Aug 9, 2008

सरकार ने भ्रष्टाचार निरोधक कानून में संशोधन करने का फैसला किया

नयी दिल्ली, ९ अगस्त- सरकार ने आज भ्रष्टाचार निरोधक कानून में संशोधन कर सेवानिवृत सरकारी कर्मचारियों पर उनके सेवाकाल के दौरान किये गये आचरणों के लिए मुकदमा चलाने की पूर्व अनुमति अनिवार्य करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में यहां हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक कानून १९८८ में संशोधन करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी मंत्री कपिल सिब्बल ने बैठक के बाद संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभी तक नौकरी में रहते कोई गलत आचरण करने के मामले में सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के पहले संबंधित सक्षम प्राधिकार से अनुमति लेना आवश्यक होता है लेकिन सेवानिवृत सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ बिना अनुमति के कारवाई की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि ऐसा संशोधन करने की आवश्यकता इसलिए पड़ी ताकि सेवारत और सेवानिवृत दोनों तरह के सरकारी कर्मचारियों को समान संरक्षण दिया जा सके। उन्होंने कहा कि यह इसलिए भी जरूरी है क्योंकि सेवानिवृत कर्मचारी के खिलाफ बिना अनुमति के उन मामलों में कारवाई की जाती है जो उसने अपने सेवाकाल के दौरान की है।

अमरनाथ संघर्ष समिति अपनी माँग पर अड़ी

जम्मू, अगस्त- भारत के गृह मंत्री शिवराज पाटिल के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जम्मू पहुँचा है। लेकिन अमरनाथ संघर्ष समिति से कोई बातचीत नहीं हो पाई है । अमरनाथ संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने ये कहते हुए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करने से इनकार कर दिया कि नेशनल कॉन्फ़्रेंस के नेता फ़ारूख़ अब्दुल्ला, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की महबूबा मुफ़्ती और कांग्रेस के सैफ़ुद्दीन सोज़ को बातचीत से अलग रखा जाए ।
संघर्ष समिति के प्रवक्ता लीला किरण शर्मा ने कहा, "हमें इस सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करने में कोई हिचकिचाहट नहीं है, यदि इन नेताओं को बातचीत से अलग रखा जाता है।" संघर्ष समिति के सदस्य इन नेताओं को स्थिति के इस कगार तक पहुँचनेके लिए ज़िम्मेदार ठहराते हैं। जम्मू शहर में कर्फ़्यू ने कोई ढील नहीं दी गई है लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शनकारी कई जगह एकत्र हो रहे हैं।
उधर १८ सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल अमरनाथ संघर्ष समिति के साथ बातचीत न हो पाने के बाद, जम्मू-कश्मीर राज्य के राज्यपाल एनएन वोहरा से बातचीत कर रहा है।

पागल हो गए हैं लालू यादव : मायावती

लखनऊ, ९ अगस्त - बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो एवं उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने कहा है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव पागल हो गए हैं।
लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में बसपा के राष्ट्रीय महाधिवेशन के दौरान मायावती ने कहा, 'लालू ने मीडिया के सामने मेरे प्रधानमंत्री बनने के बारे में कहा था कि दलित जाति के किसी व्यक्ति के प्रधामंत्री बनने से प्रदूषण फैल जाएगा।' उन्होंने कहा कि लालू यादव को दलितों के बारे में इस तरह की आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने से पहले ये तो सोचना चाहिए था कि आज वह जहां पर है उसके पीछे डॉ. भीम राव अंबेडकर की बहुत बड़ी देन है। नहीं तो आज वह किसी महाजन के यहां गायें और भैंसे चरा रहे होते।

नटवर सिंह व एस पी बघेल बसपा में शामिल

लखनऊ, ९ अगस्त- कांग्रेस के भूतपूर्व नेता नटवर सिंह एवं एटा से सपा सांसद एस पी बघेल शनिवार को बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गए। नटवर सिंह और बघेल के बसपा में शामिल होने की घोषणा पार्टी प्रमुख मायावती ने यहां आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय महाधिवेशन में की।
उन्होंने पार्टी में शामिल हुए सपा के सांसद एस पी बघेल को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त करने और शाहिद सिद्दिकी को बिजनौर से लोकसभा का चुनाव लड़ाने की भी घोषणा की है।
मायावती ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और इसके लिए पार्टी प्रत्याशियों का चयन भी किया जा चुका है।

जम्मू में बंद 14 अगस्त तक बढ़ा

जम्मू, ९ अगस्त - दिल्ली के सर्वदलीय प्रतिनिधि मंडल के दौरे के ठीक पहले अमरनाथ संघर्ष समिति ने जम्मू में १४ अगस्त तक बंद को बढ़ाने का ऐलान किया है । साथ ही संघर्ष समिति के संयोजक लीलाकरण शर्मा ने घोषणा की है यदि इस प्रतिनिधि मंडल में कश्मीरी नेता शामिल हुए तो वे इस प्रतिनिधि मंडल से नहीं मिलेंगे ।
उन्होंने यह भी कहा है कि जब तक राज्य सरकार की ओर से अमरनाथ मंदिर बोर्ड को ज़मीन देने के मामले में सकारात्मक प्रस्ताव नहीं आएगा संघर्ष समिति राज्यपाल के प्रतिनिधियों से बातचीत नहीं करेगी । राज्यपाल एनएन वोहरा ने इस मसले का समाधान निकालने के लिए एक चार सदस्यीय समिति की घोषणा की थी जिसे गुरुवार को संघर्षरत लोगों से बात करनी है ।
जबकि सर्वदलीय प्रतिनिधि मंडल भेजने का फ़ैसला प्रधानमंत्री निवास पर हुए सर्वदलीय बैठक में लिया गया था । राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अमरनाथ संघर्ष समिति ने इन घोषणाओं से केंद्र और राज्य सरकार दोनों को संदेश दे दिया है कि सिर्फ़ बातचीत की औपचारिकताओं से बात बनने वाली नहीं है ।
संघर्ष समिति चाहती है कि सरकार अमरनाथ मंदिर बोर्ड को वह ४० हैक्टेयर ज़मीन वापस दे दे जिसका आवंटन रद्द कर दिया गया है जबकि कश्मीरी नेताओं का कहना है कि यदि बोर्ड को ज़मीन दी गई तो संघर्ष तेज़ होगा ।
आज नौ अगस्त को दिल्ली से १८ दलों का एक प्रतिनिधि मंडल जम्मू पहुँचने वाला है इस प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी और गृहमंत्री शिवराज पाटिल कर रहे यह प्रतिनिधि मंडल जम्मू में एक महीने से संघर्ष कर रहे गुटों से चर्चा करना चाहता है ।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार इस प्रतिनिधि मंडल के दौरे से पहले रणनीति पर विचार करने के लिए संघर्ष समिति के २५० सदस्यों की एक बैठक हुई । दो घंटे चली इस बैठक के बाद यह निर्णय तो लिया गया कि संघर्ष समिति सर्वदलीय प्रतिनिधि मंडल से चर्चा करेगी । लेकिन बाद में एक टेलीविज़न चैनल से हुई चर्चा में लीलाकरण शर्मा ने कहा कि यदि इस प्रतिनिधि मंडल में कश्मीरी नेता भी शामिल हुए तो वे चर्चा नहीं करेंगे । उनका तर्क था कि कश्मीरी नेताओं के विचार सबको ज्ञात हैं और वे अमरनाथ मंदिर बोर्ड को ज़मीन देने के ख़िलाफ़ हैं और ऐसे में चर्चा का कोई औचित्य ही नहीं रह जाएगा

महाभियोग के ख़िलाफ़ मुशर्रफ़ समर्थक एकजुट

पाकिस्तान, ९ अगस्तपाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के समर्थकों ने संसद में उनके ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव आने पर एकजुट होकर विरोध करने का फ़ैसला किया है।
पाकिस्तान में पहले सत्ता में रह चुकी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग (क्यू) ने कहा है कि उसे पूरा भरोसा है कि वह सत्तारूढ़ गठबंधन को महाभियोग प्रस्ताव पारित करवाने के लिए दो तिहाई बहुमत जुटाने से रोक सकती है ।
यदि महाभियोग प्रस्ताव पारित करवाना है तो सत्तारूढ़ गठबंधन को दोनों सदनों में दो तिहाई बहुमत जुटाना होगा ।
गुरुवार को पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता आसिफ़ अली ज़रदारी और पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) के नेता नवाज़ शरीफ़ ने घोषणा की थी कि वे परवेज़ मुशर्रफ़ के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव लाएँगे ।
उनका कहना है कि परवेज़ मुशर्रफ़ अक्षम हैं और लोकतंत्र के रास्ते का रोड़ा बने हुए हैं। अभी राष्ट्रपति मुशर्रफ़ ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है। अलबत्ता अमरीका ने कहा है कि यह पाकिस्तान का अपना अंदरूनी मामला है ।

विद्युत सुधार न होने पर आन्दोलन की चेतावनी

भदोही, ९ अगस्त- सपा कार्यकर्ताओं की बैठक गत दिवस पचभैया स्थित पूर्व सांसद के आवास पर हुई। जिसमें विद्युत कटौती पर विचार-विमर्श किया गया। सपा जिलाध्यक्ष जाहिद बेग ने कहा कि गत २४ जुलाई को पार्टी द्वारा विद्युत कटौती के खिलाफ विभाग पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया था।
जिसमें विभाग के उच्चाधिकारियों द्वारा आपूर्ति में सुधार के लिये एक सप्ताह का समय मांगा गया था जबकि दो सप्ताह बीतने को है अभी तक विद्युत कटौती में सुधार नहीं हुआ।
कहा कि यदि अतिशीघ्र विद्युत कटौती पर रोक न लगायी गयी तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन को बाध्य होंगे।
जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी। बैठक की अध्यक्षता पन्नालाल यादव व संचालन राशिद बेग मिन्टू ने किया। बैठक में शोभनाथ यादव, जफर मंसूरी, इश्तियाक डायर, अलीशेर खां, नसीम अंसारी, हसनैन अंसारी, नदीम सिद्दीकी, निजाम मंसूरी, राजकुमार यादव, अयूब अंसारी, चौधरी यादव, अफरोज मंसूरी, इकबाल अंसारी आदि लोग उपस्थित रहे।