श्रीनगर, २० अगस्त- राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम के नारायणन ने आज जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एन एन वोहरा और शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात कर राज्य के मौजूदा हालात पर विचार विमर्श किया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नारायणन के साथ गुप्तचर ब्यूरो के निदेशक पी सी हालदर और केंद्रीय गृहमंत्रालय के अन्य अधिकारी थे। नारायणन के साथ ब्ठाैक में वोहरा और उनके तीन सलाहकारों के साथ अन्य शीर्ष अधिकारी भी मौजूद थे।
सूत्रों ने कहा कि बैठक के दौरान पृथकतावादियों के शुक्रवार को ईदगाह तक प्रस्तावित मार्च पर भी विचार विमर्श हुआ।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के मौजूदा दौरे से दो दिन पहले ही सैकड़ों लोग संयुक्त राष्ट्र के स्थानीय कार्यालय के नजदीक इकट्ठा हुए थे।
Aug 21, 2008
मुंबई १९९३ बम ब्लास्ट का आरोपी करीमुल्लाह गिरफ्तार
मुम्बई, २१ अगस्त- १९९३ में मुम्बई में हुए बम विस्फोटों में एक अहम आरोपी करीमुल्लाह (करीमुल्ला खान ओसान खान) को आज मुम्बई पुलिस की अपराध शाखा द्वारा नालासोपारा इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है।
लगभग ४६-४७ वर्षीय करीमुल्लाह खान को मुम्बई बम धमाके के मामले में पुलिस को लम्बे अरसे से तलाश थी और उसपर ५ लाख रुपए का ईनाम भी था। मुम्बई पुलिस की अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस निदेशक राकेश मारिया ने आज एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान ये तमाम जानकारी दी है।
१२ मार्च १९९३ को मुम्बई में १३ सिलसिलेवार भीषण बम धमाके हुए थे जिनमें २७५ लोग मारे गए थे और ७१३ लोग घायल हुए थे। उन धमाकों में पहली बार “आर डी एक्स” जैसे भयावह विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था।
मुम्बई के उन धमाकों का मुख्य आरोपी माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम और उसके साथी थे। धमाकों के मामले में जो मुकदमा चला, उसमें कुल १९३ आरोपी थे जिनमें से २९ को अदालत ने बरी कर दिया, कुल १०० लोगों को सजा सुनाई गई थी।
करीमुल्लाह खान को एजाज पठान का दायां हाथ माना जाता है। करीमुल्लाह खान पर आरोप है कि उसने १९९३ बम विस्फोट के पहले शेखाड़ी मसला में उतारे गए आर।डी.एक्स और हथियारों को पहले मुंब्रा लाया और फिर उसे मुंब्रा से मुम्बई तक पहुंचाया।
जून १९९३ में फरार करीमुल्लाह खान के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी किया गया था। माना जा रहा था कि करीमुल्लाह खान पहले दुबई गया और फिर वहां से कराची गया जहां वो कुछ समय तक इलियाज पठान के साथ रहा। बाद में वो दाऊद इब्राहिम और अनीस के गैंग में शामिल होकर कराची में ही रहा।
इसके बाद, फरवरी २००६ में वो कराची से काठमांडू (नेपाल) गया और फिर वहां से राजमार्ग के जरिए वापस भारत पहुंचा। इसके बाद वो पहले एक साल तक मीरा रोड में रहा, और फिर पिछले दो सालों से वो नालासोपारा में रह रहा था।
करीमुल्लाह खान पर १९९३ बम धमाके के पहले कुछ लोगों को प्रशिक्षण देने के लिए पाकिस्तान भेजने का भी आरोप है।
अहमदाबाद क्राईम ब्रांच का खुलासा सूरत में भी बशीर ने रखे बम !
अहमदाबाद, २१ अगस्त- गुजरात के अहमदाबाद में गत २६ जुलाई को सिलसिलेवार धमाकों को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी अबू बशीर ने ही सूरत में भी बम प्लान्ट किए थे। अहमदाबाद धमाकों की जांच कर रही क्राइम ब्रांच का मानना है कि ब्लास्ट के आरोप में संदेह के आधार पर अब तक जो सिमी कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए हैं उनका हाथ सूरत में धमाकों की साजिश के पीछे भी हो सकता है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त आशीष भाटिया ने बताया कि मुफ्ती अबू बशीर और अन्य नौ सिमी कार्यकर्ताओं पर सूरत में बम प्लान्ट करने का भी संदेह जताया जा रहा है। हालांकि, फिलहाल कुछ भी स्पष्ट तौर पर कहना मुश्किल है। इन सभी से पूछताछ जारी है।
उल्लेखनीय है कि २६ जुलाईको अहमदाबाद में १६ धमाके हुए थे। जिसमें ५५ से भी अधिक लोग मारे गए जबकि लगभग १५० लोग घायल हुए। अहमदाबाद धमाकों के बाद से ही सूरत में जिंदा बमों के मिलने का सिलसिला जारी हो गया। जहां धमाकों के अगले ही दिन सूरत में विस्फोटकों से लदी दो कारें बरामद हुई। वहीं, केवल तीन दिन में शहर के विभिन्न इलाकों में २५ से भी अधिक जिंदा बम बरामद हुए थे। हालांकि, चिप में खराबी और आम लोगों की सर्तकता के कारण कोईभी बम फट नहीं सका था।
प्रीति जिंटा मिडिया से नाराज
प्रीति के मुताबिक इन बातों में बिलकुल भी सच्चाई नहीं है। नेस और उनकी मम्मी मौरीन वाडिया से मेरे अच्छे संबंध हैं और खराब होने का तो सवाल ही नहीं उठता। वे आईपीएल स्पर्धा में व्यस्त थीं, इस वजह से इन अफवाहों की ओर ध्यान नहीं दे पाईं, जिससे इन्हें बल मिला।
प्रीति इन दिनों काफी कम फिल्में कर रही हैं। बजाय ग्लैमरस रोल निभाने के वे दीपा मेहता, जहानू बरुआ और रितुपर्णो घोष जैसे निर्देशकों के साथ काम कर रही हैं, जो कला फिल्म बनाने के लिए प्रसिद्ध हैं। शायद प्रीति ने यह मान लिया है कि ग्लैमरस रोल निभाने की अब उनकी उम्र नहीं रही है।
मंगल ग्रह का धरती के करीब आने की ख़बर अफवाह थी
अबु धाबी, २१ अगस्त- संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खगोलविदों ने इन खबरों को गलत बताया है कि इस महीने की २९ तारीख को मंगल ग्रह धरती के करीब आ जाएगा और आसमान में दूसरे चंद्रमा की तरह दिखाई देगा।
अमीरात की सरकारी समाचार एजेंसी “वैम” ने खबर दी है कि “अमीरात एस्ट्रोनॉमिकल सोसायटी” और “इस्लामिक मून ऑब्जर्वेटरी प्रोजेक्ट” ने कुछ प्रमुख अरब समाचार पत्रों में प्रकाशित इन खबरों को "गलत खगोलशास्त्र" करार दिया है।
कई ई-मेल भेजे जा रहे हैं कि मंगल ग्रह २७ अगस्त को बेहद चमकीला दिखाई देगा और पूर्ण चंद्रमा जैसा आभास देगा तथा आसमान पर दो चंद्रमाओं को देखने का यह दुर्लभ अवसर होगा।
इस्लामिक मून ऑब्जर्वेटरी प्रॉजेक्ट के अध्यक्ष और अमीरात एस्ट्रोनोमिकल सोसायटी के वरिष्ठ अधिकारी मोहम्मद शौकत ओधा ने बताया कि इस अफवाह का आधार यह तथ्य है कि धरती और सूर्य के बीच चक्कर लगाते हुए मंगल ग्रह हर ७८० दिन बाद ज्यादा चमकदार बन जाता है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष यह ग्रह बिना उपकरणों की मदद से यानी नंगी आंखों से देखने पर सामान्य आकार से बड़ा नहीं देखेगा।
उन्होंने कहा कि “इंशाल्लाह ऐसा २२८७ ईसापूर्व में हो सकता है, जब मंगल आसमान में पूर्ण चंद्रमा की तरह दिखाई देगा, जिससे धरतीवासियों को ऐसा लगेगा, मानो दो आसमान में दो-दो चांद हैं, एक पूर्व में तो दूसरा पश्चिम में।”
विमान दुर्घटना में १५३ लोग मारे गए
मेड्रिड, २१ अगस्त- स्पेन की राजधानी मेड्रिड के हवाई अड्डे पर बुधवार को स्पेन एयर के एक यात्री विमान के उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से १५३ यात्री मारे गए।
स्पेन के विकास मामलों के मंत्री मैगडेलना अल्वारेज के अनुसार विमान में करीब 166 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इस दुर्घटना में १९ लोग बच गए हैं।
आपात सेवा विभाग के प्रमुख एरविगियो कोरेल ने कहा कि कैनेरी द्वीप स्थित लॉस पालमास जा रहे विमान ने स्थानीय समयानुसार अपराह्न पौने तीन बजे उड़ान भरी। उड़ान भरते ही विमान में आग लग गई और एक भीषण विस्फोट के बाद उसके परखच्चे उड़ गए।
इस दुर्घटना में मारे गए लोगों में कई बच्चे और महिलाएँ भी शामिल हैं। दुर्घटना में बचे लोगों को तत्काल दुर्घटनास्थल से हटाया गया, ताकि उन्हें वहाँ उठ रही आग की लपटों से बचाया जा सके।
कोरेल ने बताया कि उड़ान भरने में कुछ खामी के कारण यह दुर्घटना हुई। हालाँकि स्पेन मीडिया के अनुसार आग विमान के बाएँ इंजन में गड़बड़ी के कारण लगी।
बारिस के उफान के कारण तीन की डूबकर मौत
वाराणसी, २१ अगस्त- बारिश से बुधवार को तालाब भी पूरे उफान पर थे। जिले के सारनाथ, लोहता व मिर्जामुराद क्षेत्रों में तालाब में डूबने से तीन जिंदगियां असमय ही काल के गाल में समा गई। हादसों की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक चुरामनपुर गांव निवासी डल्लू प्रसाद गौड़ का पुत्र राजेश कुमार (२० वर्ष) नौकरी की तलाश मे बंगलूर गया था। नौकरी न मिलने पर दस दिन पूर्व ही वह वापस लौटा था। बुधवार को मां के मना करने के बावजूद वह दोस्तों के साथ गांव के बाहर स्थित एक तालाब पर नहाने गया था। नहाते वक्त पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला।
जानकारी होने पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। राजेश चार भाईयों में तीसरे नंबर का था। उधर, लेढ़ूपुर गांव (सारनाथ) निवासी पिंटू (२० वर्ष) की पंचक्रोशी चौराहे पर चूड़ी की दुकान है। बुधवार को वह गांव के ही सोनू व अकबर के साथ तालाब पर मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं मिर्जामुराद स्थित बीरबलपुर गांव निवासी कमलेश दूबे का पुत्र राज (९ वर्ष) शाम को दोस्तों के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब पर खेलने गया था। नहाने की इच्छा होने पर उसने मिट्टी के ढूहे से तालाब में छलांग लगाई। उसी दौरान तालाब में गिरे शीशम के पेड़ की जड़ में वह फंस गया। यह देख उसके दोस्त भाग खड़े हुए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन जब तक उसे तालाब से बाहर निकालते उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
Subscribe to:
Posts (Atom)