नई दिल्ली, २० अगस्त- गुडगांव के एक स्कूल के छात्र के बस्ते में पिस्तौल मिलने से सनसनी फैल गई। स्कूल प्रशासन ने यह पिस्तौल जब्त कर छात्र के विरूद्ध कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। गुडगांव के सेन्ट्रल स्कूल में मंगलवार के दिन छात्रों के बस्तों का अचानक निरीक्षण किया गया। इसी दौरान नवीं कक्षा के एक छात्र के बैग की जांच के दौरान पिस्तौल बरामद हुई। पिस्तौल की बरामदगी से स्कूल के शिक्षक भी सन्न रह गए।
फिलहाल स्कूल प्रशासन ने पिस्तौल अपने कब्जे में ले ली है। आज स्कूल की अनुशासन कमेटी की बैठक होगी जिसमें छात्र के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाए, इस बारे में फैसला लिया जाएगा। छात्र के परिवार वालों से भी पूछताछ की गई है। गुड़गांव पुलिस के आला अफसरों को इसकी सूचना दे दी गई है। छात्र के पास यह पिस्तौल कहां से आई? इस बारे में भी अब तक कोई खुलासा नहीं हो सका है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही गुड़गांव के यूरो इंटरनेशनल स्कूल एक छात्र ने अपने से वरिष्ठ छात्र की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस हादसे के बाद गुड़गांव प्रशासन ने प्रवेश फार्म में घर के लाइसेंसी हथियारों की जानकारी अनिवार्य कर दी थी।
भदोही, २० अगस्त- अहमदाबाद बम धमाके के बाद एटीएस द्वारा आजमगढ़ में गिरफ्तार किये गये अबुल बशर के कुछ दिन भदोही के एक स्थान पर रहने की चर्चा नगर में जोरों पर है। इस चर्चा को लेकर खुफिया तंत्र इसकी सचाई जानने में जी-जान से जुट गया है।
एटीएस द्वारा अहमदाबाद बमकाण्ड के सूत्रधार के रूप में गिरफ्तार किये गये उक्त आरोपी की फोटो जब समाचार पत्रों में छपी तो उसे देखने के बाद अबुल बशर जहां नगर के लोगों में चर्चा का केंद्र बना रहा वहीं लोगों के चेहरे पर खौफ भी छा गया। स्थानीय पत्रकारों के काफी कुरेदने व समझाने पर लोगों ने नाम व पता न छापने की शर्त पर बताया कि करीब तीन माह पूर्व एक ऐसी ही शक्ल का व्यक्ति नगर स्थित एक धार्मिक स्थल पर करीब एक दर्जन लोगों के साथ आया था। लोगों का कहना है कि वह व्यक्ति रोजाना एक दुकान पर चाय पीने आता था। साथ ही एक केराना की दुकान से कभी-कभी सामान भी खरीदता था। उनका कहना है कि वह लगभग दस दिन तक यहां रुका था।