Sep 29, 2008

आईसीआईसीआई बैंक का शेयर गिरा

अमेरिकी वित्तीय संकट की काली छाया सोमवार को आईसीआईसीआई बैंक पर दिखाई दी। विदेशी संस्थानों की बिकवाली और ऋण संकट के प्रभाव की चिंता में आईसीआईसीआई बैंक का शेयर आज कामकाज के दौरान करीब १४ प्रतिशत लुढ़क गया।
देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक आईसीआईसीआई का शेयर मूल्य इस साल अब तक ६० प्रतिशत तक घट चुका है। हालाँकि बैंक ने अमेरिकी वित्तीय संकट के असर से खुद को दूर बताते हुए कहा है कि उसका अमेरिकी सबप्राइम संकट में सीधे कोई धन लिप्त नहीं है। उसका ९८ प्रतिशत गैरभारतीय निवेश रेटिंग एजेंसियों ने निवेश ग्रेड में रखा है।
बैंक शेयरों में आई गिरावट पर एसबीआई म्यूचुअल फंड के कोष प्रबंधकों का कहना है कि जहाँ-जहाँ विदेशी संस्थानों ने शेयर खरीदे थे, वहाँ बिकवाली से करेक्शन हो रहा है। कई तरह की अफवाहें चल रही हैं, लेकिन ऐसा नहीं लगता कि भारतीय बैंकों के लिए इतनी बड़ी समस्या है कि उनमें से कोई टूट जाए।
निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक आईसीआईसीआई में विदेशी भागीदारी ७० प्रतिशत तक पहुँच चुकी है। बैंक ने माना कि उसका दिवालिया हो चुकी लेहमन ब्रदर्स में ८.१० करोड़ डॉलर का एक्सपोजर है।
ज्यों-ज्यों अमेरिकी वित्तीय संकट का असर बढ़ता जा रहा है, उसका असर भारतीय बाजार में भी दिखने लगा है। इसके परिणामस्वरूप शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से लगातार गिरावट का रुख बना हुआ है। बैंक का शेयर आज १२.११ प्रतिशत अथवा ६७.९५ रुपए के नुकसान से ४९३.३० रुपए रह गया।

जरदारी पर भारत को भरोसा नहीं

नई दिल्ली, २९ सितम्बर- भारत के साथ बेहतर रिश्तों को लेकर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी भले ही उत्सुक हों, लेकिन नई दिल्ली इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं है कि जरदारी आतंकवाद के खिलाफ अपने वादे को निभा पाएंगे।
न्यूयार्क में बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और जरदारी के बीच हुई मुलाकात के बाद जारी संयुक्त बयान में पाकिस्तान ने छह जनवरी २००४ के घोषणापत्र पर कायम रहने की बात दोहराई थी।
उस घोषणापत्र में पाकिस्तान ने अपनी जमीन से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमले की अनुमति नहीं देने का वादा किया था।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को कहा कि भारत की दृष्टि से संयुक्त बयान एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें जरदारी सार्वजनिक मंच से सीमापार आतंकवाद पर टिप्पणी के लिए राजी हो गए थे।
सूत्रों ने कहा कि जरदारी वचनबद्ध हैं लेकिन अभी यह देखा जाना बाकी है कि वह आतंकवाद के खिलाफ कहां तक कार्रवाई कर पाते हैं।
वाशिंगटन में गुरुवार को प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के बीच हुई मुलाकात में भी पाकिस्तान का मुद्दा छाया रहा।

प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व पुलिस को सत्यापन का अवसर

नयी दिल्ली २९ सितम्बर- उच्चतम न्यायालय ने आज संकेत दिया कि पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व मामले के सत्यापन का अवसर दिया जाना चाहिए ।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के.जी. बालकृष्णन, न्यायमूर्ति पी. सदाशिवम एवं न्यायमूर्ति जे एम पांचाल की पीठ ने ललिता कुमारी की एक याचिका पर सुनवाई के दौरान यह संकेत दिया । इस मामले की अगली सुनवाई १६ दिसम्बर को होगी ।
याचिका के अनुसार ललिता ने अपनी अवयस्क पुत्री का दबंग व्यक्तियों द्वारा अपहरण किये जाने के खिलाफ गाजियाबाद के लोनी थाने में शिकायत की थी किन्तु थाना प्रभारी ने प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय आरोपियों से साठगांठ कर वादी पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव डालना शुर किया तथा इस मामले को भूमि विवाद करार देते हुए सुलझाने का सुझाव दिया ।
इससे पूर्व न्यायमूर्ति वी. एन. अग्रवाल एवं न्यायमूर्ति जी एस सिंघवी की पीठ ने इस मामले को तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष भेजा था ।

Sep 28, 2008

राज ठाकरे भी आतंकी हैं: मनिंदरजीत सिंह बिट्टा

इंदौर, २८ सितम्बर- अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा है कि वे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे को भी आतंकी मानते हैं जो कि वोट की खातिर समाज को बांट रहे है।
इंदौर में 'शहीदों का मेला' कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए बिट्टा ने रविवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए वोट की राजनीति करने वाले नेताओं और राजनीतिक दलों को आतंकवाद की मूल वजह बताया। उन्होंने कहा कि पहले आतंकवाद पंजाब और कश्मीर तक ही था, लेकिन आज यह पूरे देश में फैल गया है।
हाल ही में दिल्ली में पकड़े गए जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के दो छात्रों को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कानूनी मदद उपलब्ध कराए जाने की कोशिशों को बिट्टा ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ऐसे लोगों की मदद के लिए सामने आ रहा है जो आतंकी है।
संसद पर हमले के आरोपी अफजल गुरु को फांसी नहीं दिए जाने को बिट्टा ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि देश की की सुरक्षा एजेंसियों को सरकार के नियंत्रण से अलग करने के साथ ही आतंकियों के लिए ऐसे न्यायालय बनाने की जरूरत है जहां दिए गए फैसले को कहीं दूसरी जगह चुनौती नहीं दी जा सके।

सपा ने गृहमंत्री शिवराज पाटील से इस्तीफा मांगा

नोएडा, २८ सितम्बर- समाजवादी पार्टी ने देश में हो रहे आतंकी हमलों को रोकने में विफल रहने पर केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल से इस्तीफे की मांग की है।
सपा के महासचिव अमर सिंह ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में यह मांग की। अमर सिंह हाल ही में यहां श्रमिकों के साथ मारपीट में मारे गए इटली की बहुराष्ट्रीय कंपनी ग्रेजेयानो के प्रबंध निदेशक ललित चौधरी के परिजनों को सांत्वना देने यहां आए थे। उन्होंने कहा कि अगर पाटिल ही देश के गृहमंत्री रहे तो आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। पाटिल एक कमजोर गृहमंत्री साबित हुए हैं और कांग्रेस की परंपरा रही है कि अक्षम होने पर मंत्री अपने पद से इस्तीफा दे देते हैं। उन्होंने माधवराव सिंधिया तथा लालबहादुर शास्त्री सहित कई नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि गृहमंत्री को तुरंत हटाया जाना चाहिए।
सिंह ने औद्योगिक नगर नोएडा में सस्ते दामों पर बड़े भवन निर्माताओं और माफियाओं को जमीन बेचे जाने के लिए राज्य की मुख्यमंत्री मायावती और कैबिनेट सचिव शशांक शेखर को जिम्मेदार ठहराया।

शशांक मनोहर बीसीसीआई के नए अध्यक्ष

मुंबई, २८ सितम्बर-पेशे से वकील शशांक मनोहर ने शनिवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड की ७९ वीं सालाना आम बैठक में अध्यक्ष पद का भार संभाल लिया, जबकि एन श्रीनिवासन नए सचिव बने।
दिलीप वेंगसरकर की जगह श्रीकांत मुख्य चयनकर्ता होंगे, जबकि यशपाल शर्मा, राजा वेंकट, सुरेंद्र भावे और नरेंद्र हिरवानी भी चयन समिति होंगे। अभय कुरुविला जूनियर चयन समिति के प्रमुख होंगे।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने दिल्ली धमाके की निंदा की

संयुक्त राष्ट्र, २८ सितम्बर- संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने शनिवार को नई दिल्ली में हुए बम विस्फोट की कड़े शब्दों में निंदा की है। गौरतलब है कि दक्षिण दिल्ली में शनिवार को हुए बम विस्फोट में एक १३ वर्षीय लड़के की मौत हो गई थी और कई घायल हुए।
मून ने बयान में बम विस्फोट की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि इस घटना के दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को कोई भी जायज नहीं ठहरा सकता है।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के अनुसार मून ने बम विस्फोट में मारे गए लड़के के परिजनों और घायलों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।