Jul 13, 2008

अमर सिंह ने किया मायावती के खिलाफ स्टिंग ऑपरेशन

मुंबई, १३ जुलाई-अमर सिंह ने आज मुंबई में एक प्रेस वार्त कर उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे उत्तरप्रदेश की पुलिस पर इस बात के लिए दवाब बना रहीं है कि किसी भी तरह से अमिताभ बच्चन और अमरसिंह को फंसाओं। मायावती पर उत्तरप्रदेश की पुलिस का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए अमर सिंह ने एक सीडी मीडिया को दिखाई है जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारी के के दिवेद्वी को दिखाया गया है। अमर सिंह ने सीडी के आधार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि यह सीडी इस बात का प्रमाण है कि उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री किस तरह से प्रशासन का दुरुपयोग कर रहीं है ।
इस सीडी में पुलिस के अधिकारी ने इस बात को माना है कि अमर सिंह और अमिताभ बच्चन के खिलाफ कोई मामला नहीं बनता लेकिन उत्तरप्रदेश के एक शीर्ष अधिकारी का आदेश है कि अमर और अमिताभ बच्चन को फंसाया जा।
अमर सिंह ने कहा कि मायावती उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के समय कई बार इस बात को दोहराया था कि सत्ता में आने पर मुलायम सिंह और अमर सिंह को जेल भेज देगी लेकिन यह समस्त बातें वे किस सबूत के आधार पर कह रहीं थी समझ से परें है। मुलायम सिंह को सिर्फ इस बात के लिए दोषी ठहराया जा रहा था कि एक व्यक्ति ने उनपर आरोप लगाया था जिसका कोई आधार नहीं था ।
आरुषि मामले में अमरसिंह ने उत्तरप्रदेश की पुलिस के द्वारा की गई जांच पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों ने तलवार परिवार का चरित्र हनन किया है और इसके लिए राज्य की मुख्यमंत्री को तलवार परिवार से माफी मांगनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने दोषी अफसरों के तत्काल इस्तीफे की मांग भी की है । अमर सिंह ने कहा है कि उत्तरप्रदेश पुलिस के एडीजीपी बृजलाल को इस्तीफा दे देना चाहिए ।

मुंबई में हरियाली बढाने का कार्य कर रही है 'आई लव मुम्बई'

मुम्बई : हरियाली ही जीवन का आधार है। संस्था 'आई लव मुम्बई' ने इस मंत्र को अपने अस्तित्व का मकसद बना लिया है। महानगर में हरियाली को बढ़ावा देने के लिए यह अभियान चला रही है। इसी कड़ी में रविवार को मुम्बई के २५ केंद्रों में पौधों का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीएमसी के उपायुक्त जयराज फाटक होंगे। शेल इंडिया के सीईओ विक्रम मेहता और ऐक्ट्रिस वहीदा रहमान और पेरिजाद जोराबियन सम्मानित अतिथि की भूमिका निभाएंगी। अभियान का संचालन टाइम्स फाउंडेशन और 'आई लव मुम्बई' के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

दो जून रोटी का भी जुगाड़ नहीं कर पाने वालों ने दिए माया को 13 करोड़

नई दिल्ली, १३ जुलाई- सीबीआई ने आरोप लगाया है कि मायावती ने अपनी १३ करोड़ १८ लाख की राशि ऐसे १३० लोगों से दान में मिली बताई है जो अपने लिए दो जून रोटी का भी जुगाड़ नहीं कर सकते।
देश की प्रमुख जांच एजेंसी ने उच्च न्यायालय में दाखिल कराए अपने हलफनामे में कहा कि इस तथ्य के बारे में तब पता चला जब मायावती और उनके परिजनों द्वारा पेश की गई आयकर विवरणिका की जांच की गई।
हलफनामे में कहा गया है कि जांच से पता चला कि मुख्यमंत्री ने बाद में दान में दी गई इस राशि का आय की स्वैच्छिक घोषणा योजना [वीडीआईएस] में खुलासा किया। हलफनामे में कहा गया है कि यह पता लगा है कि सचल और अचल परिसंपत्तियों को हासिल करने के उद्देश्य से धन के इस स्रोत को छिपाने के लिए मायावती, उनके पारिवारिक सदस्यों और रिश्तेदारों द्वारा ३०७ दान और उपहार लिए जाने की जानकारी दी गई है जिनकी कुल कीमत १३ करोड़ १८ लाख रुपये है। बताया गया है कि यह राशि १३० दानदाताओं से प्राप्त की गई।
सीबीआई ने शीर्ष न्यायालय को जानकारी दी कि इनमें से ३० दानदाताओं को पता लगाने के बाद उनकी जांच की गई। एजेंसी ने आरोप लगाया कि इन दानदाताओं ने बताया है कि उनके पास ऐसे उपाय या संसाधन नहीं हैं कि वे इस कदर बड़ी धनराशि वाले उपहार या दान दे सकें जैसा कि आय कर विवरणिकाओं में प्रदर्शित किया गया है।
मायावती ने शनिवार को कहा था कि उनके खिलाफ दायर मामला राजनीति से प्रेरित है। सीबीआई ने इस आरोप से इंकार करते हुए कहा कि उसके द्वारा न्यायालय में पेश किया गया हलफनामा मुख्यमंत्री द्वारा दायर उस याचिका की प्रतिक्रिया में दिया गया है जिसमें उन्होंने [मायावती ने] उच्चतम न्यायालय से अपने खिलाफ अक्तूबर २००३ में दायर प्रथम सूचना रिपोर्ट को खारिज करने की मांग की थी।
अपने हलफनामे में सीबीआई ने उच्चतम न्यायालय को सूचित किया कि आयकर विभाग ने भी कुछ दानदाताओं की जांच की है और जांच के दौरान विभाग को दिए गए दानदाताओं के बयान एजेंसी के बयानों के समान ही हैं। हलफनामे में आरोप लगाया गया है कि दानदाताओं ने बताया कि दिल्ली के किसी महेश गर्ग ने उनके बैंक खाते खुलवाए। खाते खुलवाने के बाद उसने दानदाताओं के हस्ताक्षर किए हुए चेक अपने पास रख लिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने खातों में हुए लेन-देन के बारे में कोई जानकारी नहीं है क्योंकि इन सभी खातों का संचालन गर्ग ही करता था।
हलफनामे में कहा गया है कि गुरचरण कौर, कुलवंत कौर और सरवन कौर नाम की तीन महिलाओं को मायावती को २८-२८ लाख रुपये की राशि दान देते बताया गया है। आयकर विभाग ने दर्ज किया है कि इन तीनों ने १९९७ की वीडीआईएस में २८ लाख रुपये की इस धनराशि की घोषणा की है। इन महिलाओं ने इस राशि पर कर भी अदा किया है।
वीडीआईएस में तीनों महिलाओं ने घोषणा की थी कि यह धन उन्हें उनके पिता हरि सिंह ने दिया था। जांच के दौरान पाया गया कि हरि सिंह एक मामूली दस्तकार है और वह इतना ही धन कमा पाता है कि उससे कोई बचत नहीं की जा सकती।
एजेंसी ने दावा किया कि इसके अलावा महिलाओं की अपनी भी ऐसी कोई आय नहीं है कि वे इतनी बड़ी धनराशि को किसी को उपहार के तौर पर दे सकें। सीबीआई ने यह भी कहा कि अर्जित आय से अधिक धन संबंधी जांच से यह भी पता चला कि १९९५ में पहली बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनने के बाद से मायावती की संपत्ति में भारी इजाफा हुआ है।

Jul 12, 2008

डॉ. राजेश तलवार जेल से रिहा

नामी दंत चिकित्सक राजेश तलवार ५० दिन बाद आज आखिरकार जेल से रिहा हो गए।
आरुषि हत्याकांड में नोएडा पुलिस ने डॉक्टर राजेश तलवार को हत्या का आरोपी बताया था और मीडिया ने उनके बारे में तरह-तरह की कहानियाँ रची थीं।
तलवार के रिश्तेदारों द्वारा जमानत संबंधी औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद ४९ वर्षीय तलवार सुबह ८.३० बजे डासना जेल से बाहर आए।
तलवार को स्थानीय अदालत ने जमानत दी थी। बाहर आकर तलवार अपनी पत्नी नुपूर तलवार, भाई दिनेश तलवार और अन्य रिश्तेदारों से मिले।
भारी संख्या में मीडिया की मौजूदगी और भीड़ के बीच पत्नी तथा अन्य रिश्तेदारों से मिलने के बाद राजेश तलवार ने कहाँ कि अंतत: सच्‍चाई सामने आ गई। बाकी बातें मैं बाद में करूँगा।
तलवार को उनकी बेटी आरुषि और नौकर हेमराज की हत्या के एक सप्ताह बाद गत २३ मई को गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस को तलवार परिवार के घर पर हुए इस हत्याकांड में राजेश तलवार का हाथ होने का संदेह था।
पुलिस ने कुछ लोगों से पूछताछ के बाद ही राजेश तलवार पर आरोप लगा दिए थे और इसके बाद मीडिया ने भी राजेश तलवार के एक अन्य महिला चिकित्सक के साथ संबंध होने और फिर इसके बारे में आरुषि को जानकारी लगने और इसी के बाद राजेश तलवार का आरुषि से विवाद होने संबंधी कहानियाँ बताई थीं।
रिहाई की औपचारिकताएँ उनकी पत्नी नूपुर तलवार और अन्य रिश्तेदारों ने शुक्रवार रात ही पूरी कर ली थी। जेल से बाहर निकलते ही तलवार अपनी पत्नी से मिले। भावुक तलवार दंपत्ति ने कहा हमें अकेला छोड़ दें। हमें अपनी बेटी की मौत का शोक मनाने दें।

दुर्घटना में सेना के तीन जवानों की मौत

जम्मू के बाहरी इलाके नागरोटा क्षेत्र में कल्ला कुपर के निकट एक सड़क दुर्घटना में सेना के तीन जवानों की मौत हो गई है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की शाम श्रीनगर से जम्मू आ रहे वाहन के राष्ट्रीय राजमार्ग से फिसलकर खड्ड में गिर जाने से राष्ट्रीय राइफल्स की १३ वीं बटालियन के तीन जवान मारे गए।
हालाँकि घटना की जानकारी मिलने पर वहाँ पहुँचे पुलिस दल ने बचाव कार्य शुरू किया और तीनों जवानों को अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीनों जवानों की पहचान सुबेदार महताबसिंह, सिपाही शशि भूषण और ड्राइवर हरविंदरसिंह के रूप में हुई है।

न्यूज़ एजेंसी के नाम पर की जा रही ब्लैक मेलिंग के धंधे का भंडाफोड़

नई दिल्ली। पुलिस ने न्यूज एजेंसी की आड़ में उगाही व ब्लैक मेलिंग का धंधा करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर एक युवती समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन चारों ने पहले तो दक्षिणी दिल्ली के एक व्यवसायी का अश्लील वीडियो बनाया और फिर उससे १० लाख रूपए की मांग करने लगे। पुलिस इस गिरोह के सरगना अखिलेश उर्फ राजेश को तलाश रही है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त नीरज ठाकुर ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली के एक व्यवसायी ने अपराध शाखा के एंटी एक्सटोर्शन सेल में शिकायत की कि लगभग एक माह पहले निशा नामक युवती ने उसे फोन कर उससे दोस्ती करने का प्रस्ताव दिया। फोन पर बातचीत के बाद एक दिन भीकाजी कामा पैलेस स्थित एक रेस्तरां में व्यवसायी की निशा से मुलाकात हुई। इसके बाद एक जुलाई को फोन किया और चाणक्या पैलेस, डाबड़ी इलाके में स्थित अपने घर पर बुलाया। व्यवसायी वहां पहुंच गया और इसके बाद उसने निशा के साथ शराब पी। वहां पर नीरज नामक युवक पहले से मौजूद था। निशा वहां से बहाना बना कर चली गई। इसके बाद एक महिला ने व्यवसायी को अपने साथ संबंध बनाने के लिए उकसाया। चार जुलाई को निशा ने व्यवसायी को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। निशा के साथ नीरज भी था, उन दोनों ने व्यवसायी को कहा कि उन्होंने एक जुलाई को व्यवसायी और महिला के बीच बने शारीरिक संबंध को वीडियो कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया है। यदि वह बदनामी से बचना चाहता है तो १० लाख रूपए दे दे।
शिकायत पर एसीपी जसवीर मलिक की देखरेख में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने व्यवसायी को महिला से सौदा तय करने के लिए बुलाया। सौदा तय होने पर भुटानी होटल, तिलक नगर के पास व्यवसायी को वीडियो टेप देने के लिए बुलाया। पुलिस भी वहां पहुंच गई और व्यवसायी से रकम ऐंठने पहुंचे चार लोगों को दबोच लिया। इनके नाम ब्रिजेश कुमार उर्फ नीरज(३०), राज कुमार(२९), नीरज कुमार सेंगर व वंदना सोनी उर्फ निशा उर्फ वेंडी हैं। चारों ने खुलासा किया कि न्यूज इंडिया एंड रिपोटर्स आई के नाम से एक मीडिया संगठन बनाया है। इसे बनाने वाला अखिलेश उर्फ राजेश है।

महिला के गर्भ से मिला अजन्मे शिशु का कंकाल

बिजनौर १२ जुलाई- जिला अस्पताल में प्रसव के लिए आई एक महिला के पेट से चिकित्सको ने आपरेशन के दौरान एक छह माह के अजन्मे भूण का छह वर्ष पुराना कंकाल निकाला।
जिला चिकित्सालय की सीएमएस डा. शैली मेहरोत्रा ने बताया कि कल भूरी नाम की एक महिला अस्पताल में प्रसव के लिए आई थी। जांच के दौरान पता चला कि उसके गर्भाश्य में पूर्ण विकसित स्वस्थ भ्रूण के साथ ही एक अविकसित भ्रूण का कंकाल भी चिपका हुआ है।
उन्होंने बताया कि आपरेशन के बाद महिला ने लड़के को जन्म दिया। इस दौरान डाक्टरों ने वह कंकाल भी निकाला जो पिछले छह वर्ष से उसकी आंतों और गर्भाश्य से चिपका हुआ था।
उन्होंने बताया कि महिला ने छह वर्ष पहले गर्भ धारण किया था लेकिन अचानक उसका पेट सामान्य दिखाई देने लगा तो परिजनो ने इस ओर अधिक ध्यान नहीं दिया और किसी तरह का डाक्टरी परीक्षण भी नहीं कराया।
छह वर्ष बाद महिला ने दोबारा गर्भ धारण किया तो प्रसव से पूर्व इस पिछले गर्भ के बारे में चिकित्सकों को मालूम हुआ।