Sep 20, 2008

गंगा प्रदूषण रोकने पर प्रधानमंत्री का आश्वासन

नयी दिल्ली, २० सितम्बर- प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के उपायों पर चर्चा के लिये जल्द ही अपने मंत्रिमंडल की बैठक बुलायेगें। डा. सिंह ने यह आश्वासन आज यहां करोडों देशवासियों की आस्था का प्रतीक मोक्ष दायिनी गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिये योग गुरु स्वामी रामदेव के नेतृत्व ने उनसे मिले एक प्रतिनिधिमण्डल को दिया। प्रतिनिधि मण्डल ने उनसे गंगा को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने तथा राष्ट्रीय नदी की तरह संरक्षित करने की मांग की है। साथ ही गंगा को प्रदूषित करने के संघीय अपराध मानकर दोषियों को कठोर दण्ड देने की मांग की है।
स्वामी रामदेव के मीडिया प्रभारी एस।के. तिजारावाला ने बताया कि प्रधानमंत्री ने प्रतिनिधिमण्डल को बहुत ध्यान से सुना और पूरी आस्था एवं विश्वास के साथ कहा कि गंगा हमारी माता है।वह जल्द ही केबिनेट की बैठक बुलाकर इस विषय पर चर्चा करेगें।
डा. सिंह ने भरोसा दिलाया कि सरकार उसके खोये सम्मान को वापस दिलायेगी और इस काम में पैसे की कमी नही होने दी जायेगी। केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री श्री प्रकाश जायसवाल की उपस्थिति में हुई इस मुलाकात में स्वामी रामदेव के साथ शान्ति निकेतन गायत्री सन्त रमेश भाई ओझा संत समाज के अध्यझ स्वामी हंसदास जी महाराज, राजेन्द्र दास महनत गंगा रझक मंच के मुख्य समन्वयक राजेन्द्र पंकज और श्री तिजारावाला शामिल थे।
बाबा रामदेव और डा. पंडया ने भरोसा जताया कि सरकार के रूख से यह लगता है कि अब गंगा का राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया जाना चंद दिनों की बात है। गंगा की रक्षा के लिए शांतिकुंज और पतंजलि योग पीठ देश के हर जिले में आपदा प्रबन्धन वाहिनी गठित करने में भी संग-संग कार्य करने का निर्णय लिया है। स्वामी रामदेव ने आपदा राहत कार्य में शांतिकुंज की सराहना करते हुए कहा कि सरकार को आपदा प्रबन्धन का कार्य शांतिकुंज, पतंजलि पीठ जैसी संस्थाओं को सौंप देना चाहिये।
देव संस्कृति विश्वविघालय के कुलाधिपति डा. पण्ड्या ने कहा कि देश की समस्त नदियों के साथ इस देश की संस्कृति प्रवाहित होती है और उनकी अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि गंगा की रक्षा के उद्देश्य से संस्कृति की शिखर संस्थाओं का संग आना राष्ट्र के लिए स्वर्णिम भविष्य का संकेत है।

छत्तीसगढ़ में मित्तल समूह ने बोली लगाई

मुंबई- २० सितम्बर- दुनिया के सबसे बड़े स्टील निर्माता आर्सेलर मित्तल की निगाहें अब छत्तीसगढ़ की लोहा खदानों पर हैं। प्रदेश के १० करोड़ टन लौह अयस्क भंडारों के खनन की निविदा प्रक्रिया में समूह ने बोली लगाई है। बोली मंजूर होने पर शर्त के तहत कंपनी ने स्टील प्लांट लगाने की भी रजामंदी दी है।
उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और झारखंड के लोहा और कोयला भंडारों पर है नजर : उड़ीसा और झारखंड में जमीन और खनन की अनुमति मिलने में देरी से वहां समूह अपनी योजनाओं पर अमल नहीं कर पाया। झारखंड, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ में देश का ७० फीसदी कोयला और ५५ फीसदी लौह अयस्क भंडार हैं।
छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के वरिष्ठ प्रबंधक पी एस यादव ने बताया कि अन्य कंपनियों के साथ ही आर्सेलर मित्तल ने निगम के साथ उपक्रम में शामिल होने की पेशकश की है। अगले महीने तक निविदा प्रक्रिया पर फैसला कर लिया जाएगा।
लौह अयस्क भंडारों के मामले में भारत का दुनिया में पांचवां स्थान है। देश में स्टील प्लांट लगाने के लिए मित्तल समूह, पास्को सहित कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में जबर्दस्त होड़ चल रही है। एक खबर के मुताबिक छत्तीसगढ़ में ६० लाख टन का स्टील प्लांट लगाने पर मित्तल ३ अरब डालर का निवेश कर सकते हैं। हालाकि समूह के भारत में मुख्य कार्यकारी विजय कुमार भटनागर ने यह कहते हुए कोई ब्यौरा नहीं दिया कि अभी कुछ तय नहीं हुआ है।
वहीं देश के तीसरे सबसे बड़े स्टील निर्माता जेएसडब्ल्यू स्टील को आज झारखंड में लौह अयस्क के खनन की अनुमति मिल गई। कंपनी राज्य में ८ अरब डालर की लागत से प्लांट लगा रही है। उसने एक साल पहले लौह अयस्कों की खोज के लिए परमिट हासिल किया था। दुनिया के छठे बड़े स्टील निर्माता टाटा स्टील की छत्तीसगढ़ में २.३ अरब डालर में प्लांट लगाने की योजना है।
भारत ने पिछले वित्त वर्ष में ५५० लाख टन स्टील का निर्माण किया जबकि चीन का स्टील उत्पादन ५३ करोड़ ५० लाख टन तक पहुंच गया।

शहीद पुलिस निरीक्षक मोहन चंद शर्मा का निगम बोध पर अंतिम संस्कार

नई दिल्ली, २० सितम्बर- आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए दिल्ली पुलिस के बहादुर पुलिस निरीक्षक मोहन चंद शर्मा का शनिवार को यहां निगम बोध पर अंतिम संस्कार किया गया।
शहीद शर्मा के अंतिम संस्कार में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों समेत कई नेता व केंद्रीय मंत्री भी शामिल हुए। इसके पूर्व शहीद शर्मा के घर से उनकी शवयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों लोगों ने शामिल होकर इस जांबाज को आखिरी सलामी दी।
शर्मा लगभग १९ साल से दिल्ली पुलिस में थे। वह शुक्रवार को आतंकियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में गोलियां लगने से घायल हो गए थे, लेकिन बाद में अस्पताल में उनका निधन हो गया। मुठभेड़ विशेषज्ञ के रूप में जाने जाने वाले और आतंकवाद विरोधी दस्ते विशेष शाखा में तैनात शर्मा बहादुरी के लिए राष्ट्रपति पदक सहित सात बहादुरी पदक मिले थे।

Sep 18, 2008

आसिफ अली जरदारी को सेना से खतरा

लंदन, १९ सितंबर- एक प्रमुख विशेषज्ञ संस्था ने कहा है कि पाकिस्तान के नए राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को अपने देश की सेना से खतरा है। सेना विद्रोही तालिबान के खिलाफ प्रभावी रूप से लड़ने को भी इच्छुक नहीं है।
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ स्ट्रेटेजिक स्टडीज ने कहा कि पाकिस्तान सेना विद्रोही तालिबान के खिलाफ प्रभावी रूप से लड़ने के लिए अनिच्छुक बनी हुई है। जरदारी के लिए मुख्य चुनौती सेना का भरोसा जीता है जो उनके लिए खतरा बन सकती है।
संस्था के प्रमुख जॉन चिपमैन ने सामरिक सर्वेक्षण २००८ रिपोर्ट जारी करते हुए कहा कि जरदारी की शीर्ष प्राथमिकता अफगानिस्तान की सीमा से जुड़े कबाइली इलाकों में आतंकवाद एवं इस्लामिक उग्रवाद से लड़ना है।

दिल्ली धमाकों के दोषी इलाहबाद में: आईबी

इलाहाबाद, १८ सितम्बर- दिल्ली के सिलसिलेवार बम धमाकों के संदिग्धों के इलाहाबाद के मऊ आइमा इलाके में छुपे होने की इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) द्वारा आशंका जताए जाने के बाद वहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी इलाके में गश्त कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक आईबी ने इलाहाबाद पुलिस को आगाह किया है कि दिल्ली धमाकों के संदिग्ध मऊ आइमा में छुपे हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।
इलाहाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) लालजी शुक्ल ने आईएएनएस को बताया कि मऊ आइमा जिले का संवेदनशील क्षेत्र है। वहां की ज्यादातर आबादी बुनकरों की है, उनमें सैकड़ों परिवार पटाखे बनाने का काम करते हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मऊ आइमा में विस्फोटक बनाने के सामान की आसानी से उपलब्धता और स्थानीय लोगों के इस कारोबार से जुड़े होने से आईबी की आशंका को बल मिलता है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को इलाहाबाद के एसपी गंगापार वीके। मिश्र और स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के अधिकारियों की बैठक हुई है।
एसएसपी इलाहाबाद ने बताया कि मऊ आइमा में २ कंपनी पीएसी तैनात की गई है और एसपी गंगापार वहां गश्त कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि पुलिस बल की तैनाती रमजान में शरारती तत्वों द्वारा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की आशंका के मद्देनजर की गई है।

