Jul 4, 2008

राष्ट्रपति बुश से ९ जुलाई को मिलेंगे मनमोहन

नई दिल्ली- ४ जुलाई, प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ९ जुलाई को जापान के होक्काइदो में आयोजित समूह आठ सम्मेलन से इतर अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश से मुलाकात करेंगे। इसमें घरेलू राजनीतिक समस्याओं की समाधान प्रक्रिया के बाद परमाणु करार पर हुई प्रगति पर चर्चा की उम्मीद है।
हालाँकि विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने इस बात का विवरण नहीं दिया कि मुलाकात में क्या चर्चा होगी, लेकिन कहा कि सरकार करार पर जल्द से जल्द आगे बढ़ना चाहेगी। इस बारे में समय निर्धारित करना संभव नहीं है।
मेनन ने कहा हम करार पर उतना जल्द से जल्द आगे बढ़ना चाहेंगे, जितना कि हम बढ़ सकते हैं।
विदेश सचिव ने कहा अमेरिका जुलाई २००५ के असैन्य परमाणु सहयोग समझौते के तहत भारत को परमाणु व्यापार में परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) से छूट दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मेनन ने कहा होक्काइदो सम्मेलन में शामिल होने जा रहे विश्व नेताओं में से बहुत से एनएसजी के सदस्य भी हैं। अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य गैरी एकरमैन की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर मेनन ने कहा कि वे समयसीमा के पक्षधर हैं।
एकरमैन ने कहा था कि करार के लिए समय गुजरता जा रहा है। भारत-ईरान पाकिस्तान गैस पाइपलाइन परियोजना के बारे में मेनन ने कहा ईरान और पाकिस्तान के साथ भारत चर्चा लगातार जारी रखेगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि परियोजना वाणिज्यिक और आर्थिक रूप से उपयोगी है तथा इसकी सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा जारी रहेगी।
प्रधानमंत्री यहाँ से सोमवार को रवाना होंगे। सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री द्वारा जी आठ के नेताओं तथा चीन ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के नेताओं के साथ कई मामलों पर द्विपक्षीय वार्ता की उम्मीद है।
जापान में जी-आठ और जी-पाँच की बैठक में हीलेजेंडम वार्ता प्रक्रिया की समीक्षा होगी, जहाँ जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

No comments: