Jul 19, 2008

पतंगराव कदम को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी

मुंबई, १९ जुलाई- महाराष्ट्र के राहत और पुनर्वसन मंत्री डाक्टर पतंगराव कदम को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रभाराव को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया जा रहा है इसलिए सुश्री राव ने कदम को कल कार्यभार सौंप दिया था।
मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से गुरूदास कामत के हटने के बाद आर.आर. सिंह को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

स्त्री-पुरूष के अलग-अलग व्यवहार राज दिमाग में

लंदन, १९ जुलाई- पुरूषों और महिलाऒं द्वारा किया जाने वाला अलग-अलग व्यवहार हमेशा से वैज्ञानिकों के लिए चुनौती रहा है। मानव शरीर के तंत्रिका तंत्र संबंधी एक ताजा अध्ययन में बताया गया है कि पुरूषों और महिलाऒं के व्यवहार में अंतर की मुख्य वजह उनके मस्तिष्क के हिस्सों की संरचना भिन्न होना है। शोध में दोनों के मस्तिष्क में अलग-अलग आनुवांशिकीय चिह्न देखे गए। पुरूषों और महिलाऒं में लैंगिक असमानता के पीछे अक्सर सेक्स हार्मोन या सामाजिक स्थितियों को जिम्मेदार बताया जाता रहा है। लेकिन, नए शोध में इस अंतर के पीछे मस्तिष्क के खास तंत्र और रसायनों को जिम्मेदार बताया है जो उनमें संदेश प्रेषित करने का काम करते हैं। इसी को ध्यान में रखकर वैज्ञानिकों ने पुरूष और महिलाऒं के मस्तिष्क को दो अलग-अलग अंग करार दिया है।
कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता तंत्रिका विज्ञानी लैरी काहिल दोनों के मस्तिष्क के आकार में अंतर बताते हैं। उनके अनुसार आकार में भिन्नता पुरूषों व महिलाऒं की क्रियाशीलता को भी प्रभावित करती है। हालांकि लंबे समय से मस्तिष्क के ही एक अंग हाइपोथेलेमस को पुरूष और महिलाऒं में व्यवहारगत अंतर के लिए जिम्मेदार बताया जा रहा था। गौरतलब है कि हाइपोथेलेमस को भूख लगने, लड़ने, शरीर का ताप नियंत्रित रखने और यौन क्रिया के लिए जिम्मेदार माना जाता है।
लेकिन, हालिया शोध में पाया गया कि महिलाऒं के मस्तिष्क के कई हिस्सों का आकार पुरूषों की तुलना में अलग होता है। हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के शोधकर्ताऒं के मुताबिक पुरूषों की तुलना में महिलाऒं के मस्तिष्क के फ्रंटल लोब और लिम्बिक कारटेक्स हिस्से का आकार बड़ा होता है। उल्लेखनीय है कि फ्रंटल लोब निर्णय लेने व समस्या का समाधान करने और लिम्बिक कारटेक्स भावनाऒं को संचालित करने का केंद्र माने जाते हैं।

बसपा विधायक बलबीर सिंह किवाना के विरूध धोखाधड़ी का मामला दर्ज

मुजफ्फरनगर, १९ जुलाई-स्थानीय अदालत के आदेश पर कान्धला विधानसभा क्षेत्र के बसपा विधायक बलबीर सिंह किवाना समेत नौ लोगों के विरूध धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
विधायक पर आरोप है कि उन्होंने आठ अन्य लोगों के साथ मिलकर एक किसान की जमीन फर्जी तरीके से अपने नाम करा ली। अभियोजन सूत्रों के अनुसार कैराना की एक अदालत में ग्राम मारसी निवासी योगेन्द्र ने गत २६ जून २००८ को इस संबंध में याचिका दाखिल की थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक सहित नौ लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा ४२०/४६७/४६८/४७१ के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Jul 17, 2008

प्रकाश एवं वृंदा करात के खिलाफ याचिका दायर

नई दिल्ली, १७ जुलाई-मा‌र्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात और उनकी पत्नी वृंदा करात की संपत्ति की जांच के लिए सुप्रीमकोर्ट में याचिका दायर की गई है।
बृहस्पतिवार को दायर की गई याचिका में इन दोनों के अलावा पार्टी के दस अन्य सांसदों की संपत्ति की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग की गई है।

पत्रकार के घर में घुस कर माता-पिता सहित पिटाई

सितारगंज (उधमसिंहनगर), १७ जुलाई- नगर में एक पत्रकार के घर में घुसकर उससे मारपीट की गई। बीच बचाव को आये उसके परिजनों को भी नहीं बख्शा गया। इस मामले में तीन भाजपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता ने पत्रकार के विरुद्घ मारपीट व एससी एसटी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के मोहल्ला हाथीखाना वार्ड नौ निवासी पत्रकार राजेन्द्र तिवारी ने कोतवाली में दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा है कि 14 जुलाई की रात दस बजे वह घर पर था। इसी बीच भाजपा नेता नवतेज पाल पुत्र अमरजीत सिंह निवासी पुरानी मंडी, मृदुल त्रिपाठी उर्फ मोनू निवासी बैगुल कालोनी व हरीश दुबे निवासी बिज्टी रोड उसके घर पर आये। बताया जाता है कि उन्होंने कंप्यूटर पर कुछ टाइप करवाने की बात कही। इस पर राजेन्द्र ने मना किया तो तीनों कागज देने के बहाने भीतर घुस आये और मारपीट शुरू कर दी। राजेन्द्र के मुताबिक उसके माता-पिता बीचबचाव को आये तो उनसे भी मारपीट की गई। प्राथमिकी में कहा गया है कि तीनों ने खबरें छापने की बात कहकर उसे बाहर खींच लिया और हथियार व तमंचों की बट से मारते हुये साथ ले जाने लगे। मोहल्ले के लोगों ने उसे छुड़ाया और हमलावर जान से मारने की धमकी दी।
राजेन्द्र के अनुसार वह कोतवाली आ रहा था कि मुख्य चौराहे पर हथियारबंद लोगों को देख लौट गया। बाद में उसने अस्पताल में अपना उपचार कराया। पुलिस ने तीनों हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इधर भाजपा के ही अन्य कार्यकर्ता राजेश वाल्मिकी पुत्र रामगोपाल निवासी वार्ड छह ने राजेन्द्र के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा है कि १४ जुलाई की ही रात दस बजे वह रामलीला मैदान से अपने घर जा रहा था कि राजेन्द्र ने उसे आवाज दी। बताया जाता है कि राजेन्द्र ने निकाय चुनाव की बात करते हुये कहा कि उसी ने उसे चुनाव में हराया है। आरोप है कि राजेन्द्र ने उससे मारपीट करते हुये जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। बताया गया है कि उसे नवतेज, मोनू व हरीश ने बीचबचाव कर बचाया। इस पर राजेन्द्र जान से मारने की धमकी देता हुआ चला गया। पुलिस ने राजेन्द्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस जांच में लगी है।

केरल हाईकोर्ट नें पुलिस को `वर्दी वाला डॉन' कहा

कोच्चि, १६ जुलाई । केरल हाईकोर्ट ने पुलिस तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार और भेदभाव पर तल्ख टिप्पणी की है। अदालत ने सत्ता से करीबी रखने वाले रसूखदार अफसरों को ``वर्दी वाला डॉन'' करार दिया है। अदालत ने कहा है कि रसूख वाले अफसर अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि के बावजूद सारी मलाई मार ले जाते हैं।
न्यायमूर्ति वी। रामकुमार ने कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले जवानों-अधिकारियों की सर्विस बुक में अच्छी एंट्री दर्ज हो जाती है, उन्हें तरक्की भी मिल जाती है और वे पुलिस पदक के लिए सिफारिश भी पा लेते हैं। उन्होंने कहा कि रसूख वाले अधिकारी अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि के बावजूद प्रभाव के बल पर ऐसे फायदे ले लेते हैं। उन्होंने ईमानदार और कर्मठ अधिकारियों के बारे में कहा कि वे रसूख नहीं होने के चलते आसानी से शिकार बन जाते हैं और तमाम फायदों से वंचित रहते हैं। न्यायाधीश कुमार ने रसूखदार, आपराधिक छवि वाले पुलिसकर्मियों को वास्तविक डान करार दिया।
जज ने यह टिप्पणी सरकार की ओर से दायर एक आपराधिक पुनर्विचार याचिका को खारिज करते हुए की। इस मामले में राज्य के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और एक उपाधीक्षक (डीएसपी) आरोपी हैं। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में सरकार के रूख से ऐसा लगता है कि वह डीएसपी को आईपीएस कैडर में प्रोन्नत होते नहीं देखना चाहती, जबकि उन्हें प्रोन्नति मिलने के पूरे आसार हैं। अदालत ने पूछा कि यह गंदा खेल कौन खेल रहा है? क्या सरकार इस खेल से वाकिफ है या फिर उसके बड़े अधिकारियों की मिलीभगत से यह सब हो रहा है?
अदालत को बताया गया कि पुनर्विचार याचिका एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के निर्देश पर दायर की गई है। इससे पहले अदालत ने मामले की सुनवाई तय समय सीमा के भीतर करने के लिए कहा था। लेकिन सरकार ने इसकी अनदेखी करते हुए पुनर्विचार याचिका दाखिल कर दी। इसी आधार पर अदालत ने यह याचिका खारिज कर दी।

मोनिंदर सिंह पंधेर पर हत्या, दुष्कर्म व साक्ष्य छिपाने के आरोप तय

गाजियाबाद, १७ जुलाई- निठारी कांड के मुख्य आरोपी मोनिंदर सिंह पंधेर पर सीबीआई की विशेष न्यायाधीश रमा जैन की अदालत में चार मामलों में हत्या, दुष्कर्म, साक्ष्य छिपाने व हत्या की साजिश रचने के आरोप तय कर दिए गए। हाईकोर्ट के आदेश के बाद अदालत द्वारा यह कार्रवाई की गई।
निठारी कांड के हत्या के छह मामलों में सीबीआई ने जो चार्ज शीट अदालत में दाखिल की थी, उसमें पंधेर को क्लीन चिट दी गई थी। लेकिन मृतकों के परिजनों ने अदालत में अलग- अलग याचिकाएं दाखिल की थीं। इन याचिकाओं में पीड़ितों के परिजनों ने बयान दिए थे कि २९ दिसंबर २००६ को डी-५ कोठी में उनके सामने मोनिंदर सिंह पंधेर ने हत्या, दुष्कर्म व साक्ष्य छिपाने की बात स्वीकार की थी और आरी बरामद कराई थी। इसी आधार पर सीबीआई की विशेष न्यायाधीश रमा जैन ने पंधेर पर आरोप तय कर दिए थे। लेकिन रिंपा हलदर अंजलि, ज्योति व मधु हत्याकांडों में सीबीआई की विशेष न्यायाधीश के आदेश के खिलाफ पंधेर की ओर से उसके अधिवक्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
निठारी पीड़ितों के अधिवक्ता खालिद खान ने बताया कि चारों मामलों में हाईकोर्ट ने सीबीआई की विशेष अदालत को मामले में स्क्रूटनी कर निर्णय करने के आदेश दिए थे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद चारों मामलों में स्क्रूटनी की गई और बुधवार को अदालत ने मोनिंदर सिंह पंधेर पर आरोप तय कर दिए।