Jul 9, 2008

कीमती धातुएँ उछलीं, सोना १७५ रुपए चढ़ा

लंदन के ऊँचे समाचार से स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना आज १७५ रुपए की छलांग लगाकर एक दिन बाद फिर १३ हजार रुपए प्रति १० ग्राम के ऊपर निकल गया। चाँदी में १०० रुपए प्रति किलो की तेजी आई।
लंदन से प्राप्त समाचार में हाजिर कामकाज में सोने की कीमतों में न्यूयॉर्क के कल के भाव ९२५.१५- ९२६.३५ डॉलर प्रति ट्राय औंस की तुलना में ४ डॉलर बढ़कर ९२९.२०-९३०.२० डॉलर प्रति ट्राय औंस बोली गईं।
डॉलर के नरम पड़ने, कच्चे तेल में स्थिरता और शेयर बाजारों में गिरावट से सोने को मजबूती मिली। हालाँकि सोमवार के कामकाज में सोना ९१४.५० डॉलर प्रति ट्राय औंस तक गिरने के बाद संभलने में सफल रहा था।
बाजार विशलेषकों का कहना है कि शेयर बाजारों की कमजोर स्थिति से कमोडिटी बाजार मजबूती पकडे़ हुए हैं। शेयर बाजारों से निकल रही पूंजी का निवेश कमोडिटी बाजार में हो रहा है। ईटीएफ कोषों में निवेशकों की खासी रुचि से सोने के मजबूत बने रहने के आसार नजर आ रहे हैं।
हालाँकि सोने की ऊँची कीमतों को देखते जेवरात बाजार दबाव में बना हुआ है। एचएसबीसी के जेम्स स्टील का कहना है कि देश में सोने के सबसे बडे़ खरीदार भारत की जून में स्वर्ण जेवरात की माँग ६७.४ प्रतिशत गिरकर पिछले साल के ७४ टन की तुलना में २४ टन रह गई।
लंदन में हाजिर कारोबार में चाँदी के भाव १७.७७-१७.८१ डॉलर पर २ सेंट प्रति ट्राय औंस नरम थे।
स्थानीय बाजार में माँग निरंतर कमजोर है। विदेशों की ऊँची कीमत और रुपए की कमजोरी से सोने के भाव मजबूत हैं। सोना कल 1 जुलाई के बाद १३ हजार रुपए से नीचे उतरा था।
आज इसके भाव १७५ रुपए की छलांग के साथ फिर १३ हजार रुपए से ऊँचे १३ हजार १३० रुपए प्रति १० ग्राम पर पहुँच गए। चाँदी टंच ९९९ हाजिर में २४९५० रुपए पर १०० रुपए किलो की तेजी आई ।
भाव रुपए में इस प्रकार रहे- सोना (प्रति १० ग्राम) स्टैंडर्ड १३१३०, बिटुर १३०७०, गिन्नी (प्रति ८ ग्राम) १०२५० चाँदी (प्रति किलो) टंच ९९९ हाजिर २४९५० वायदा २५३३० चाँदी सिक्का प्रति सैंकडा लिवाली २७४०० बिकवाली २७५०० ।

No comments: