Jul 8, 2008

संसद में विश्वासमत हासिल करे सरकार : भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि वामदलों द्वारा कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार से अपने समर्थन वापसी की घोषणा के बाद अब यह सरकार अल्पमत में आ गई है और ऐसी स्थिति में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को संसद में विश्वासमत हासिल करना चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने वामदलों द्वारा संप्रग सरकार से समर्थन वापसी की घोषणा के बाद यहां अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेसनीत संप्रग और वामदलों का गठबंधन अस्वाभाविक और अपवित्र था जिसका एकमात्र उद्देश्य भाजपा का विरोध करना था। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन का यही हश्र होना था लेकिन इसमें विलंब हुआ है। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम के बाद उत्पन्न ताजा राजनीतिक स्थिति पर विचारविमर्श करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक आज शाम पांच बजे पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर होगी। सिंह ने बताया कि कल बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन राजग की बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति पर विचारविमर्श किया जाएगा।
सिंह ने कहा कि वामदलों को परमाणु समझौते पर प्रधानमंत्री के रुख की जानकारी थी पर वे जानबूझकर समर्थन वापसी के निर्णय लेने को टाल रहे थे। उन्होंने संप्रग सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जहां उसकी जनविरोधी नीतियों के कारण आम आदमी की परेशानी बढ़ी है, वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। कांग्रेस और वामदलों की विश्वसनीयता को गहरा धक्का लगा है।
सिंह ने कहा कि वामदलों द्वारा संप्रग सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद भाजपा नीत राजग सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। उन्होंने अकाली दल और शिवसेना द्वारा परमाणु समझौते का समर्थन करने संबंधी खबरों को अटकलें बताते हुए कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है।

No comments: