Jul 26, 2008

भाजपा का कल से भंडाफोड़ आंदोलन शुरू करने का इशारा

नई दिल्ली, २६ जुलाई लोकसभा में एक करोड़ रुपये लहराने और सासंदों की खरीद फरोख्त के सनसनीखेज आरोप लगाकर संप्रग सरकार को कठघरे में खड़ा करने वाली भाजपा अब देश भर में 'भंडाफोड़' आंदोलन चलाने जा रही है। इसकी घोषणा करते हुए पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने आरोप लगाया है कि छह महीने की सरकार बचाने के लिए सत्ता के दलालों ने छह सौ करोड़ रुपये से ज्यादा का काला धन निवेश किया है। अब इन दलालों ने मय सूद के वसूली अभियान शुरू कर दिया है।
रविवार से भाजपा इस आंदोलन का पहला चरण शुरू कर रही है। इसकी शुरुआत पार्टी के शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी की दिल्ली में होने वाली रैली से होगी। इसी दिन पार्टी के अन्य दर्जन भर नेता देश के विभिन्न राज्यों में रैलियां करेंगे।
पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह एक अगस्त को रामेश्वरम व दो अगस्त को लखनऊ में रैली करेंगे। अन्य प्रमुख नेताओं में डा। मुरली मनोहर जोशी इंदौर, जसवंत सिंह चेन्नई, वेंकैया नायडू एरनाकुलम, बेंगलूर व जयपुर, सुषमा स्वराज मुंबई व अगरतला, मुख्तार अब्बास नकवी पटना, रविशंकर प्रसाद देहरादून, यशवंत सिन्हा रांची, विनय कटियार भुवनेश्वर व बलवीर पुंज चंडीगढ़ की रैलियों में शामिल होंगे।
नकवी ने कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग सरकार पर अनेक शर्मनाक और घिनौने करार व समझौते करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जमाखोरों, कालाबाजारियों, सत्ता के दलालों और अपराधियों से सरकार को बचाने के लिए पर्दे के पीछे कई करार किए गए हैं। आने वाले दिनों में देश के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक हालात पर इसका सीधा असर दिखेगा।

No comments: