Aug 30, 2008

कोसी का कहर झेल रहा है बिहार

बिहार, ३० अगस्त-कोसी नदी में आई भयानक बाढ़ में सेना की एक बचाव नौका डूब गई। इस नाव पर सवार पचास लोगों में से कम से कम 15 के डूब जाने की आशंका है । मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक ओपी भास्कर ने संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि सेना की यह नाव बाढ़ में घिरे लोगों से भरी थी और इसके डूब जाने से कम से कम पंद्रह लोग डूब गए हैं, जिनके जीवित बचने की संभावना नहीं है ।
भास्कर ने बताया, "मुरलीगंज़ थाने के अंतर्गत मीरगंज इलाक़े में सेना की नाव लोगों को बचाने के लिए गई थी, वहाँ धारा बहुत तेज़ थी, नाव उलट गई और बहाव में कई लोग बह गए, हमने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और लगभग ३० लोगों को निकाल लिया गया लेकिन पंद्रह के क़रीब लोगों को नहीं बचाया जा सका।"
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नाव पर लगभग ५० लोग सवार थे, यह घटना भारतीय समय के अनुसार शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे के आसपास हुई। उन्होंने बताया कि बचाव दल में शामिल सेना के एक हवालदार और एक पदाधिकारी के डूब जाने की भी आशंका है ।
ख़राब मौसम के कारण बचाव और राहत कार्यों में ख़ासी दिक्कत आ रही है और सैकड़ों गाँव बाढ़ के पानी की चपेट में हैं । उधर भारत के प्रधानमंत्री इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कर चुके हैं और उन्होंने प्रभावित क्षेत्र के लोगों को राहत पहुँचाने के लिए १००० करोड़ के पैकेज की घोषणा की है ।
कोसी नदी का तटबंध टूटने के बाद आई इस बाढ़ ने भारत के बिहार राज्य के १५ ज़िलों को अपनी चपेट में ले लिया है और इससे २५ लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। लेकिन चार ज़िलों, सुपौल, सहरसा, अररिया और मधेपुरा में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर है ।
सेना की मदद से प्रशासन लोगों को बचाने और राहत पहुँचाने में लगा हुआ है और अब तक एक लाख २४ हज़ार लोगों को बाढ़ के बीच से निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया जा चुका है. लेकिन मौसम विभाग ने अगले ४८ घंटों में भारी बारिश की चेतावनी दी है और इससे प्रशासन और परेशान हो गया है ।
हेलिकॉप्टर से खाद्य पैकेट गिराए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी याद में ऐसी भयंकर बाढ़ नहीं देखी है। माना जा रहा है कि कोसी नदी ने अपनी धारा बदल ली है और अब वह उस रास्ते से बह रही है जहाँ से दो सौ साल पहले बहा करती थी और इसी के कारण बाढ़ उन इलाक़ों तक पहुँच गई है जहाँ पहले बाढ़ नहीं आती थी ।
प्रशासन ने ३९६ मोटर बोट और नावों से लोगों को बचाने का काम जारी रखा हुआ है लेकिन मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार ने और बोट मंगवा ली हैं और जल्दी ही ७०० बोट और नावें लोगों को बचाने में लगा दी जाएँगीं।
राज्य सरकार के अनुसार बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित चार ज़िलों में अब तक ६५ हज़ार से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है और सभी १५ ज़िलों में एक लाख २४ हज़ार लोग बचाए जा चुके हैं।
फ़िलहाल प्रशासन तीन हेलिकॉप्टरों की मदद से बाढ़ में फँसे हुए लोगों के लिए खाद्यान्न सामग्री गिराने के काम में लगा हुआ है। लेकिन केंद्र सरकार ने अधिक क्षमता वाले बड़े हेलिकॉप्टर देने का आश्वासन भी दिया है।

आसाराम बापू और उनके बेटे आरोपों से बरी

इंदौर, ३० अगस्त- विवादों में घिरे संत आसाराम बापू और उनके पुत्र नारायण सांई को आज उस समय बड़ी राहत मिली जब गुजरात सरकार ने यहां उच्च न्यायालय में अपना जवाब दाखिल करते हुए कहा कि दोनों के खिलाफ कोई फौजदारी प्रकरण है ही नहीं।
न्यायाधीश डब्ल्यू.ए.शाह की अदालत में गत १३ अगस्त को नारायण सांई की ओर से अभिभाषक पी.के.सक्सेना ने अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। इस याचिका को स्वीकार करते हुए न्यायालय ने गुजरात सरकार को नोटिस जारी करते हुए अपना पक्ष रखने को कहा था।
आज गुजरात सरकार की ओर से दिए गए जवाब पर सुनवाई करते हुए न्यायाधीश महोदय ने यह कहकर नारायण सांई की अग्रिम जमानत की अर्जी निरस्त कर दी कि जब इन दोनों के खिलाफ कोई प्रकरण ही नहीं तो जमानत की क्या अवश्यकता है ।
नारायण सांई की अग्रिम जमानत की अर्जी में कहा गया था कि गुजरात पुलिस और सीआईडी उन्हें अहमदाबाद स्थित उनके पिता के आश्रम में हुई दो बच्चों की मौत के सिलसिले में उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।
इन्दौर उच्च न्यायालय को गुजरात सरकार द्वारा भेजे गए जवाब में कहा गया कि न तो आश्रम में हुई दो बच्चों की मौत या अन्य किसी भी मामले में नारायण सांई या आसाराम बापू के विरुद्ध कोई प्रकरण दर्ज है।
गुजरात पुलिस की ओर से प्रस्तुत इस जवाब के बाद न्यायालय ने नारायण सांई की अग्रिम जमानत की अर्जी निरस्त कर दी। नारायण सांई के अभिभाषक पी.के.सक्सेना ने यहां यूनीवार्ता को बताया कि कल न्यायालय में नारायाण सांई स्वयं भी उपस्थित हुए थे।

Aug 29, 2008

झारखंड: शिबू सोरेन ने विश्वास मत हासिल किया

रांची, २९ अगस्त- झारखंड में तीन दिन पुरानी शिबू सोरेन के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने शुक्रवार को विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के ३४ मतों के मुकाबले ४२ मतों से विश्वास मत हासिल कर लिया।
विश्वासमत के लिए विधानसभा का शुक्रवार को विशेष सत्र बुलाया गया था और छह घंटे चली बहस के बाद मतदान शुरू हुआ।
सदन में सदस्यों की संख्या ८१ है। एक महीने पूर्व जनता दल (एकीकृत) के विधायक रमेश सिंह मुंडा की माओवादियों द्वारा की गई हत्या के बाद से एक सीट रिक्त है।
सभापति आलमगीर आलम ने इस विश्वासमत के लिए भारतीय जनता पार्टी के दो निलंबित विधायकों विष्णु भैया और मनोहर टेकरीवाल को कल मताधिकार से वंचित कर दिया था। इसके अलावा एक निलंबित भाजपा विधायक कुंती सिंह मतदान के दौरान अनुपस्थित रहे।
११ मार्च २००५ में बहुमत जुटानें में नाकाम रहे सोरेन ने शुक्रवार को आसानी से विश्वास मत हासिल कर लिया। सोरेन और उनके ११ सहयोगियों को २७ अगस्त को शपथ दिलाई गई थी।

प्रसिद्ध अभिनेत्री जयश्री गडकर का निधन

मुंबई, २९ अगस्त- हिन्दी और मराठी फिल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री जयश्री गडकर उम्र ६६ का आज यहां निधन हो गया ।
श्रीमती गडकर कुछ समय से बीमार थी उनके परिवार में अभिनेता पति बाल धुरी और एक पुत्र हैं ।
श्रीमती गडकर ने चार दशक से भी लम्बे फिल्मी कैरियर में २५० से ज्यादा हिन्दी और मराठी फिल्मों में काम किया जिनमें कई पौराणिक फिल्में भी शामिल हैं । उन्होंने ने बाल नृत्य कलाकार के रूप में फिल्मों में अपने केरियर का आगाज किया । मानिनी, वेजन्ता, सवाल माझा आईका, और साधी मनसा फिल्मों के लिये उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया ।
मराठी फिल्मों में उनकी राजा गोसावी के साथ जोडी बनी और दोनों ने आलिया भोगसी, उतवला आवारा, याला, जीवन ऐसे नवरा, अवागाकी संसार और पैसाचा पाउस जैसी कई सफले फिल्में दी । उन्हें तमाशा और लावणी जैसे लोकनृत्य पर आधारित फिल्मों से काफी लोकप्रियता मिली ।

टाटा की सिंगूर स्थित कंपनी में कम ठप्प

सिंगूर, २९ अगस्त- तृणमूल कांग्रेस द्वारा की गई घेराबंदी के छठे दिन टाटा मोटर्स की कार परियोजना में आज काम बंद रहा। कल रात कर्मचारियों को हुई दिक्कत के कारण कंपनी ने निर्णय लिया कि किसी शिफ्ट में काम नहीं होगा।
टाटा मोटर्स के प्रवक्ता ने यहां कहा कि कंपनी के कमचारी और ठेके पर काम करने वाले श्रमिक कल देर रात संयंत्र से गए इसलिए यह कंपनी का फैसला है कि आज की तीनों शिफ्ट में परियोजना स्थल पर कोई कर्मचारी नहीं होगा।
ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 24 अगस्त से उस संयंत्र का घेराव किया हुआ है जिसकी स्थापना विश्व की सबसे सस्ती कार का विनिर्माण के लिए किया गया है। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता परियोजना के लिए आवंटित कृषियोज्ञ भूमि के कुछ हिस्से को वापस करने की मांग कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन से फैक्ट्री का कामकाज पर असर हुआ है।
अनुराधा तलवार के नेतृत्व वाले किसानों के मंच खेत मजदूर समिति के समर्थकों ने कथित तौर पर देर रात तक संयंत्र के मजदूरों को जाने नहीं दिया। फैक्ट्री के मुख्य द्वार के सामने भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है। कल ठेके पर काम करने वाले सिर्फ १५ फीसदी मजदूर काम पर आए जबकि इंजीनियरों की भी उपस्थिति भी कम रही।

भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर कमी आयी

नई दिल्ली, २९ अगस्त- भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर वित्त वर्ष २००८-०९ की पहली तिमाही में ७.९ प्रतिशत रही है । पिछले साल की पहली तिमाही में ये ८.८ प्रतिशत थी और उससे एक साल पहले विकास दर ९.२ प्रतिशत थी.
पर्यवेक्षकों के अनुसार ये पिछले तीन साल में अर्थव्यवस्था के विकास की सबसे धीमी गति है।
ये माना जा रहा है कि आर्थिक विकास दर का धीमा होना तय था क्योंकि भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने महँगाई को नियंत्रण में करने के लिए हाल में ब्याज दर बढ़ाया था। इसी के साथ तेल, खाद्य सामग्री की कीमतें भी बढ़ी थी और महँगाई पिछले १३ साल में सबसे ऊँचे स्तर पर पहुँच गई थी । महत्वपूर्ण है कि केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा था कि यदि सकल घरेलु उत्पाद पहली तिमाही के मुताबिक ही बाक़ी के साल में भी रहता है तो अर्थव्यवस्था की विकास दर लगभग आठ प्रतिशत ही रहेगी।
भारत सरकार के केंद्रीय सांख्यिकी संगठन (सीएसओ) के जुटाए आंकड़ों के मुताबिक वर्ष २००६-०७ में भारत की सकल घरेलु उत्पाद (जीडीपी) की विकास दर ९.६ प्रतिशत थी जो पिछले १८ साल में सबसे ज़्यादा थी ।
प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य सौमेत्र चौधरी ने कहा है, "इन आँकड़ों से कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। जब आप वित्तीय स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश करते है तो विकास दर घटती ही है । लेकिन विकास दर बहुत ज़्यादा नहीं गिरी है क्योंकि पीछे का इतिहास देखा जाए तो ७.९ की विकास दर काफ़ी ऊँची है।"
निर्माण क्षेत्र की विकास दर लगभग आधी होकर ५.६ प्रतिशत हो गई जबकि इससे पहले ये १०.९ प्रतिशत थी। ११.८ प्रतिशत और बिजली क्षेत्र में विकास दर ७.३ प्रतिशत थी । कृषि और संबंधित क्षेत्रों में विकास दर पिछले साल के ४.४ प्रतिशत से घटकर तीन प्रतिशत रह गई ।
बिजली, गैस और पानी की सप्लाई अन्य प्रमुख क्षेत्र है जिनकी विकास दर में कमी आई है। पहले ये ७.९ प्रतिशत थी और अब ये घटकर २.६ प्रतिशत हो गई है ।
सेवा क्षेत्र, होटल, यातायात और संचार सेवाओं की विकास दर ज़्यादा नहीं घटी और ये पिछले साल के १३.१ के मुकाबले में ११.२ प्रतिशत थी. वित्तीय क्षेत्र, बीमा, व्यावसायिक सेवाओं की विकास दर १२.६ प्रतिशत के घट कर ९.३ प्रतिशत हो गई है ।

आज सम्मानित होंगे महेंद्र सिंह धोनी

नई दिल्ली, २९ अगस्त- राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल शुक्रवार की शाम देश के सबसे बड़े खेल सम्मान 'राजीव गाँधी खेल रत्न' से भारतीय वन-डे क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को पुरस्कृत करेंगी।
इसके अलावा वे अन्य खेल हस्तियों और प्रशिक्षकों को भी अर्जुन पुरस्कार व द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित करेंगी। धोनी चूँकि श्रीलंका में वन-डे श्रृंखला खेलने में व्यस्त हैं इसलिए उनकी ओर से उनके माता-पिता पुरस्कार ग्रहण करेंगे।
भारतीय हॉकी को शिखर पर पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मेजर ध्यानचंद की याद में शुरू किए गए ध्यानचंद पुरस्कार से भी राष्ट्रपति तीन पूर्व खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगी। स्व. ध्यानचंद के जन्म दिन के मौके पर देश भर में 'खेल दिवस' मनाया जाता है। इसी खेल दिवस के मौके पर राष्ट्रपति देश के तमाम वर्तमान व पूर्व खिलाड़ियों सहित प्रशिक्षकों को सम्मानित करेंगी।