Sep 28, 2008

शशांक मनोहर बीसीसीआई के नए अध्यक्ष

मुंबई, २८ सितम्बर-पेशे से वकील शशांक मनोहर ने शनिवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड की ७९ वीं सालाना आम बैठक में अध्यक्ष पद का भार संभाल लिया, जबकि एन श्रीनिवासन नए सचिव बने।
दिलीप वेंगसरकर की जगह श्रीकांत मुख्य चयनकर्ता होंगे, जबकि यशपाल शर्मा, राजा वेंकट, सुरेंद्र भावे और नरेंद्र हिरवानी भी चयन समिति होंगे। अभय कुरुविला जूनियर चयन समिति के प्रमुख होंगे।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने दिल्ली धमाके की निंदा की

संयुक्त राष्ट्र, २८ सितम्बर- संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने शनिवार को नई दिल्ली में हुए बम विस्फोट की कड़े शब्दों में निंदा की है। गौरतलब है कि दक्षिण दिल्ली में शनिवार को हुए बम विस्फोट में एक १३ वर्षीय लड़के की मौत हो गई थी और कई घायल हुए।
मून ने बयान में बम विस्फोट की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि इस घटना के दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को कोई भी जायज नहीं ठहरा सकता है।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के अनुसार मून ने बम विस्फोट में मारे गए लड़के के परिजनों और घायलों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

अब होगा भारत-फ्रांस परमाणु करार

न्यूयार्क, २८ सितम्बर- अमेरिकी संसद द्वारा भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु करार को पारित किये जाने के बाद भारतीय खेमे के लिए एक और उपलब्धि की खबर है। वो यह कि भारत अब फ्रांस के साथ परमाणु समझौते की तैयारी में है। इसके लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शनिवार को तीन दिवसीय यात्रा पर फ्रांस रवाना भी हो चुके हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सोमवार को फ्रांस पहुंचेंगे। भारत-यूरोपीय संघ की नौवीं बैठक में हिस्सा लेंगे। मंगलवार को प्रधानमंत्री पेरिस जाएंगे जहां वे फ्रांसीसी राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात में असैन्य परमाणु सहयोग, रक्षा, अंतरिक्ष, व्यापार समेत कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
मनमोहन सिंह के स्‍वागत में सरकोजी एक भोज का भी आयोजन करेंगे। प्रधानमंत्री यूरोपीय संघ-भारत व्यापार मंच द्वारा आयोजित एक बैठक में भी हिस्सा लेंगे।

Sep 27, 2008

संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद को प्रधानमंत्री नें संबोधित किया

संयुक्त राष्ट्र, २७ सितम्बर- भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज संयुक्तराष्ट्र महासभा के 63 वीं सत्र को संबोधित करते हुए कहा है कि अब सुरक्षा परिषद में बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी की समकालीन वास्तविकताओं के अनुरूप सुरक्षा परिषद का पुनर्गठन किया जाना चाहिए।
इसके साथ ही मनमोहन सिंह ने भारत अमेरिका परमाणु करार, आतंकवाद और कश्मीर मसले के साथ ही विश्व बाजार की वर्तमान दशा और दिशा पर अपने विचार जोरदार अंदाज में रखते हुए संसार के सामने भारत की सोच को रखा है।
भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भारत- अमेरिका परमाणु करार पर विश्व को संदेश देने का प्रयास करते हुए कहा कि परमाणु करार से उर्जा सुरक्षा का बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि परमाणु करार से पूरे विश्व को फायदा होग।
प्रधानमंत्री ने विश्व भर में बढ़ रही आतंकी घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा है आतंकवाद पर लगाम लगाना जरूरी हो गया है। अफगानिस्तान में आतंकवाद कि स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने अपनी चिंता जताई है।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में विश्व के आर्थिक तंत्र में व्यापक सुधार किए जाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा है कि विकसित राष्ट्रों को खाद्य सब्सिडी घटाने पर सोचना होगा। इसके साथ ही उन्होंने गैल और तेल बाजार में स्थिरता लाने पर जोर दिया है।
प्रधानमंत्री ने कश्मीर मसले पर पड़ोसी राष्ट्र पाकिस्तान के साथ चल रहे विवाद पर बोलते हुए कहा है कि कश्मीर मसले समेत सभी विवाद बातचीत से हल किए जा सकते है।

Sep 26, 2008

परमाणु करार टला. बुश ने जल्द मंजूरी का वादा किया

वाशिंगटन, २६ सितंबर- प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और अमरीकी राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश के बीच आज यहां करीब ४५ मिनट तक चली मुलाकात के बावजूद असैन्य परमाणु करार पर अमरीकी संसद से मंजूरी न मिलने के कारण हस्ताक्षर नहीं हो सके ।
हालांकि श्री बुश ने डा सिंह को परमाणु समझौते के जल्द सम्पन्न होने का आश्वासन दिया । श्री बुश ने कहा कि यह समझौता संसद के जरिये इस तरीके से सम्पन्न किया जाएगा जिससे भारत संतुष्ट । श्री बुश ने व्हाइट हाउस के ओवल कार्यालय में भारतीय समयानुसार रात करीब ढाई बजे प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा हम चाहते हैं कि यह समझौता ऐसा हो जिससे आप संतुष्ट हों और हम इसे अपनी संसद से मंजूर करायें । इसलिए हम इस समझौते के संसद में यथाशीघ्र पारित होने के लिए कडी मेहनत कर रहे हैं । दोनों नेताओं की मुलाकात ४५ मिनट से भी ज्यादा चली ।
डा. सिंह ने कहा मुझे उम्मीद है कि अमरीकी संसद के समक्ष विचाराधीन यह करार ऐसे रूप में मंजूर होगा जिससे दोनों ही देश पूरी तरह संतुष्ट होंगे । जब इतिहास लिखा जाय तो इसमें सनद रहे कि राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश ने दोनों लोकतांत्रिक देशों को करीब लाने का ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल किया । इस बीच सूत्रों ने बताया कि सीनेट की विदेश मामलों की समिति द्वारा करार पर १९.२ से मतदान किये जाने के बाद शुरूआती हर्षोन्माद के बाद समति ने कहा कि परमाणु परीक्षण के भारत के अधिकारों में कटौती की जाय तथा सिफारिश की कि यदि भारत परमाणु परीक्षण करता है तो उसे परमाणु सामग्री । इससे जुडे उपकरण और प्रौद्योगिकी की आपूर्ति तत्काल बंद कर दी जाय ।

लालकृष्ण आडवाणी को धमकाने वाला गिरफ्तार

शिलांग, २६ सितम्बर- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के २९ सितंबर को शिलांग दौरे के दौरान जान से मारने की ईमेल से मिली धमकी के सिलसिले में मेघालय पुलिस ने कानून के एक छात्र को गिरफ्तार किया है। शिलांग विधि कालेज के तीसरे वर्ष के छात्र मोइनुल हक ३० से पुलिस ने कई घंटे पूछताछ की। इस दौरान हक द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक साइबर कैफे के मालिक समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया।
इंडियन मुजाहिदीन फील्ड कमांडर नार्थ ईस्ट अली हुसैन बद्र द्वारा स्थानीय समाचार पत्रों को भेजे गए ईमेल में कहा गया कि हम शिलांग यात्रा के दौरान आडवाणी को जान से मार देंगे। बद्र ने यह भी दावा किया था कि इंडियन मुजाहिदीन का आत्मघाती दस्ता राज्य की राजधानी में आडवाणी की राष्ट्रव्यापी संकल्प यात्रा के तहत २९ सितंबर को होने वाली रैली के दौरान उन्हें जान से मारने के लिए तैयार है।
विशेष शाखा के पुलिस महानिरीक्षक के एस.बी.सिंह ने बताया कि हक ने आडवाणी को जान से मारने की धमकी वाला ईमेल भेजने की बात स्वीकार की है। कानून के इस छात्र ने कहा कि उसने इंडियन मुजाहिदीन के नाम पर यह ईमेल भेजा। सिंह ने बताया कि हक का इंडियन मुजाहिदीन के साथ कोई संबंध होने के बारे में पता लगाने के लिए हम उससे और पूछताछ करेंगे।

Sep 25, 2008

गोधरा कांड का सच है नानावटी की रिपोर्ट: जावडेकर

भारतीय जनता पार्टी ने गोधरा कांड पर नानावटी आयोग की रिपोर्ट का स्वागत करते हुए कहा कि यह रिपोर्ट सकारात्मक और व्यापक है। इस इस रिपोर्ट ने रेलमंत्री लालू प्रसाद के उस दावे को पूरी तरह ठुकरा दिया कि कारसेवकों पर बाहर से हमला नहीं हुआ।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने बृहस्पतिवार को कहा कि आयोग की रिपोर्ट ने इस तथ्य को उजागर किया है कि कारसेवकों पर ट्रेन के बाहर से ही हमला हुआ और वह सामूहिक आत्मदाह नहीं था जैसा कि न्यायमूर्ति बनर्जी जांच समिति ने सुझाया है। उन्होंने कहा कि मुख्य अभियुक्त के खिलाफ अदालत के समक्ष पुलिस के दस्तावेज और साक्ष्य मजबूत और वैध थे और जमानत याचिका ठुकरा दी गई थी।
उन्होंने कहा कि नानावटी आयोग की रिपोर्ट गुजरात विधानसभा में बृहस्पतिवार को पेश कर दी गई और यह रिपोर्ट यह साबित करेगी कि इस घृणित कृत्य के लिए अभियुक्तों के खिलाफ अच्छे प्रमाण मौजूद है।