Sep 11, 2008

दिल्ली उपहार अग्निकांडः अंसल बंधुओं को जेल भेजा गया

नई दिल्ली, ११ सितम्बर-उच्चतम न्यायालय द्वारा कल उपहार अग्निकांड के प्रमुख आरोपी अंसल बंधुओं की जमानत याचिका रद्द किए जाने के बाद दोनों आरोपी गोपाल अंसल और सुशील बंसल ने आज आत्मसमपर्ण कर दिया। अंसल बंधुओं को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अंसल बंधुओं ने शाम पौने चार बजे सिनेमा हाल के मैनेजरों निर्मल सिंह चोपड़ा तथा अजित चौधरी के साथ अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश इन्द्रमीत कौर कोच्चर की अदालत में आत्मसमर्पण किया जहां से इन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया।
‘एसोसिएशन ऑफ द विक्टिम्स ऑफ उपहार ट्रेजडी’ (एवीयूटी) की अध्यक्ष नीलम कृष्णमूर्ति ने कहा कि हमें खुशी है कि न्याय के लिए हमारी जंग अपने अंजाम तक पहुंच गई।
गौरतलब है कि जून १९९७ में उपहार सिनेमा हॉल में लगी आग में ५९ लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें २२ बच्चे शामिल थे। इस अग्निकांड में एक सौ से अधिक लोग घायल भी हुए थे।

Sep 10, 2008

पाकिस्तान ने अमेरिकी फौज को चेतावनी दी

इस्लामाबाद, ११ सितम्बर- पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल अशफाक कियानी ने दो टूक कहा है कि उनका देश अपनी जमीन पर विदेशी फौजों को कार्रवाई करने की इजाजत कतई नहीं देगा। कियानी का यह तीखा बयान उस घटना के संदर्भ में आया है जिसमें अमेरिका नीत फौजों ने पिछले हफ्ते पाकिस्तान के दक्षिणी वजीरिस्तान में अंगोर अड्डे के पास एक गांव में पहली बार जमीनी कार्रवाई करके 20 लोगों की हत्या कर दी थी।
पाकिस्तानी सेना द्वारा कियानी के हवाले से बुधवार को जारी बयान में कहा गया है, देश की संप्रभुता और सीमाओं की हिफाजत हर कीमत पर की जाएगी। किसी भी बाहरी फौज को मुल्क की सरहद के अंदर कार्रवाई करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। कियानी ने कहा कि गठबंधन सेनाओं को पाकिस्तान की सीमा में कार्रवाई करने की इजाजत देने के लिए किसी तरह के समझौते या सहमति का कोई सवाल ही नहीं उठता।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते बुधवार को अमेरिका नीत सेनाओं ने अफगानिस्तान की सीमा से सटे पाकिस्तान के दक्षिण वजीरिस्तान में अंगोर अड्डे के पास एक गांव में आतंकियों के मौजूद होने के नाम पर धावा बोलकर महिलाओं तथा बच्चों समेत 20 लोगों की हत्या कर दी थी। इससे पाकिस्तान में आक्रोश की लहर दौड़ गई थी और इस मामले की गूंज देश की संसद में भी सुनाई दी थी। सेना प्रमुख ने आगाह किया कि अगर अंगोर अड्डा जैसी गैरजिम्मेदाराना घटना दोबारा हुई तो इलाके में आतंकवाद कम होने के बजाय और भड़क जाएगा।
उन्होंने कहा कि विश्वास में कमी और गलतफहमी से स्थितियां उलझेंगी और परेशानियां ज्यादा बड़ा रूप ले लेंगी। कियानी ने कहा कि अल्पकालिक फायदे के लिए अपने दीर्घकालिक हितों को ताक पर रख देना आगे बढ़ने के लिए सही रास्ता नहीं है। उन्होंने कहा अफगानिस्तान में तैनात अमेरिका नीत गठबंधन सेनाओं को रणनीतिक धैर्य बनाकर पाकिस्तान की मदद करनी चाहिए।
अमेरिका और अफगानिस्तान का मानना है कि दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान की सीमा के पास का इलाका आतंकियों का गढ़ बन गया है और वे वहां से पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान में अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे हैं इसीलिए फौजों ने वहां हमला किया था।

गोवा के शिक्षामंत्री आठवीं पास भी नहीं हैं !

पणजी। गोवा के एक गैर सरकारी संगठन उट गोयनकारा ने दावा किया कि राज्य के शिक्षामंत्री एतनासियो मोन्सरेट की अकादमिक योग्यता को वह अगले सप्ताह मीडिया के सामने फर्जी साबित करेगा।
गैर सरकारी संगठन के प्रवक्ता एरिस रोड्रिग्स ने संवाददाताओं से कहा कि बांद्रा के सेंट टेरेसा हाईस्कूल के हेडमास्टर फादर एंटनी जोसेफ अगले सप्ताह गोवा में तमाम दस्तावेजों के साथ मौजूद होंगे, जिससे साबित होगा कि मोन्सरेट ने आठवीं कक्षा पास करने से पहले स्कूल बीच में ही छोड़ दिया था।
गोवा के शिक्षामंत्री ने चुनाव के समय जमा किए अपने हलफनामे में खुद को सेंट टेरेसा स्कूल से हाईस्कूल पास बताया था। जबकि गैर सरकारी संगठन का दावा है कि शिक्षामंत्री आठवीं पास भी नहीं हैं। रोड्रिग्स ने कहा कि फादर जोसेफ पुष्टि करेंगे कि मोन्सरेट ने जो उल्लेख हलफनामे में किया वह गलत है।
गैर सरकारी संगठन ने शिक्षामंत्री के खिलाफ पणजी पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराने का फैसला भी किया है और उसके बाद वह निर्वाचन आयोग में भी इस बाबत शिकायत कराएगा। पेशे से वकील रोड्रिग्स ने कहा कि निर्वाचन अधिकारी को हलफनामे में दिए गए ब्यौरे की जांच पड़ताल करनी चाहिए। वह मोन्सरेट के खिलाफ मामला दर्ज करा सकते हैं।
इस बीच मोन्सरेट ने इस मामले में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह सही समय पर प्रतिक्रिया देंगे।

कश्मीर मसले पर 'अच्छी खबर' जल्द: जरदारी

इस्लामाबाद, १० सितम्बरः पाकिस्तान के नए राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी ने गलवार को पद और गोपनीयता की शपथ लेने के बाद अपने भाषण में कहा कि कश्मीर मसले पर वहां के लोगों को जल्द ही कोई अच्छी ख़बर सुनने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह ख़बर भारत में होने वाले आम चुनावों से पहले सुनने को मिलेगी।
जरदारी ने कश्मीर मसले के समाधान के लिए पाकिस्तान की ओर से सभी राजनीतिक कदम उठाने और सभी पड़ोसी देशों के साथ द्विपक्षीय संबंध स्थापित करने पर जोर दिया। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सह अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी को मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश अब्दुल हमीद डोगर ने राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई।
राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित एक समारोह में 55 वर्षीय जरदारी ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली। उनके शपथ लेने के बाद दरबार हॉल में समर्थकों ने जरदारी और पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के समर्थन में नारे लगाए।
शपथ ग्रहण समारोह में अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई को विशेष रूप से आमंत्रित किया था। समारोह में सभी प्रांतों के मुख्यमंत्री, गर्वनर और मुख्य नौकरशाह भी मौजूद थे। जरदारी ने अंग्रेजी में शपथ ली।
बिलावल भुट्टो सहित जरदारी के तीनों बच्चे भी समारोह में मौजूद थे। जब जरदारी शपथ ले रहे थे तो उस समय वहां मौजूद बेनजीर की बहन सनम भुट्टो की आंखों से आंसू छलक आए।
दूसरी ओर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के नेता नवाज शरीफ समारोह में नहीं आए। वे मंगलवार सुबह ही लंदन रवाना हो गए थे। समारोह में शरीफ की पार्टी का प्रतिनिधित्व करने उनके भाई और पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ पहुंचे थे।

Sep 9, 2008

शिवसेना नें शाहरूख को निशाना बनाया

मुंबई, ९ सितम्बर- बालीवुड अभिनेत्री और सपा नेता जया बच्चन की कथित मराठी विरोधी टिप्पणी को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे की ओर से की गई आलोचना के बाद अब शिवसेना ने बालीवुड बादशाह शाहरुख खान पर उनके दिल्ली मूल का होने को लेकर निशाना साधा है।
शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने पार्टी के मुखपत्र सामना के आज के संपादकीय में लिखा है, शाहरुख कहते हैं कि वह दिल्लीवाले हैं। अगर आप दिल्ली से हैं तब आप महाराष्ट्र क्यों आए। सामना में लिखा गया है, आप प्रसिद्धि और पैसा कमाने के लिए मुंबई आते हैं, लेकिन एक बार जब ये सब अर्जित कर लेते हैं तो आप उस क्षेत्र का नाम लेने लगते हैं जहां से आप आए हैं। और मराठी जनता से यह उम्मीद की जाती है कि वे अपने राज्य के बारे में एक शब्द भी नही कहें। उन्होंने लिखा है, यदि आपके भीतर क्षेत्रीयता का बोध है तब ऐसे में अगर हम भी ऐसा करते हैं तो इसमें गलत क्या है।
शिवसेना प्रमुख ने लिखा है, दक्षिणी राज्यों में हिंदू विरोधी मुहिम पिछले ६० साल से जारी है। तमिलनाडु में हिंदी फिल्मों और हिंदी समाचारों पर प्रतिबंध है। असम में जो लोग हिंदी बोलते हैं उनकी हत्या कर दी जाती है। संपादकीय के अनुसार, जो लोग यह कहने में गर्व महसूस करते हैं कि वे उत्तरप्रदेश या बिहार से हैं तो क्यों नहीं उन्हीं क्षेत्रों में जाकर हिंदी का झंडा फहराते हैं। शिवसेना के मुखपत्र में लिखा गया है, अमिताभ बच्चन का संबंध किसी एक क्षेत्र या भाषा से नहीं है। जब बात उनकी कला की आती है तो क्षेत्रवाद और भाषाई दीवार ढह जाती है। वह एक महान अभिनेता हैं। सामना कहता है लेकिन जब उनकी पत्नी यह कहती हैं हम उत्तरप्रदेश से हैं तो उसे क्या समझा जा सकता है।

Sep 8, 2008

बच्चन परिवार को राज ठाकरे की धमकी

मुम्बई, ८ सितम्बर- नई फिल्म ‘द्रोण’ के संगीत रिलीज समारोह में दिए गए जया बच्चन के एक बयान से भड़के महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने जया बच्चन से कहा कि वे “महाराष्ट्र से माफी मांगें”, नहीं तो बच्चन परिवार की कोई भी फिल्म सिनेमाघरों में नहीं लगने दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जया बच्चन ने रविवार को अपने बेटे अभिषेक बच्चन की आगामी फिल्म ‘द्रोण’ के प्रचार कार्यक्रम के दौरान कहा था कि, “हम लोग उत्तर प्रदेश से आए हैं, इसलिए हम लोग हिन्दी भाषा में ही बात करेंगे और मराठी समुदाय के लोगों को हमें माफ कर देना चाहिए।”
जया बच्चन के इस बयान के बाद शिवसेना और मनसे दोनों ही राजनीतिक पार्टियों ने उनके इस बयान पर कड़ी आपत्ती जताई है।
अब इसी कड़ी में मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने बच्चन परिवार को खुलेआम धमकाते हुए कहा है कि जया बच्चन अपने बयान के लिए महाराष्ट्र की जनता से माफी मांगें, नहीं तो बच्चन परिवार की किसी फिल्म को नहीं चलने दिया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले मनसे ने जया बच्चन के बयान के विरोध में मुम्बई के बांद्रा स्टेशन पर एक पोस्टर लगाते हुए कहा है था कि मराठी समुदाय उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। इस पोस्टर में जया बच्चन के लिए लिखा गया था- “चलते बनिए॥चलते बनिए..मराठी लोग आप को माफ नहीं करेंगे। शिवाजी के महाराष्ट्र में तो बिल्कुल भी नहीं”। साथ ही पोस्टर में मुम्बई से इलाहबाद का एक रेल टिकट भी दिखाया गया है।
इस पूरे मामले को तूल पकड़ते देखकर अमिताभ बच्चन के घर के बाहर मुम्बई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।

मैक्केन और ओबामा ने एनएसजी की छूट का समर्थन किया

वाशिंगटन, ८ सितंबर- भारत अमरीका परमाणु करार को लेकर अमरीका में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारो के बीच तीखे शब्दबाण चल रहे है । हालांकि दोनों उम्मीदवारों ने एनएसजीमें भारत को दी गई छूट का समर्थन किया है ।
रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार जान मैक्केन ने एनएसजी से भारत को मिली छूट का स्वागत करते हुये कहा है कि यह समझौता दोनो देशों के हित में है और इससे अमरीका और भारत संबंध नई ऊंचाईयों को छूयेंगे । उन्होंने कहा कि समझौते से परमाणु अप्रसार के प्रयासों को चोट नहीं पहुंचेगी और भारत की कार्बन आधारित उद्योगों पर निर्भरता खत्म होगी और यह जलवायु परिवर्तन के लिहाज से भी अच्छा होगा ।
उन्होंने कहा ...रिपब्लिकन पार्टी हमेशा से भारत और अमरीका के बीच बेहतर संबंधों की हिमायती है लेकिन मैं जानना चाहता हूँ कि ओबामा इस बारे में क्या समझते है । उनकी डेमोक्रेटिक पार्टी ने समझौते की राह में कई रोडे अटकाये हैं । उधर ओबामा ने शिकागो से एक बयान जारी कर कहा कि वह एनएसजी से भारत को मिली छूट का स्वागत करते है और अब इस समझौते को जल्द से जल्द अमरीकी कांग्रेस में पेश किया जाना चाहिये । उन्होंने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी समझौते का आकलन करेगी और अगर देशहित मेंहुआ तो पूरा समर्थन भी देगी ।
इस बीच समझौते को अमरीकी कांग्रेस की मंजूरी दिलाने के लिये भारतीय मूल के अमरीकी नागरिको ने भी अभियान शुरू कर दिया है । कई प्रभावशाली भारतीय मूल के नागरिक दोनो पार्टियों से लगातार संपर्क बनाये हुये है ताकि समझौते को बिना किसी व्यावधान के अमरीकी कांग्रेस में पारित कराया जा सके । अमरीकी कांग्रेस का सत्र आज से शुरू हो रहा है जिसमें इस करार पर जोरदार बहस होगी ।