चंद्रयान-2 को कैबिनेट की मंजूरी दी

नयी दिल्ली, १८ सितम्बर- चांद पर मिशन भेजने की भारतीय वैज्ञानिकों की तैयारियों के बीच सरकार ने आज एक अन्य चंद्र मिशन को मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में चंद्रयान-2 को मंजूरी दी गयी जो रूस की मदद से संचालित होगा और इसे २०११-१२ में छोड़े जाने की उम्मीद है।
सूचना प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने बताया कि वैज्ञानिक चंद्रमा की सतह के रासायनिक विश्लेषण और वहां अन्य संसाधनों का पता लगाने के लिए मिशन भेजने की योजना बना रहे हैं। भारत ने चंद्रयान-२ के बारे में शुरूआती तकनीकी बातचीत चालू कर दी है। दूसरा मिशन चंद्रयान-। के मुकाबले संक्षिप्त होगा। चंद्रयान-१ को इसी साल लांच किया जाना है।
चंद्रयान-२ के बारे में समझौता प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पिछले साल नवंबर में मास्को यात्रा के दौरान किया गया था। समझौता भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और रूस की फेडरल अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मास के बीच किया गया। चंद्रमा पर मौजूद खनिज नमूनों से पता चलता है कि उनमें हीलियम-३ है। यह गैस रेफ्रीजरेटर में इस्तेमाल होती है। चंद्रयान-२ के जरिए इसी गैस का पता लगाने की कोशिश की जाएगी ताकि ऊर्जा संकट का समाधान खोजने में मदद मिल सके।
चंद्रयान-२ से देश के चंद्रमा मिशन को काफी मदद मिलेगी जिसके तहत चंद्रमा की सतह का सर्वे होगा ताकि वहां के रासायनिक तत्वों की सही तस्वीर मिल सके। सर्वे के जरिए वैज्ञानिकों को चंद्रमा पर यान उतारने की जगह की पहचान करने में मदद मिलेगी। साथ ही परीक्षणों के लिए सामरिक जगह का पता लगाने में सहायता मिलेगी। इसरो ने हाल ही में बेंगलूर के निकट ब्यालालू में ३२ मीटर व्यास का एंटीना तैयार किया है, जो चंद्रयान-२ को कमांड एवं उसकी स्थिति का पता लगाने में मदद करेगा।
एंटीना और संयुक्त प्रणालियां ’’ गहरे अंतरिक्ष का भारतीय नेटवर्क ’’ बनाने की दिशा में उठाया गया पहला कदम है। अंतरिक्ष यान और पृथ्वी के बीच दोतरफा रेडियो संचार लिंक स्थापित के लिहाज से यह काफी महत्वपूर्ण है। छह भारतीय उपकरणों के अलावा इस मिशन के जरिए अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन और स्वीडेन के पेलोड ले जाए जाएंगे। वैज्ञानिकों का कहना है कि चंद्रयान के प्रक्षेपण से जुड़ी सभी प्रणालियां सही ढंग से काम कर रही हैं।

नेताओं में देश प्रेम नहीं: बाबा रामदेव

कानपुर, १८ सितम्बर- योग गुरू बाबा रामदेव का मानना है कि आज देश में ऐसे नेताओं का अभाव है, जिनमें राष्ट्र के प्रति प्रेम हो। बाबा रामदेव ने बृजेन्द्र पार्क में योग शिक्षा के दौरान कहा कि देश की बागडोर ऐसे नेताओं के हाथों में होनी चाहिए, जिनमे राष्ट्रप्रेम कूट-कूट कर भरा हो और वे किसी भी प्रकार के आतंक से प्रभावित न हों।
उन्होंने कहा कि देश में सर्वोच्च सत्ता पर बैठे अधिकतर नेताओं में राष्ट्र प्रेम का अभाव है। कुछ बचे खुचे ऐसे नेता हैं, जिनमें राष्ट्र प्रेम की भावना भरी है।
उन्होंने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रवाद के बारे में बताया और कहा कि भ्रष्ट और आतंकवादी चरित्र वाले नेताओं का इस पवित्र धरती पर कोई स्थान नहीं है।
देश राष्ट्रवादी नेताओं और लोगों से खाली नहीं है, लेकिन उनकी संख्या बहुत कम है।