Sep 23, 2008

भारत स्वदेशी यात्री विमान का निर्माण स्वयं करेगा !

नयी दिल्ली, २४ सितम्बर- विकसित देशों की कतार में खडा होने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए भारत ने आज अपना खुद का यात्री परिवहन विमान बनाने की घोषणा कर दी। रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का एलान करते हुए कहा कि भारत अपना यात्री विमान बनाने का सपना जल्दी ही साकार कर लेगा।
श्री एंटनी ने इस परियोजना की शुरुआत की घोषणा मेजों की थपथपाहट के बीच हिन्दुस्तान एयरोनोटिक्स लिमिटेड और नेशनल एयरोस्पेस लेबोरेट्री के प्रतिनिधियों की बैठक में की। रक्षा प्रवक्ता ने संवाददाताओं को बताया कि भारत का अपना विमान छह साल के भीतर आकाश में उडान भरने लगेगा।
श्री एंटनी ने भारतीय क्षेत्रीय परिवहन विमान परियोजना को मील का पत्थर बताते हुए कहा “यह भी हैरत की बात है कि भारत जल्दी अपना मिशन चंद्रमा पर भेज रहा है लेकिन हमने अभी तक अपना विमान विकसित नहीं किया।” करीब चार हजार करोड़ रूपये की इस योजना का स्वागत करते हुए श्री एंटनी ने कहा कि भारत के पास क्षमता है और वह इसे साबित कर देगा। एचएएल और एनएएल ने ७० से ११० सीटों की क्षमता वाले इस विमान को विश्व स्तरीय मानकों पर खरा बनाने का संकल्प व्यक्त किया है।
तीन हजार किलोमीटर तक उडान भरने में सक्षम अपने इस विमान के जरिये भारत विश्व की नामी कम्पनियों जैसे एम्ब्रियर, बोम्बार्डियर, मित्शुबिशी, एविक सुखोई को मुकाबला देगा।
परियोजना की पहली बैठक में रक्षा सचिव विजय सिंह, (उत्पादन), प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव टी के नायर, सचिव प्रदीप कुमार, हिंदुस्तान एयरोनोटिक्स लिमिटेड के अध्यक्ष अशोक बवेजा, एनएएल के अध्यक्ष ए आर उपाध्याय, अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष माधवन नायर भारतीय विज्ञान एवं अनुसंधान विकास परिषद के महानिदेशक समीर ब्रह्मचारी मौजूद थे।
रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि भारत को अगले पंद्रह साल में करीब बारह से अधिक विमानों की जरूरत होगी और इसके लिए देश में ही सस्ता. टिकाऊ कम रखरखाव खर्च वाला विमान चाहिये था। यह जरूरत देश ने खुद ही पूरी करने का निर्णय लिया है।

बचें, सिगरेट पीने वाले के संपर्क में आने से !

न्यूयार्क, २३ सितम्बर- धूम्रपान करना खुद के साथ ही संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की सेहत के लिहाज से भी खतरनाक है। हालिया शोध में कहा गया है कि किसी अन्य के द्वारा छोड़े गए सिगरेट के धुएं के संपर्क में आने यानी 'सैकेंड हैंड स्मोक' से भी सेहत को नुकसान पहुंच सकता है। इससे महिलाओं में 'पैरीफ्रल आर्टियल डिजीज' [पैर की धमनियों की बीमारी] होने का खतरा बढ़ जाता है। इस रोग के घातक होने पर पैर काटने तक की नौबत आ सकती है।
इससे पहले किए गए अन्य शोध में धूम्रपान से हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा बढ़ने की बात कही जा चुकी है। ताजा अध्ययन चीन की महिलाओं पर किया गया। प्रमुख शोधकर्ता बीजिंग के डा. याओ ही कहते हैं कि महिलाओं की तुलना में पुरुष धूम्रपान ज्यादा करते हैं लेकिन इसके दुष्परिणाम महिलाओं को ज्यादा भुगतने पड़ते हैं।
इस अध्ययन में ६० साल या उससे ज्यादा उम्र की १२०९ ऐसी महिलाओं को शामिल किया गया जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया था। इनमें से ४७७ महिलाओं ने घर या आफिस में सैकेंड हैंड स्मोक की बात स्वीकारी। शोधकर्ताओं के अनुसार सैकेंड हैंड स्मोक की वजह से महिलाओं में पैरीफ्रल आर्टियल डिजीज का खतरा ६७ फीसदी तक बढ़ा पाया गया। यही नहीं, उनमें हृदय रोग का ६९ फीसदी और स्ट्रोक का खतरा ५६ फीसदी तक अधिक पाया गया।

आतंकवाद के खिलाफ लडाई में डा. कलाम नेतृत्व प्रदान करें..आडवाणी

नयी दिल्ली, २३ सितंबर- लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने पूर्व राष्ट्रपति ए पी जे अब्दुल कलाम से आग्रह किया है कि आतंकवाद के खिलाफ देश में आम राय बनाने के लिए भारतवासियों को नेतृत्व प्रदान करे । डा. कलाम को लिखे गये एक पत्र में श्री आडवाणी ने कहा कि आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए वोटों की संकीर्ण राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रीय मतैक्य बनाये जाने की जररत है । उन्होंने कहा कि डा. कलाम एक प्रमुख हस्ती है जो आतंकवाद की समस्या और इसके समाधान के बारे में संजीदगी से राष्ट्रीय बहस छेड सकते है । इससे आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए सख्त कानून बनाने सहित अन्य उपायों पर आम राय बन सकती है ।
उन्होंने डा. कलाम को भरोसा दिलाया है कि आतंकवाद के बारे में उनकी किसी भी पहल का भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पूरी तरह समर्थन करेगा । उन्होंने खेद व्यक्त किया कि देश में राजनीतिज्ञों का एक वर्ग देश की सुरक्षा और अखंडता पर खतरा बने आतंकवाद को नजर अंदाज कर रहा है ।
उल्लेखनीय है कि डा. कलाम ने पिछले दिनों देशवासियों से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने का का आहवान किया था । श्री आडवाणी ने डा. कलाम के इस कथन का स्वागत करते हुये उन्हें यह पत्र भेजा है ।

Sep 22, 2008

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अमेरिका की यात्रा पर

नई दिल्ली, २२ सितंबर-प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह अमेरिकी राष्ट्रपति जार्जडब्ल्यू बुश के साथ असैन्य परमाणु सहयोग समेत तमाम द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा को लेकर बेहद आशान्वित हैं। अमेरिका और फ्रांस की १० दिन की यात्रा पर रवाना होने से पहले सिंह ने कहा मैं असैन्य परमाणु सहयोग समेत तमाम द्विपक्षीय मुद्दों पर उनके साथ होने वाली चर्चा को लेकर बेहद आशान्वित हूँ।
उन्होंने कहा हाल के वर्षों में शिक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और कृषि जैसे द्विपक्षीय हितों से जुड़े भारत-अमेरिका संबंधों में उल्लेखनीय विस्तार हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा दोनों देशों के बीच सहयोग मजबूत हुआ है और हम अपने परस्पर हित के लिए बहु आयामी सहयोग को बढ़ावा दे रहे है।
एक तरफ जहाँ १२३ समझौते को मंजूरी देने के लिए अमेरिकी कांग्रेस में कुछ ही समय बचा है, वहीं दूसरी तरफ व्हाइट हाउस को उम्मीद है कि सिंह की २५ सितंबर से शुरू हो रही वॉशिंगटन यात्रा के दौरान करार को मंजूरी मिल जाएगी।

कर्नाटक में हिंसक भीड पर लाठीचार्ज

दावणगेरे 22 सितम्बर- कर्नाटक में दावणगेरे जिले के हरिहर नगर में हिंसा पर उतारू भीड को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आज लाठीचार्ज करना पडा ।
शहर में एक मंदिर के ध्वज स्तंभ और दीवारों पर किसी अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित चिन्ह अंकित होने के कारण यह हिंसा भडकी । हिंसा को देखते हुए प्रशासन ने शहर में तीन दिन के लिए निषेधाज्ञा लागू कर दी है ।
आंदोलनकारियों ने पुलिस पर तीन दिन पहले शहर में हुई ऐसी ही घटना में कोई कार्रवाई करने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए पथराव और आगजनी की । हिंसा के कारण शहर में बंद जैसे हालात देखने को मिले । सभी स्कूल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और होटल बंद रहे तथा सडकें सुनसान रहीं ।
हिंसा के सिलसिले में दस लोगों को हिरासत में लिया गया है । शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति बहाल करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बलों को भेजा गया है1 पुलिस अधीक्षक संदीप पाटिल शहर में डेरा डाले हुए हैं । स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है ।

पाकिस्तानी सैनिकों ने अमेरिकी हेलीकाप्टरों पर हमला किया

इस्लामाबाद, २२ सितम्बर- पाकिस्तानी सैनिकों ने अशांत उत्तरी वजीरिस्तान कबायली इलाके में पाकिस्तानी वायुसीमा में घुस आए दो अमेरिकी हेलीकाप्टरों पर गोलियां दागी और उन्हें वापस अफगानिस्तान में लौट जाने के लिए मजबूर किया।
दैनिक ’द न्यूज’ की एक रिपोर्ट के अनुसार कल रात ये युद्धक हेलीकाप्टर उत्तरी वजीरिस्तान एजेंसी के सीमांत गांव लोवारा मंडी में प्रत्यक्षत: पाकिस्तानी वायुसीमा में प्रवेश कर गए थे। इसके बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने उनपर गोलियां चलाई।
खुफिया एजेंसियों समेत पाकिस्तानी सरकारी अधिकारियों ने उत्तरी वजीरिस्तान के मुख्यालय मीरानशाह में पत्रकारों को बताया कि यह घटना स्थानीय समयानुसार १० बजे रात में हुई। उन्होंने बताया कि अमेरिकी हेलीकाप्टर पाकिस्तानी वायुसीमा में घुस आए थे और लोवारा मंडी के उुपर उड़े थे।
पाकिस्तानी सरकारी अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने अमेरिकी हेलीकाप्टर पर गोलियां दागने के लिए १२.७ मिलीमीटर की लाइट मशीन गन का इसतेमाल किया और उन्हें अफगान सीमा में वापस उड़ने के लिए बाध्य किया। इस बीच लोवारा मंडी से प्राप्त रिपोर्टों में बताया गया है कि स्थानीय कबायलियों ने भी अमेरिकी हेलीकाप्टरों पर गोलियां दागी। अमेरिकी हेलीकाप्टरों ने किसी लक्ष्य पर हमला नहीं किया।
पाकिस्तान सरहद पार से अमेरिका नीत गठबंधन के हमलों पर तीखा विरोध दर्ज करा चुका है। उसने कहा है कि पाकिस्तानी सरजमीन में सैन्य कार्रवाई करने का अधिकार सिर्फ पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को है। पाकिस्तान ने यह भी कहा है कि वह विदेशी ताकतों की आ॓र से पाकिस्तानी सरजमीन में की गई किसी भी सैन्य कार्रवाई का जवाब देगा।

इसे देखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें

मुंबई, २२ सितम्बर- गुजरात, यूपी, जयपुर और दिल्ली धमाकों का मुख्य आरोपी तौकीर मुंबई या इसके आसपास छिपा है। पुलिस को ऐसी ही सूचना मिली है। समझा जाता है कि उसके साथ इंडियन मुजाहिदीन के तीन और आतंकी छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही तीन राज्यों की पुलिस उसकी तलाश में यहां उसके ठिकानों पर छापेमारी में जुट गई।
एक निजी टीवी चैनल के अनुसार, मुंबई पुलिस के नेतृत्व में दिल्ली और गुजरात पुलिस सहित इंटेलिजेंस विभाग के करीब ५० अधिकारियों ने शाम सात बजे से ही तौकीर को दबोचने के लिए अभियान की शुरुआत कर दी। उसके संभावित ठिकानों पर छापामारी की गई। यह अभियान देर रात तक जारी रहा।
इससे पहले पुलिस ने मुंबई से बाहर निकलने वाले रास्तों की नाकेबंदी कर दी। यहां तक कि समुद्री इलाकों की भी नाकेबंदी कर दी गई, ताकि तौकीर समुद्र के जरिए देश छोड़ कर नहीं भाग सके। हालांकि इस छापामारी का क्या नतीजा निकला, इस बारे में देर रात तक सूचना नहीं मिल सकी।
बताया जाता है कि सिमी का सक्रिय सदस्य तौकीर ही है जो आतंक फैलाने वाले अपने गुर्गो को दिशानिर्देश देता है। साथ ही, वह संगठन के तकनीकी विभाग का काम संभालता है। हर धमाके के बाद ई-मेल भेजे जाने का काम भी उसी का बताया जाता है।
इस लिए अगर यह व्यक्ति कही आप को नजर आ जाए तो एक जागरूक नागरिक का फर्ज निभाते हुए इसके बारे में अपने नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें ।