Jul 30, 2008

समाजवादी पार्टी अमर सिंह को गृहमंत्री बनाना चाहती है

नई दिल्ली, २२ जुलाई- को लोकसभा में हुए विश्वास मत से पहले ही समाजवादी पार्टी ने यूपीए नेतृत्व से माँग की थी कि वित्तमंत्री पी। चिदम्बरम और पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा को हटा दिया जाए और पार्टी की ओर से यह भी कहा गया था कि गृहमंत्री शिवराज पाटिल के स्थान पर सपा महासचिव अमरसिंह को केन्द्र में गृहमंत्री बना दिया जाए।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि खुद अमरसिंह भी इतना अहम पद चाहते हैं। इस मामले में उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार में शामिल होने के लिए सपा की तैयारियाँ जोरों से चल रही हैं और उन नामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिन्हें अगले फेरबदल में सरकार में मंत्री पद दिया जाएगा। विश्वास मत से पहले जब लेन-देन को अंतिम रूप दिया जा रहा था ‍तब सपा की ओर से कहा जा रहा था कि पार्टी सरकार में शामिल नहीं होगी।
पर अब पार्टी के नेता स्पष्ट रूप से कहते हैं कि यह बात केवल लोगों को बहलाने के लिए थी, जबकि हम पहले ही स्‍पष्ट कर चुके थे कि हमें मंत्री पद चाहिए। पार्टी सूत्रों का दावा है कि इस संबंध में कुछ नामों को तय कर लिया गया है, जबकि कुछ नामों पर विचार चल रहा है।
पार्टी के सूत्रों का यह भी कहना है कि पार्टी प्रमुख मुलायमसिंह यादव मंत्री पद नहीं लेंगे वरन वे अपना सारा ध्यान राज्य में पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों तथा जिला प्रमुखों से मिलने में लगाएँगे। पर उनकी ओर से इस मामले में कांग्रेस प्रमुख सोनिया गाँधी से बातचीत की जाएगी।
कांग्रेस के लिए इससे भी बड़ी समस्या लोकसभा चुनाव से पहले सीटों का बँटवारा होगा क्योंकि कांग्रेस जहाँ यूपी में ८० में से चालीस सीटों तक की माँग कर सकती है वहीं सपा की नीति होगी कि वह कम से कम सीटें कांग्रेस को चुनाव लड़ने के लिए दे। संभावना है कि सपा, कांग्रेस को संसदीय चुनावों के लिए मात्र २२ से २५ सीटें ही छोड़ सकती है।

असम में सपा विधायक के द्वारा बलि देने के खिलाफ प्रदर्शन

गुवाहाटी ३० जुलाई- असम के कामाख्या मंदिर में मध्यप्रदेश से समाजवादी पार्टी के विधायक द्वारा २०० से अधिक बकरियों और तीन भैंस की बलि देने के खिलाफ पशु अधिकार के लिए संघर्षरत संस्था के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया।
पीपुल्स फार एनीमल पीएफए के कार्यकर्ताओं ने कामरूप मेट्रो उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना दिया और मांग की कि बलि देने वालों को पशु अत्याचार निरोधक अधिनियम १९६० के तहत गिरफ्तार किया जाये।
संस्था की राज्य इकाई की अध्यक्ष संगीता गोस्वामी ने बताया कि मालीगांव पुलिस स्टेशन में पीसीए अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सपा विधायक किशोर समरीति ने कहा कि उन्होंने विश्व शांर्तिं और संप्रग सरकार की स्थिरता के लिए शक्ति पीठ मंदिर में पूजा अर्चना की है।
उन्होंने कहा कि पूजन ३० जुलाई तक लगातार चलेगी और दावा किया कि मंदिर में बलि देना सामान्य बात है।
कामाख्या ट्रस्ट के महासचिव नवकांत शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं के मामले में आमतौर पर मदिर प्रशासन हस्तक्षेप नहीं करता है।
उन्होंने कहा इस तरह के सारे इंतजाम श्रद्धालु और पुजारी करते हैं। मंदिर प्रशासन इस मामले में कुछ नहीं कहता है ।

रियलिटी शो के विशेष मेहमान धोनी-युवराज

मुंबई, ३० जुलाई । भारत के एकदिवसीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उप-कप्तान युवराज सिंह नाइन एक्स चैनल पर चल रहे बच्चों के संगीत के रियलिटी शो `चक दे बच्चे` के ग्रैंड फिनाले के विशेष मेहमान होंगे।
चैनल की विज्ञप्ति के अनुसार धोनी देशी धुरंधरों जबकि युवराज मेट्रो राकर्स का समर्थन करेंगे। भोजपुरी अभिनेता और गायक तथा रोशनी चोपडा के साथ इस शो के प्रस्तोता मनोज तिवारी के निजी आग्रह के बाद ही यह दोनों क्रिकेटर इस शो में शामिल होने के लिए तैयार हुए। धोनी और युवराज फाइनल में पहुंचे देशी धुरंधर के दीपक और निशिता तथा मेट्रो राकर्स के वरूण और लोरिया के साथ परफार्म भी करेंगे। ग्रैंड फिनाले का अगस्त को सीधा प्रसारण किया जाएगा।

Jul 29, 2008

कांग्रेस नें आतंकवाद के लिए आडवाणी को जिम्मेदार बताया

नयी दिल्ली, २९ जुलाई- कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर पलटवार करते हुये आज कहा कि देश में आतंकवादी घटनायें बढ़ने के लिये लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्‍ण आडवाणी की रथयात्रा बहुत हद तक जिम्‍मेदार है।
कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने आज यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि १९९० से पहले जम्‍मू-कश्मीर, पंजाब तथा पूर्वोत्‍तर क्षेत्र के अलावा देश में कहीं भी आतंकवाद नहीं था, लेकिन श्री आडवाणी की रथ यात्रा के बाद से सांप्रदायिक आधार पर देश के बंटने तथा सांप्रदायिक तनाव बढ़ने के बाद से आतंकवाद धीरे-धीरे पूरे देश में फैल गया। उन्होंने कहा देश में आतंकवाद बढ़ने के लिये श्री आडवाणी की रथयात्रा बहुत हद तक जिम्‍मेदार है। बेंगलूर और अहमदाबाद में हुये बम विस्फोट के लिये कांग्रेस को जिミमेदार ठहराने के भाजपा के आरोप का करारा जवाब देते हुये कहा कि इनके समय पर नजर डाली जाये, तो स्थिति और कुछ ही कहती है। उन्होंने कहा कि पिछले १०. १५ वर्ष में भाजपा के पास जब भी राजनीतिक मुद्दे समाप्त हो गये तब तब ऐसी घटनायें हुयी हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले हुबली में विस्फोट हुआ तथा अंतिम चरण के मतदान से पहले जयपुर में विस्फोट हुये। विश्र्वास मत में सरकार की जीत के बाद बेंगलूर और अहमदाबाद में विस्फोट हुये। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा और विश्र्व हिंदु परिषद हिंदू और मुसलमानों में कटुता पैदा करने की राजनीति करती आ रही है।
कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी ने नोट कांड से लोगों का ध्यान हटाने के लिये विस्फोट कराने के भाजपा के आरोप पर तीखी प्रतिक्रिञ्या व्यक्त करते हुये कहा कि मुख्‍य विपक्षी दल अपना मानसिक संतुलन खो बैठा है, तभी इस तरह के गैर जिम्‍मेदाराना और घिनौने आरोप लगा रहा है। उन्होंने भाजपा के इस आरोप की निंदा करते हुये कहा कि भाजपा इस तरह की बयानबाजी कर कहीं चोर की दाढ़ी में तिनके की कहावत को तो चरितार्थ नहीं कर रही।
श्री मनीष तिवारी ने कहा कि इन विस्फोटों में कई निर्दोष व्यक्तियों की जानें गयी हैं तथा बहुत से लोग घायल हुये हैं दुख की इस घड़ी में भी भाजपा राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है, जो अत्यंत दुख की बात है। श्री आडवाणी ने फिर से पोटा बहाल करने की मांग की है। शायद उन्हें पता नहीं है कि सरकार ने इसे रद्द करते समय आतंकवाद से निपटने के लिये इसके सभी जररी प्रावधान गैर कानूनी गतिविधि निरोधक कानून में शामिल कर लिया था। आतंकवादियों को मिलने वाले अवैध धन पर रोक लगाने के लिये मनी लांडरिंग एक्‍ट में कड़े प्रावधान किये गये हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आतंकवाद घटनाओं से समन्वित और संगठित ढंग से निपटने के लिये एक अलग केंद्रीय एजेंसी बनाने की मांग दोहरायी। उन्होंने कहा कि सरकार ने मुख्‍यमंत्रियों के सミमेलन में इस तरह का प्रस्ताव कर चुकी है, लेकिन उस पर आम सहमति नहीं बन सकी। उन्होंने सभी दलों से इस पर पुनर्विचार करने की अपील करते हुये कहा कि इस तरह की एजेंसी की स्थापना जरुरी है। उन्होंने इन आरोपों को गलत बताया कि सरकार आतंकवाद के विरुद्ध लडाई में ढिलाई बरत रही है।

शांति भंग के आरोप में कुत्ते को अदालत में पेश किया गया

पूर्णिया, २९ जुलाई- बिहार में शांति भंग करने के आरोप में एक कुत्ते को कोर्ट में पेश किया गया। कुत्ते की मालकिन का कहना है कि यह कुत्ता ही उनका एकमात्र रक्षक है। गुरुवार को छोटू नामक इस कुत्ते को शांति भंग करने के आरोप में कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने माँग की है कि लोगों को काटने के जुर्म में इस कुत्ते को कड़ी सज़ा दी जाए। जबकि कुत्ते की मालकिन का कहना है कि कुत्ते ने सिर्फ़ चोरी करने वालों पर ही हमला किया था।
वर्ष २००३ में एक मैजिस्ट्रेट ने 'छोटू' को मौत की सज़ा सुनाई थी। पड़ोसियों का आरोप था कि छोटू पागल हो गया है और उसने कई लोगों को काटा है। लेकिन जानवरों के अधिकारों के लिए काम कर रहे लोगों ने मैजिस्ट्रेट के इस निर्णय को बदलने में तब सफलता प्राप्त कर ली थी।
गुरुवार को पूर्णिया की अदालत में छोटू को पेश किया गया। ज़िलाधिकारी राजीव रंजन ने कहा, "चूँकि पुलिस का कहना था कि छोटू शांति के लिए ख़तरा है और इससे क़ानून और व्यवस्था बिगड़ सकती है, कोर्ट ने कुत्ते के नाम सम्मन जारी किया।"
लेकिन कोर्ट में गुरुवार को छोटू ने काफ़ी 'शालीनता' का परिचय दिया। कोर्ट में कुत्ते की तरफ़ से पक्ष रखते हुए वकील दिलीप कुमार दीपक ने कहा, "कोर्ट में बहुत लोग मौजूद थे फिर भी किसी पर भी कुत्ते ने भौंका तक नहीं।"
यह मामला अभी कोर्ट में जारी है। छोटू को अपने मालिक विधवा राजकुमारी देवी के साथ कोर्ट में पाँच अगस्त को हाज़िर होने को कहा गया है। राजकुमारी देवी कहती हैं, "छोटू ही एक मात्र मेरा रक्षक है। मैंने इसे अपने बच्चे की तरह पाला है।" वह कहती हैं कि जिन लोगों ने उनके घर में ज़बरदस्ती घुसने की कोशिश की उसी को छोटू ने काटा।
राजकुमारी देवी के वकील का कहना है कि पड़ोसियों की नज़र राजकुमारी देवी की जायदाद पर लगी हुई है. वे कहते हैं, "वे लोग ज़मीन से संबंधित कागज़ात चोरी करना चाहते हैं। इसी वजह से रात के समय उन लोगों ने घर में घुसने की कोशिश की। जब छोटू ने उन्हें काटा तो वे भाग खड़े हुए." छोटू राजकुमारी देवी के साथ उनके एक कमरे के फूस के घर में रहता है।

कलावती की मदद के लिए आगे आई महाराष्ट्र सरकार

मुंबई 2९ जुलाई- महाराष्ट्र सरकार कलावती बांदुरकर की मदद के लिए आगे आई है जिसका जिक्र कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने २२ जुलाई को लोकसभा में विश्वास मत पर चर्चा के दौरान किया था। कलावती ने आत्महत्या की धमकी दी थी।
कलावती द्वारा आत्महत्या की धमकी दिये जाने से संबंधित एक प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने विधानभवन में संवाददाताओं को बताया हमने यवतमाल जिलाधीश से कलावती की पूरी स्थिति के बारे में रिपोर्ट मांगी है।
यवतमाल में पांधरकावड़ा तहसील कार्यालय के सामने गत २५ जुलाई को एक बैठक को संबोधित करते हुए कलावती ने कहा था कि यदि प्रशासन उसे वित्तिय राहत प्रदान नहीं करता है तो वह भी अपने पति के नक्शे कदम पर चल कर आत्महत्या कर लेगी।
कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी ने विदर्भ दौरे के समय १८ जुलाई को कलावती से मुलाकात की थी। विश्वास मत पर अपने भाषण में उन्होंने कलावती का जिक्र किया था।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने तीन को हिरासत में लिया

मुंबई, २९ जुलाई- अहमदाबाद में हुए ब्लास्ट की जांच में गुजरात पुलिस का सहयोग कर रहीं मुंबई क्राइम ब्रांच ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों ही युवकों का संबंध कश्मीर से बताया जा रहा है जंहा के वे रहने वाले है। इन युवकों को पुलिस ने दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार में छापे के दौरान गिरफ्तार किया है और लगातार पूछताछ की जा रहीं तथा इस बात को जानने का प्रयास किया जा रहा है कि ये मुंबई क्यों आए थे। हालाकिं अभी तक इन युवकों का यहीं कहना है कि वो मुंबई में काम के सिलसिले में आए थे लेकिन वे यह नहीं बता पा रहें है कि किस काम के सिलसिले में आए थे।
पुलिस के द्वारा की गई पूछताछ में संतोषजनक जबाब नहीं मिलने पर और इन तिनों युवकों के पास एक लेपटॉप पाए जाने के बाद इनकों हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस केवल शक के आधार पर उनसें पूछताछ कर रहीं है अभी तक ऐसी कोई बड़ी जानकारी पुलिस के हाथ नहीं लगी है जिसके आधार पर अहमदाबाद या बैंगलुरु धमाकों के तार इन युवकों से जुड़ते हो। ऐसा कहा जा रहा है कि आज दिन भर इन युवकों से पूछताछ होगी जब तक कि पुलिस को इनके बारें में सहीं सही जानकारी नहीं मिल जाती की उनकें मुंबई आने का मकसद क्या था और इनकीं प्रष्ठ भूमि क्या है।