Aug 13, 2008

पुलिस संचार सिस्टम को हाईटेक किया जाएगा

आगरा, १३ अगस्त- प्राकृतिक आपदा अथवा दंगे की स्थिति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस के पब्लिक एड्रेस सिस्टम को हाईटेक करने की तैयारी है। नये सिस्टम को शहर में चिन्हित ३५ स्थानों पर लगाने की तैयारी है। बताया जाता है कि चौदह साल पहले यह सिस्टम २७ स्थानों पर लगाया गया था।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम १९९४ में लगाया गया था। उस समय इसकी काम करने की निर्धारित समय सीमा १० साल बताई गई थी। परंतु कुछ साल बाद ही खराब होने के कारण यह शोपीस बन कर रह गया था। निर्धारित समय २००४ में पूरा होने के बावजूद इसे २००६ तक लगा रहा। जिसकी ओर विभाग के अधिकारियों का ध्यान ही नहीं गया। सिस्टम को बदल कर हाईटेक करने की सुध कुछ महीने पहले आई। जिसके बाद शहर के संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करके उनकी सूची बनाई गई। नई सूची में संजय प्लेस, मदिया कटरा, कलक्ट्रेट, भोगीपुरा, रुई की मंडी, राम नगर पुलिया, आलमगंज सहित आठ संवेदनशील स्थान चिन्हित किये गये हैं। बताते हैं स्थानीय अधिकारियों ने शासन को नये पीए सिस्टम लगाने के लिये प्रस्ताव भेजा है।
गौरतलब है आगरा संवेदनशील तथा मिश्रित आबादी वाला शहर है। पूर्व में कई बार दो समुदायों के बीच संघर्ष होने पर स्थिति नियंत्रित करने को क‌र्फ्यू तक लगाना पड़ा। ताज सहित अन्य ऐतिहासिक इमारतें होने के कारण प्रमुख पर्यटन स्थल भी है।

No comments: