Aug 2, 2008

उमा भारती, ऋतंभरा जम्मू में गिरफ्तार

जम्मू, २ अगस्त- हिंसा भड़कने की आशंका के मद्देनजर साध्वी ऋतंभरा और भारतीय जनशक्ति पार्टी की नेता उमा भारती को शनिवार को जम्मू में गिरफ्तार कर लिया गया। श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड को आवंटित भूमि वापस लिए जाने के विरोध में शुक्रवार को क्षेत्र में भड़की ताजा हिंसा में दो लोग मारे गए थे। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और साध्वी ऋतंभरा को जम्मू हवाईअड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें ऐतिहात के तौर पर हिरासत में लिया गया है। यद्यपि सूत्रों ने कहा कि दोनों को उधमपुर की ओर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने कहा कि शहर में इन दोनों की उपस्थिति से समस्या बढ़ सकती थी। साध्वी और उमा भारती आज जम्मू में एक जनसभा को संबोधित करने वाली थीं। इससे पहले धारा 144 के तहत इनके शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। एक अधिकारी ने कहा कि शहर की तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया। शहर में कर्फ्यू लगा हुआ है।

No comments: