Aug 31, 2008

केंद्र ने बिहार में भेजे अतिरिक्त हेलीकाप्टर नौका

नयी दिल्ली ३१ अगस्त-केंद्र ने बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जारी राहत कार्यों में राज्य सरकार की मदद के लिये सेना की एक कालम और तीन स्वास्थ्य दल को आज वहां के लिये रवाना किया।
कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन समिति ने बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करने के बाद यह फैसला किया गया।
अधिकारिक रूप से बताया गया है कि वहां दो और हेलीकाप्टर भेजे गये हैं। पांच हेलीकाप्टर पहले से ही राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। इसके अलावा प्रभावित इलाकों में ८४ नाव और भेजी गयी हैं जबकि ११८ नौका पहले से ही राहत कार्य में लगी हैं।
राज्य सरकार ने और तिरपाल और लोहे की चादरें भेजे जाने का अनुरोध किया है । ०९७ टेंट भेजे जा चुके हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की सलाह पर बिहार के पड़ोसी राज्यों पश्चिम बंगाल झारखंड और उड़ीसा के राहत आयुक्त नौका और टेंट जैसे राहत सामग्री मुहैया करा रहे हैं।
गुजरात राहत आयुक्त ने चालक दल के साथ १२ मोटर नौका राज्य सरकार को देने की पेशकश की है।
इस बीच महाराष्ट्र सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों के लिये १० करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री विलास राव देशमुख की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस आशय का फैसला किया गया।

शाखा के स्थापना दिवस पर एड्स जागरुकता रैली निकली

वाराणसी, ३१ अगस्त- इंडियन रेडक्रास सोसायटी की वाराणसी शाखा के ७४ वें स्थापना दिवस पर शनिवार को सम्मान समारोह व एड्स जागरुकता रैली निकाली गई। इस दौरान एड्स पर नियंत्रण व पीड़ितों की सेवा का संकल्प लिया गया। आईएमए भवन से निकली रैली में तीस सौ से अधिक पीयर एजुकेटर्स शामिल हुए। नारा लगा रहे एजुकेटर्स के हाथों में एड्स जागरुकता से संबंधित तख्तियां, पोस्टर व बैनर थे। रैली बेनियाबाग स्थित रेडक्रास भवन पहुंच कर समाप्त हुई जहां ध्वजारोहण किया गया। इससे पूर्व लहुराबीर स्थित आईएमए भवन में मुख्य अतिथि एडीएम सिटी नलिन अवस्थी, विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ।आर.एस.वर्मा ने रेडक्रास के संस्थापक हेनरी ड्यून्ट के चित्र पर माल्यार्पण किया।
रेडक्रास के चेयरमैन विजय शाह ने अतिथियों स्वागत किया। सचिव डॉ.संजय राय ने विगत नौ माह की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान यूथ पीयर एजुकेशन प्रोग्राम के तहत एचआईवी व एड्स जागरुकता अभियान से जुड़े प्रशिक्षण प्राप्त १९ स्कूल-कॉलेजों के प्राचार्यो व अधिकारियों को सम्मानित किया गया। यूथ पीयर एजुकेशन के अश्विनी कुमार झा, फुजैल अशरफ, अनुराधा श्रीवास्तव, अमित कुमार पाण्डेय, बजरंगी प्रजापति को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। धन्यवाद प्रकाश डॉ.शेषनाथ राय ने किया।

इलाहाबादः बस पलटी, ३ मरे, २७ घायल

इलाहाबाद, ३१ अगस्त- उत्तरप्रदेश के इलाहाबाद जिले में रविवार को एक निजी बस के पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जाता है कि इस एक्सीडेंट में २७ सवार घायल हो गए हैं जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में चार की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद बस के चालक समेत दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों के उपचार के लिए राहत कार्य जारी हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी घायलों तथा उनके परिजनों को मदद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना की जानकारी देते हुए नवाबगंज थाना-प्रभारी ने मीडिया को बताया कि यह हादसा उस समय हुआ, जब गुजोर कस्बे से इलाहाबाद जा रही यात्री बस लालगोपालगंज कस्बे के निकट पलट गई।

मधुमेह से ग्रसित विश्व में हर चौथा व्यक्ति भारतीय

लखनऊ, ३१ अगस्त शरीर की प्रतिरोधक क्षमता पर सीधा प्रभाव डालने वाली बीमारी मधुमेह के रोगियों की संख्या में हाल के वर्षो में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है और इस रोग से ग्रसित विश्व का हर चौथा व्यक्ति भारतीय है ।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकडों के अनुसार भी विश्व में सबसे अधिक मधुमेह रोगी भारत में है और इस बीमारी से पीडित प्रत्येक चौथा व्यक्ति भारतीय है ।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार तीन करोड तीस लाख मधुमेह रोगी भारत में है और २०३० तक यह दर अनुमानित आठ करोड तक पहुंच जायेगी । संगठन के अनुसार विश्व में लगभग १७ करोड लोगों को मधुमेह है तथा वर्ष २०३० तक इसकी संख्या दोगुनी होने का अनुमान है । भारत के बाद मधुमेह रोगियों का दूसरा बडा देश अमरीका है जहां दो करोड ८० लाख लोग इससे पीडित है ।
आंकडों के अनुसार विश्वव्यापी स्तर पर प्रत्येक वर्ष ३.२ करोड लोगों की मृत्यु मधुमेह के कारण होती है । ३५ से ६४ वर्ष की आयु में कम से कम दस में से एक व्यक्ति की मौत का कारण डाइबिटिज है ।

पाक में जरदारी का पलडा भारी हुआ

इस्लामाबाद, ३१ अगस्त- पाकिस्तान में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार आसिफ् अली जरदारी को दो और पार्टियों का समर्थन मिलने के बाद उनकी स्थिति और मजबूत हो गई है । पाकिस्तान की कट्टर इस्लामी पार्टी जमात उलेमा ए इस्लाम और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी एस ने जरदारी को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है ।
जमात उलेमा ए इस्लाम के अध्यक्ष मौलाना फ्जलुर रहमान ने कहा है कि उनके सांसद और विधायक जरदारी का समर्थन करेंगे । जमात के नेशनल असेंबली और प्रांतीय असेंबली में कुल ४८ सदस्य है । राष्ट्रपति पद के चुनाव में कुल ११७० विधायक और सांसद हिस्सा लेंगे । पाकिस्तान के उच्च सदन.सीनेट.में सौ सदस्य है जबकि नेशनल असेंबली में ३४२ सदस्य है । पंजाब प्रांतीय असेंबली में ३७१ सिंध असेंबली में १६८ पश्चिमोत्तर सीमावर्ती प्रांत में १२४ और बलूचिस्तान असेंबली में ६५ सदस्य है ।

Aug 30, 2008

कोसी का कहर झेल रहा है बिहार

बिहार, ३० अगस्त-कोसी नदी में आई भयानक बाढ़ में सेना की एक बचाव नौका डूब गई। इस नाव पर सवार पचास लोगों में से कम से कम 15 के डूब जाने की आशंका है । मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक ओपी भास्कर ने संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि सेना की यह नाव बाढ़ में घिरे लोगों से भरी थी और इसके डूब जाने से कम से कम पंद्रह लोग डूब गए हैं, जिनके जीवित बचने की संभावना नहीं है ।
भास्कर ने बताया, "मुरलीगंज़ थाने के अंतर्गत मीरगंज इलाक़े में सेना की नाव लोगों को बचाने के लिए गई थी, वहाँ धारा बहुत तेज़ थी, नाव उलट गई और बहाव में कई लोग बह गए, हमने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और लगभग ३० लोगों को निकाल लिया गया लेकिन पंद्रह के क़रीब लोगों को नहीं बचाया जा सका।"
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नाव पर लगभग ५० लोग सवार थे, यह घटना भारतीय समय के अनुसार शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे के आसपास हुई। उन्होंने बताया कि बचाव दल में शामिल सेना के एक हवालदार और एक पदाधिकारी के डूब जाने की भी आशंका है ।
ख़राब मौसम के कारण बचाव और राहत कार्यों में ख़ासी दिक्कत आ रही है और सैकड़ों गाँव बाढ़ के पानी की चपेट में हैं । उधर भारत के प्रधानमंत्री इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कर चुके हैं और उन्होंने प्रभावित क्षेत्र के लोगों को राहत पहुँचाने के लिए १००० करोड़ के पैकेज की घोषणा की है ।
कोसी नदी का तटबंध टूटने के बाद आई इस बाढ़ ने भारत के बिहार राज्य के १५ ज़िलों को अपनी चपेट में ले लिया है और इससे २५ लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। लेकिन चार ज़िलों, सुपौल, सहरसा, अररिया और मधेपुरा में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर है ।
सेना की मदद से प्रशासन लोगों को बचाने और राहत पहुँचाने में लगा हुआ है और अब तक एक लाख २४ हज़ार लोगों को बाढ़ के बीच से निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया जा चुका है. लेकिन मौसम विभाग ने अगले ४८ घंटों में भारी बारिश की चेतावनी दी है और इससे प्रशासन और परेशान हो गया है ।
हेलिकॉप्टर से खाद्य पैकेट गिराए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी याद में ऐसी भयंकर बाढ़ नहीं देखी है। माना जा रहा है कि कोसी नदी ने अपनी धारा बदल ली है और अब वह उस रास्ते से बह रही है जहाँ से दो सौ साल पहले बहा करती थी और इसी के कारण बाढ़ उन इलाक़ों तक पहुँच गई है जहाँ पहले बाढ़ नहीं आती थी ।
प्रशासन ने ३९६ मोटर बोट और नावों से लोगों को बचाने का काम जारी रखा हुआ है लेकिन मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार ने और बोट मंगवा ली हैं और जल्दी ही ७०० बोट और नावें लोगों को बचाने में लगा दी जाएँगीं।
राज्य सरकार के अनुसार बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित चार ज़िलों में अब तक ६५ हज़ार से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है और सभी १५ ज़िलों में एक लाख २४ हज़ार लोग बचाए जा चुके हैं।
फ़िलहाल प्रशासन तीन हेलिकॉप्टरों की मदद से बाढ़ में फँसे हुए लोगों के लिए खाद्यान्न सामग्री गिराने के काम में लगा हुआ है। लेकिन केंद्र सरकार ने अधिक क्षमता वाले बड़े हेलिकॉप्टर देने का आश्वासन भी दिया है।

आसाराम बापू और उनके बेटे आरोपों से बरी

इंदौर, ३० अगस्त- विवादों में घिरे संत आसाराम बापू और उनके पुत्र नारायण सांई को आज उस समय बड़ी राहत मिली जब गुजरात सरकार ने यहां उच्च न्यायालय में अपना जवाब दाखिल करते हुए कहा कि दोनों के खिलाफ कोई फौजदारी प्रकरण है ही नहीं।
न्यायाधीश डब्ल्यू.ए.शाह की अदालत में गत १३ अगस्त को नारायण सांई की ओर से अभिभाषक पी.के.सक्सेना ने अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। इस याचिका को स्वीकार करते हुए न्यायालय ने गुजरात सरकार को नोटिस जारी करते हुए अपना पक्ष रखने को कहा था।
आज गुजरात सरकार की ओर से दिए गए जवाब पर सुनवाई करते हुए न्यायाधीश महोदय ने यह कहकर नारायण सांई की अग्रिम जमानत की अर्जी निरस्त कर दी कि जब इन दोनों के खिलाफ कोई प्रकरण ही नहीं तो जमानत की क्या अवश्यकता है ।
नारायण सांई की अग्रिम जमानत की अर्जी में कहा गया था कि गुजरात पुलिस और सीआईडी उन्हें अहमदाबाद स्थित उनके पिता के आश्रम में हुई दो बच्चों की मौत के सिलसिले में उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।
इन्दौर उच्च न्यायालय को गुजरात सरकार द्वारा भेजे गए जवाब में कहा गया कि न तो आश्रम में हुई दो बच्चों की मौत या अन्य किसी भी मामले में नारायण सांई या आसाराम बापू के विरुद्ध कोई प्रकरण दर्ज है।
गुजरात पुलिस की ओर से प्रस्तुत इस जवाब के बाद न्यायालय ने नारायण सांई की अग्रिम जमानत की अर्जी निरस्त कर दी। नारायण सांई के अभिभाषक पी.के.सक्सेना ने यहां यूनीवार्ता को बताया कि कल न्यायालय में नारायाण सांई स्वयं भी उपस्थित हुए थे।