Jul 16, 2008

भारत आठ नए परमाणु संयंत्र बनाएगा

बेंगलूर, १६ जुलाई- भारत अपनी परमाणु बिजली उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर १०००० मेगावाट करने के लिए ७०० मेगावाट क्षमता के आठ परमाणु संयंत्र बनाने की योजना बना रहा है। इसके अलावा नए यूरेनियम भंडार खोजने पर भी जोर दिया जा रहा है।
भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के निदेशक श्रीकुमार बनर्जी ने बुधवार को यहां एक साक्षात्कार में बताया कि मौजूदा समय में देश में ४००० मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता है, लेकिन इसके परमाणु संयंत्रों को यूरेनियम की कमी का सामना करना पड़ रहा है। यूरेनियम ईंधन की कमी के चलते मौजूदा संयंत्र अपनी क्षमता का करीब ५० प्रतिशत ही उत्पादित कर रहे हैं।
बनर्जी ने कहा कि यूरेनियम के ज्ञात भंडारों के अनुसार देश सिर्फ १०००० मेगावाट बिजली का उत्पादन ही कर सकता है। उन्होंने कहा कि अब यूरेनियम नए खनन और खनन प्रसंस्करण पर जोर देना है। बनर्जी ने बताया कि नई खानों के तैयार होने और यूरेनियम का उत्पादन बढ़ने के मद्देनजर हमने ७०० मेगावाट क्षमता के आठ नए संयंत्र बनाने की योजना है। इसके लिए संरचना तैयार है। हम जल्द ही निर्माण प्रक्रिया शुरू कर देंगे। हम ईंधन का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आठ संयंत्र बनने के बाद कुल क्षमता ९६०० मेगावाट हो जाएगी।
परमाणु ऊर्जा आयोग के सदस्य बनर्जी ने कहा कि हमें नई खदानें मिलने की उम्मीद है क्योंकि देश की भूगर्भिक संरचना ऐसी है जिससे नई यूरेनियम खदानों की उम्मीद जगती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान और कर्नाटक में नई यूरेनियम खदानें मिल सकती हैं।
उनके मुताबिक खदानों की खोज के लिए कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हम गहराई पर सर्वेक्षण करेंगे। अब तक अधिकांश सर्वेक्षण सतह के निकट हुए हैं। अब हम नई प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से अधिक गहराई पर सर्वेक्षण करने में सक्षम होंगे। इससे यूरेनियम की संभावनाओं के बारे में पता चलेगा।

No comments: