानकारी दी।
पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार एक ऑटोरिक्शा ड्राइवर सहित पांच युवकों ने २१ अगस्त को लड़की का अपहरण कर लिया और पास के जंगल में उसके साथ रेप किया। पुलिस के अनुसार अपहरण के पहले उनमें से एक ने उसके साथ शादी करने का वादा किया था। लड़की का नगर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास कर रही है।

बिहार में कोसी नदी उफान पर ४० लोगों की मौत

बिहार, २६ अगस्त- बिहार में कोसी नदी ने कहर ढाना शुरू कर दिया है अधिकारियों का कहना है कि राज्य के तीन ज़िलों में आई बाढ़ में कम से कम ४० लोगों की मौत हो गई है जबकि १० लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
नेपाल से सटे अररिया, सुपॉल और मधेपुरा ज़िलों में सबसे ज़्यादा नुकसान पहुँचा है। राज्य में नेपाल से आने वाली कोसी नदी के तटबंध टूट गए थे जिसकी वजह से नदी में उफ़ान आया है। इस इलाक़े में आमतौर पर बाढ़ नहीं आती है। आख़िरी बार १९५२ में यहाँ बाढ़ आई थी। बिहार के मुख्यमंत्री नितिश कुमार ने स्थिति को भयावह बताया है।
अधिकारियों ने कहा है कि हालात ख़राब हैं और बड़े पैमाने पर बचाव और राहत कार्य चलाए गए हैं। बचाव कार्य के लिए २०० कश्तियाँ और २५ मोटर वाली नावें इस्मेताल की जा रही है। प्रभावित इलाक़ों तक खाने के पैकेट पहुँचाने के लिए हेलीकॉप्टरों की मदद ली गई है। अधिकारियों ने बताया कि ५० से ज़्यादा शिविर लगाए गए हैं। बाढ़ से बचने के लिए लोगों ने हाइवे और ऊँची इमारतों में शरण ली है।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक एक बाढ़ प्रभावित व्यक्ति संजीव कुमार ने बताया, "करीब ७००-८०० घरों को नुकसान पहुँचा है। लोग किसी तरह लकड़ियों और घरों की छतों पर टिके हुए हैं। जिन घरों की छतों को नुकसान पहुँचा है उन्हें समझ में नहीं आ रहा कि क्या करें।"
मंगलवार सुबह बिहार के दो जेलों में से १०० क़ैदियों को दूसरे सुरक्षित जेलों में ले जाया गया। रिपोर्टों के मुताबिक बाढ़ के कारण हज़ारों हेक्टेयर भूमि पर खड़ी फसलों को नुकसान पहुँचा है। बिहार सरकार ने राहत एजेंसियों से अपील की है कि वे बाढ़ प्रभावित इलाक़ों तक राहत पहुँचाने में मदद करें। हालांकि बहुत से लोगों का कहना है कि अब तक उन्हें कोई मदद नहीं मिली है।
बाढ़ से प्रभावित जुगत लाल ने रॉयॉर्स को बताया, "किसी तरह का कोई इंतज़ाम नहीं किया गया है। हम नदी के पास ही रहते हैं, जब प्यास लगती है तो इसी का पानी पीते हैं हालांकि इसी नदी के कारण लोगों की मौत भी होती है।" इस बीच पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में जून के बाद से भारी बारिश और बाढ़ के चलते ७०० लोग मारे जा चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक ज़्यादातर मौतें घर ढहने से हुई हैं।

प्रियंका चोपड़ा का पूर्व निजी सचिव गिरफ्तार

मुंबई, २६ अगस्त- बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के पूर्व निजी सचिव को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने मध्य प्रदेश के मऊ में की। पुलिस को यह कामयाबी दो साल बाद मिली है। प्रकाश जाजू पर प्रियंका को धमकी भरे और अश्लील संदेश भेजने का आरोप है।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने बताया कि जाजू को अपराध शाखा की टीम ने इंदौर के मऊ में कोदरिया इलाके के एक मकान से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि जाजू पर प्रियंका चोपड़ा को धमकी देने का आरोप है कि अगर उसे नौकरी पर दोबारा नहीं रखा गया तो इसके नतीजे गंभीर होंगे।
जाजू जून २००२ से जुलाई २००४ तक प्रियंका का सेक्रेटरी रहा था। वित्तीय धोखाधड़ी करने पर प्रियंका ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। इसके बाद वह कथित तौर पर प्रियंका को धमकी भरे, भद्दे और अश्लील एसएमएस भेजने लगा। यही नहीं, जाजू पर आरोप है कि वह प्रियंका से करीबी बढ़ाने की कोशिश में था। उसने प्रियंका को किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत बंद करने की मांग को लेकर भी धमकी भरे एसएमएस भेजने शुरू कर दिए।
जाजू ने कथित तौर पर प्रियंका को धमकी दी थी कि अगर वह उससे शादी नहीं करती हैं, तो वह उन्हें निजी तौर पर करियर में नुकसान पहुंचाएगा। जाजू ने प्रियंका के बैंक खाते से कथित रूप से ओवरड्राफ्ट लिया और प्रियंका की जानकारी के बिना फिल्म प्लान के लिए निर्माता संजय गुप्ता से भी १० लाख रुपये ले लिए।

बच्चों को तत्काल रिहा करें माओवादी: संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र, २६ अगस्त- संयुक्त राष्ट्र ने नेपाल सरकार से कहा है कि वह उन तीन हजार बच्चों को तुरंत रिहा करें जिनकी रिहाई सशस्त्र संघर्ष की समाप्ति के बावजूद भी नहीं हो सकी है और अभी भी माओवादी छावनियों में हैं।
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव की विशेष प्रतिनिधि (बच्चे और सशस्त्र संघर्ष) राधिका कुमारस्वामी ने बयान जारी कर कहा कि माओवादियों के साथ शांति समझौते के बाद उनकी छावनियों में रह रहे बच्चों को तुरंत रिहा कर दिया जाए। कुमारस्वामी ने कहा कि हालांकि अनौपचारिक रूप से कई बच्चों को रिहा कर दिया गया है लेकिन उनकी सुरक्षित औपचारिक रिहाई के बारे में कोई प्रगति नहीं हुई है।
पिछले साल नेपाल संयुक्त राष्ट्र दूतावास और युनिसेफ ने माओवादियों के शिविर में दो हजार ९७३ बच्चों की पहचान की जो माओवादी बल में शामिल हैं।

NSG की नई शर्ते मान्य नहीं: अनिल काकोडकर

चेन्नै / मुंबई, २६ अगस्त- भारत ने सोमवार को न्यूक्लियर सप्लाई ग्रुप की अगले महीने होने वाली बैठक में अंतरराष्ट्रीय व्यापार में छूट से संबंधित समझौता पारित होने की उम्मीद जताई है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम. के. नारायणन ने कहा कि भारत को छूट मिलने की पूरी उम्मीद है।
उधर संशोधित मसौदे में देश पर बंधन लादने वाली कंडीशंस के शामिल होने की आशंकाओं के बीच परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष अनिल काकोडकर ने कहा कि हम असैन्य परमाणु सहयोग चाहते हैं लेकिन किसी भी कीमत पर नहीं।
उन्होंने दावा किया कि भारत कोई शर्त स्वीकार नहीं करेगा। काकोडकर ने स्पष्ट किया कि भारत परमाणु करार पर अपने को दबाव में नहीं आने देगा और छूट समझौता तभी स्वीकार करेगा जब यह १८ जुलाई २००५ के भारत अमेरिका संयुक्त बयान के दायरे में हो।
भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र में एक कार्यक्रम के बाद काकोडकर ने पत्रकारों से कहा कि भारत किसी अतिरिक्त शर्त के बिना स्वीकार्य एनएसजी छूट स्पष्ट छूट की उम्मीद कर रहा है तथा इसका दायरा अमेरिका के साथ १८ जुलाई २००५ को हुई सहमति के दायरे के भीतर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि असैन्य परमाणु सहयोग जरूरी है लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि यह किसी भी कीमत पर हो।