Jul 23, 2008

विवाहिता के साथ दिनदहाड़े दुष्कर्म, दो गिरफ्तार

वाराणसी, २३ जुलाई- पति की गैरमौजूदगी में मकान मालिक के बेटे व उसके दोस्तों ने एक विवाहिता के साथ सोमवार को दिनदहाड़े दुष्कर्म किया। विवाहिता के पति ने मंगलवार को इस मामले में धारा ३७६ के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर सारनाथ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे अभियुक्त की तलाश जोर-शोर से जारी है। पीड़ित महिला को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक विवाहिता अपने पति और चार बच्चों के साथ टीसरिया, परशुरामपुर (सारनाथ) में श्रीराम मौर्य के मकान में पिछले पांच वर्षो से किराए पर रह रही है। पति मूल रूप से चौकाघाट का निवासी है और वहीं बढ़ई का कार्य करता है। विवाहिता के अनुसार सोमवार की सुबह उसका पति प्रतिदिन की तरह काम पर चला गया। पूर्वाह्न साढ़े १० बजे वह नाश्ता कर रही थी। इसी बीच मकान मालिक का लड़का श्यामसुंदर (२८ वर्ष) अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। उन्होंने उसका मुंह दबाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने मोबाइल से उसकी तस्वीर भी खींची। मौका पाकर वह चिल्लाई तो सभी भाग निकले। बाद में विवाहिता ने पुत्री द्वारा पीसीओ से फोन कर पति को बुलाकर घटना की जानकारी दी।
आरोप है कि दुष्कर्मियों ने पति-पत्नी को धमकी देकर थाने नहीं जाने दिया। किसी प्रकार दोनों छिपकर मंगलवार को सारनाथ थाना पहुंचें। थानाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव के अनुसार विवाहिता की शिकायत पर आरोपी श्यामसुंदर व उसके साथी रामअचल को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरा आरोपी पंकज फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। विवाहिता के अनुसार तीन माह पूर्व भी श्यामसुंदर ने नहाते समय उससे छेड़खानी की थी।

No comments: