Aug 11, 2008

जॉर्जिया मामले पर अमेरिका रूस पर भड़का

संयुक्त राष्ट्र, ११ अगस्त- शीत युद्ध की समाप्ति के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अमेरिकी और रूसी राजदूतों के बीच शायद अब तक का सबसे भीषण वाकयुद्ध हुआ है। इसमें अमेरिका ने तत्काल युद्धविराम के आह्वान के साथ रूस पर जॉर्जिया के खिलाफ आतंक फैलाने का आरोप लगाया है और कहा है कि मास्को जॉर्जियाई शासन को बदलने के प्रयासों में लगा है।
अमेरिकी राजदूत जलमे खलीलजाद ने आरोप लगाया कि रूस जॉर्जिया के लोगों के खिलाफ आतंक फैला रहा है।
इस आरोप पर रूसी राजदूत विताली चर्किन ने तत्काल प्रतिक्रिया दी और कहा यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। यह बात खासकर ऐसे देश के प्रतिनिधि के मुंह से निकली है जिसके इराक, अफगानिस्तान और सर्बिया कारनामों को हम अच्छी तरह जानते हैं।
तीन दिन में हुई चौथी बैठक के बावजूद परिषद इस मुद्दे पर अध्यक्षीय बयान को लेकर सर्वसम्मति बनाने में विफल रही।
बयान के लिए सर्वसम्मति की जरूरत है क्योंकि रूसी कार्रवाई की आलोचना से संबंधित प्रस्ताव को रूस वीटो कर सकता है लेकिन राजनयिकों का कहना है कि यदि ज्यादातर वोट प्रस्ताव के पक्ष में पड़े तो इससे मास्को पर नैतिक दबाव बनाया जा सकता है।

No comments: