Aug 10, 2008

कोटा पिकनिक स्पॉट पर हादसा एक की मौत, १५० फंसे

कोटा, १० अगस्त-कोटा से करीब १० किलोमीटर दूर रावतभाटा रोड पर स्थित गेपरानाथ के महादेव मंदिर की सीढि़यां टूट जाने से पिकनिक मनाने गए करीब एक सौ पचास लोगों के मंदिर में फंसे होने की सूचना है। हादसे में आधिकारिक तौर पर एक व्यक्ति के मरने की पुष्टि की गई है। तथा कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की असंका है ।
घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं। मंदिर के लिए करीब दो सौ सीढि़या नीचे उतर कर जाना पड़ता है। इसलिए सीढि़यां टूट जाने और अँधेरा हो जाने से लोगों को बाहर निकालने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है ।
लोगों को हेलीकाप्टर की मदद से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा था किंतु अँधेरा होने के कारण रेस्क्यू कार्य रोक दिया गया है । फंसे हुए लोगों के पास जनरेटर से रोशनी एवं खाने-पीने का सामान पहुचाने का प्रयास किया जा रहा है उल्लेखनीय है कि यह एक पिकनिक स्पॉट है। सावन का महीना साथ में रविवार होने से यहां भारी संख्या में लोग जमा थे।

खतरा है तो सुरक्षा बढ़ाएँ मायावती-लालू

नई दिल्ली, १० अगस्त- राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बसपा की अध्यक्ष मायावती द्वारा उनके जीवन को खतरा बताने संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह लोकप्रियता पाने का एक तरीका मात्र है।
मायावती ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित एक रैली में कथित तौर पर कहा था कि कांग्रेस या भाजपा उन पर आतंकवादी या फिर नक्सली हमले कर उन्हें मरवा सकते हैं।
लालू प्रसाद ने कहा कि मायावती उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री है और उन्हें वहाँ कौन मार सकता है। उन्हें (मायावती को) लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए।
यदि वास्तव में उन्हें खतरा महसूस होता है तो उन्हें अपनी सुरक्षा और बढ़ा लेनी चाहिए। रेलमंत्री ने कल मायावती द्वारा उनके बारे में की गई टिप्पणी पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

रूसी हमले से डर कर जॉर्जिया ने सेना हटाई

तिबिलिसी, १० अगस्त- रूसी विमानों द्वारा आज तड़के राजधानी तिबिलिसी पर की गयी जबरदस्त बमबारी से घबराए जॉर्जिया ने विद्रोही प्रांत ओसेतिया से अपनी सेना पूरी तरह हटा ली है।
ओसेतिया पर जॉर्जियाई सैनिकों ने शुक्रवार को कार्रवाई की थी। इसके तुरंत बाद रूस अपने समर्थक ओसेतियाई विद्रोहियों के बचाव में पूरे सैन्य बल के साथ इस संघर्ष में कूद गया। रूस के इस कदम से जॉर्जिया समर्थक अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों की भवें तन गयी है और उन्होंने तत्काल संघर्ष रोकने की अपील की है।
जॉर्जिया के गृहमंत्रालय के सूचना विभाग के प्रमुख शोता उतियाशविली ने जॉर्जिया के पीछे हटने की पुष्टि करते हुए कहा “हमारी सेना यहां ओसेतिया की राजधानी सिखिनवाली पर कब्जा करने के लिए रूसी सेनाओं के साथ कडा मुकाबला कर रही थीं लेकिन अब इन्हें पूरी तरह हटा लिया गया है।”
जॉर्जिया ने शुक्रवार से जारी युद्ध के दौरान हजारों की तादाद में मासूम लोगों के मारे जाने का हवाला देते हुए कल ही युद्ध विराम की पेशकश की थी हालांकि रूस ने इसे तवज्जो न देते हुए आज भी उसकी राजधानी तिबिलिसी के सैन्य अड्डे पर बम बरसाए।यह हवाई अड्डा एक आयुध कारखाने का है जहां सोविय संघ काल से सुखोई एस यू २५ लडाकू विमानों का उत्पादन होता रहा है।
श्री उतियाशविली ने इसके पूर्व दिए गए बयान में स्थिति की भयावहता पर कहा था कि रूस जॉर्जिया में अपने ६ हजार सैनिकों को घुसा चुका है। उसके ४ हजार और सैनिक समुद्र और थल मार्ग से जॉर्जिया पर तडके कभी भी हमला बोल सकते हैं। उन्होंने स्थिति की गंभीरता बयां करते हुए कहा कि यदि ऐसा हुआ तो जॉर्जिया में भयंकर मानवीय त्रासदी होगी ।
गौरतलब है दक्षिण ओसेतिया को लेकर जॉर्जिया और रुस के बीच पूर्ण युद्ध की स्थिति बन चुकी है। रुसी सेना की भीषण बमबारी के बाद जॉर्जिया के राष्ट्रपति ने तुरंत संघर्ष विराम का आह्वान किया है। जॉर्जिया की ओलंपिक टीम ने भी अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से हिंसा रोकने में मदद करने की गुहार की है।
पेईचिंम जारी एक बयान में एथलीटों ने कहा “जॉर्जिया के समूचे क्षेत्र में पूरी तरह रुसी सैनिकों का कब्जा हो गया है। हम अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से आह्वान करते हैं कि वह रुस को साफ बता दे कि २१ वीं सदी के इस दौर में किसी संप्रभु राष्ट्र के क्षेत्र में बमबारी और हमले बर्दाश्त नहीं किये जाएंगे।” इस बीच फ्रांस और यूरोपीय संघ ने भी रुस से जॉर्जिया की ओर से भेजे गये संघर्ष विराम प्रस्ताव को तुरंत स्वीकार करते हुये युद्ध रोकने की मांग की है ।

हिंद महासागर में फल फूल रहा है समुद्री आतंकवाद : एडमिरल मेहता

नई दिल्ली, १० अगस्त- (आईएएनएस) नौसेना प्रमुख सुरीश मेहता का कहना है कि हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री आतंकवाद ने अपनी जड़ें जमा ली हैं।
भारतीय नौसेना के दृष्टिकोण के बारे में एक व्याख्यान देते हुए चीफ एडमिरल मेहता ने हालांकि क्षेत्र में अल कायदा की मौजूदगी से इंकार किया लेकिन उन्होंने माना कि देश की समुद्री सीमाओं के आसपास समुद्री आतंकवाद में भारी बढ़ोतरी हुई है।
मेहता ने कहा, ''हिंद महासागर में समुद्री आतंकवाद को बढ़ावा मिला है। इस क्षेत्र में सशस्त्र हमले बढ़े हैं और इनसे निपटने के लिए बहुराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता है।''
उल्लेखनीय है कि हिंद महासागर अटलांटिक और प्रशांत महासागरों को जोड़ता है इसलिए इसके समुद्री मार्गों पर भारी यातायात रहता है। विश्व के कुल पेट्रोलियम आयात का दो तिहाई इसी मार्ग से गुजरता है। यहां स्थित मलक्का खाड़ी से रोजाना 200 जहाज गुजरते हैं।
नौसेना प्रमुख ने कहा कि समुद्री आतंकवाद से निपटने के लिए बेहतर मानव संसाधन प्रबंधन और खुफिया जानकारी के आदान प्रदान समेत अन्य उपायों की आवश्यकता है।
मेहता ने समुद्री मामलों के प्रबंधन के लिए एक अलग संस्था बनाए जाने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि इससे संबंधित मामलों में तुरंत निर्णय लेने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मत्स्यपालन और अन्य कार्य कृषि मंत्रालय के अंतर्गत हैं जबकि जहाजरानी एक अलग मंत्रालय है।

चीन के पश्चिमी प्रांत में विस्फोट, दो की मौत

उरुम्की (चीन), १० अगस्त- ओलंपिक खेलों के पहले आतंकवादी हमले की चेतावनी के बाद भले ही बीजिंग की सुरक्षा व्‍यवस्‍था बढ़ा दी गई हो, लेकिन आतंकियों ने आखिरकार उत्‍तर पश्चिम प्रांत में सफल हो ही गये।
चीन के उत्तर पश्चिमी प्रांत झिंजियांग उइगर की कुगा काउंटी में रविवार सुबह हुए सिलसिलेवार विस्फोटों में दो लोगों की मौत हो गई।
इस विस्फोट में घायल हुए लोगों की संख्या की सरकारी पुष्टि नहीं हो सकी है। जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट की घटना तड़के 3।20 से 4 बजे के बीच हुई। विस्फोट के बाद गोलियां चलने की आवाजें भी सुनाई दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद चीन सरकार ने सुरक्षा व्‍यवस्‍था और ज्‍यादा कड़ी कर दी है। उधर ओलंपिक खेलों में आये अमरीकी कोच के एक साथी की हत्‍या के बाद अमरीका ने अपने खिलाडि़यों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की है।

नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस और माकपा कार्यकर्ताऒं के बीच गोलीबारी

नंदीग्राम, १० अगस्त- पश्र्चिम बंगाल के नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस और माकपा कार्यकर्ताऒं के बीच गोलीबारी हुई। नंदीग्राम में गोलीबारी की यह घटना राज्य के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य द्वारा वहां सीआरपीएफ को दोबारा तैनात करने की मांग खारिज करने के बाद हुई है।
पूर्वी मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक एस पांडा ने कहा कि हमें नंदीग्राम के उस्मान चौक, जादुबारी चौक और कुछ अन्य इलाकों से रविवार को गोलीबारी होने की खबरें मिली हैं। पांडा ने कहा कि हम उस्मान चौक में एक पुलिस शिविर स्थापित करने और अन्य जगहों पर पुलिस दल भेजने के बारे में सोच रहे हैं।
इस बीच, तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि उसकी एक कार्यकर्ता हसीना बीबी को गंभीर चोट आई है और उसे नंदीग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तृणमूल कांग्रेस और माकपा दोनों ने ही एक दूसरे पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है और स्वयं गोलीबारी में शामिल होने का खंडन किया।

अर्थशास्त्री अम‌र्त्य सेन संसद में अपना विचार रखेंगे

नई दिल्ली, १० अगस्त- नोबेल पुरस्कार विजेता जाने-माने अर्थशास्त्री प्रो। अम‌र्त्य सेन संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में सोमवार को पूर्व सांसद हिरेन मुखर्जी व्याख्यान समारोह में उद्घाटन भाषण देंगे।
लोकसभा सचिवालय द्वारा रविवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस व्याख्यान का मुख्य विषय सामाजिक न्याय की मांग है। इस समारोह की अध्यक्षता उपराष्ट्रपति मुहम्मद हामिद अंसारी करेंगे और मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री डा। मनमोहन सिंह होंगे।
इस अवसर पर हिरेन मुखर्जी के एक तैल चित्र का भी अनावरण किया जाएगा। हिरेन मुखर्जी वर्ष 1952 से 1977 तक संसद के सदस्य रहे और संसद की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे। प्रो. सेन को उनकी सेवाओं के लिए वर्ष 1999 में 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया था।