Jun 27, 2008

‘वांटेड : डेड एंड अलाइव’ अक्टूबर में प्रदर्शित करेंगे, एक गाने के लिए 95 लाख रुपए खर्च किए।

बोनी कपूर फिल्मों के मामले में कोई समझौता नहीं करते। अपनी फिल्म को बेहतर बनाने के लिए वे खूब पैसा खर्च करते हैं। ये बात और है कि उनकी ज्यादातर फिल्में असफल हुई हैं, लेकिन बोनी ने हिम्मत नहीं हारी है।
सलमान खान को लेकर बोनी इस समय एक भव्य‍ फिल्म ‘वांटेड : डेड एंड अलाइव’ बना रहे हैं, जिसे वे अक्टूबर में प्रदर्शित करेंगे। इस फिल्म के लिए पिछले दिनों बोनी ने एक गाने के लिए 95 लाख रुपए खर्च किए। इतना पैसा बोनी जैसा हिम्मत वाला निर्माता ही खर्च कर सकता है।
सलमान पर यह गाना फिल्माया गया, जिसमें उनके साथ लगभग 800 डांसर और जूनियर आर्टिस्ट थे। कहा जा रहा है कि यह गाना बेहद शानदार है और लोकप्रिय होगा।

रिलायंस का शारजाह की कंपनी से करार

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने संयुक्त अरब अमीरात की कंपनी क्रिसेंट पेट्रो के साथ तेल और गैस के संयुक्त रूप से तेल शोधन के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
लायंस इंडस्ट्रीज में पेट्रोलियम इंटरनेशलन बिजनेस के अध्यक्ष अतुल चंद्रा ने गल्फ न्यूज को बताया कि कंपनी का तेल शोधन करने वाली किसी क्षेत्रीय कंपनी के साथ यह पहला समझौता है। उन्होंने कहा कि शारजाह की इस कंपनी के साथ हुए समझौते के बाद कंपनी क्रिसेंट के साथ मिलकर भविष्य में कारोबार को और बढ़ावा देने की इच्छुक है।
उन्होंने बताया कि इस समझौते पर सोमवार को हस्ताक्षर हुए हैं। इससे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष तथा प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा था कि कंपनी की दुबई से अपनी वैश्विक गतिविधियों को फिर से चालू करने की योजना है और अगले एक दशक में कंपनी इस क्षेत्र में अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए 24 अरब डॉलर खर्च करेगी।
उन्होंने कहा कि दस वर्षों के दौरान कंपनी की क्षेत्र में 20 से 24 अरब डॉलर के निवेश की योजना है। अंबानी ने कहा था कि दुबई भविष्य के निवेश के लिए उनकी कंपनी का गेटवे साबित होगा और यह केंद्र कंपनी की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों के संचालन की रीढ़ बनेगा।

बंद हो रहा है शाहरुख का शो?

शाहरुख खान के टीवी शो ‘क्या आप पाँचवीं पास से तेज हैं?’ के बारे में यह चर्चा तेजी से फैल रही है कि इस शो को बंद किया जा रहा है। इस शो को अपेक्षाकृत सफलता नहीं मिली है, इस वजह से जुलाई के अंत में इसका आखिरी एपिसोड प्रसारित किया जाएगा।
कार्यक्रम की असफलता की वजह इसका फॉर्मेट है जो दर्शकों को पसंद नहीं आया। इसमें पूछे जाने वाले प्रश्न बेहद किताबी किस्म के हैं, जिसकी वहज से आम दर्शक इससे नहीं जुड़ पाएँ।
शाहरुख खान भी इसकी रेटिंग बढ़ाने में नाकामयाब रहें। सूत्रों के मुताबिक शाहरुख से 52 एपिसोड्‍स का करार था, लेकिन 36 एपिसोड्‍स के बाद ही इसकी शूटिंग खत्म कर दी जाएगी। पहले यह माना गया था कि आईपीएल स्पर्धा की वजह से इसे कामयाबी नहीं मिल पा रही है, लेकिन इस स्पर्धा के समाप्त होने के बावजूद इस शो की रेटिंग नहीं बढ़ी है।

शनिवार की रात सितारों के साथ

अमिताभ बच्चन की हिट फिल्में ज़ी सिनेमा ने कुछ माह पूर्व ‘शनिवार की रात अमिताभ के साथ’ श्रृंखला के अंतर्गत दिखाई थीं। एक बार फिर ‘शनिवार की रात...’ सीरिज शुरु हो रही है।
इस बार इस श्रृंखला को नाम दिया गया है ‘शनिवार की रात सितारों के साथ’, जिसमें बॉलीवुड की हिट फिल्में प्रत्येक शनिवार रात आठ बजे दिखाई जाएँगी। इसमें ‘फूल एन फाइनल’, ‘जब वी मेट’, ‘विवाह’ और ‘हेरा फेरी’ जैसी मेगा हिट फिल्में शामिल हैं।
इसके साथ ही ‘इमरान खान को जाने तू या जाने ना कॉन्टेस्ट’ भी दर्शकों के लिए आयोजित की जा रही है। दर्शकों को दो आसान सवालों के जवाब एसएमएस के जरिए 57575 भेजना है। जिस कालेज से सबसे ज्यादा सही जवाब आएँगे, उस कॉलेज में इमरान जाएँगे।

समीरा भी टीवी पर!

छोटे परदे पर इस समय इतना ज्यादा पैसा दिया जा रहा है कि बड़े परदे के कलाकार इस ओर दौड़ लगा रहे हैं। कम समय में ज्यादा पैसा कूटने का उन्हें यह अच्छा अवसर मिला है। इसमें फिल्म के पिटने जैसी कोई रिस्क भी नहीं है।
टीवी की ओर दौड़ लगाने में अभिनेत्री समीरा रेड्डी का नाम भी शामिल हो गया है। खबरों के मुताबिक समीरा एक रियलिटी शो में जज की भूमिका निभाएँगी। एकता कपूर के इस शो का नाम ‘कौन जीतेगा बॉलीवुड का टिकट’ है।
समीरा की सेक्स अपील की वजह से उन्हें इस कार्यक्रम से जोड़ा गया है। समीरा को देखने के लिए ही दर्शक इस कार्यक्रम को देख लिया करेंगे। इस बारे में अधिकृत घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सब कुछ तय माना जा रहा है।

एड्स बन गई महामारी

अंतरराष्ट्रीय राहत संस्थाओं रेड क्रॉस और रेड क्रिसेंट का कहना है कि अफ्रीका के दक्षिणी भाग में स्थित कुछ देशों में एड्स महामारी इतनी बढ़ गई है कि इसे अब आपदा की संज्ञा देना उचित होगा।
उनका कहना है कि ये संकट इतना बढ़ गया है कि ये संयुक्त राष्ट्र की आपदा की परिभाषा के तहत आता है। संयुक्त राष्ट्र उस स्थिति को आपदा की संज्ञा देता है, जिसका कोई भी समाज अपने आप सामना करने में सक्षम न हो।
रेड क्रॉस और रेड क्रिसेंट संघ ने अंतरराष्ट्रीय आपदाओं पर अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कहा है विश्व स्तर पर एड्स का मुकाबला करने के लिए खर्च किए जा रहे अरबों डॉलर उन लोगों तक नहीं पहुँच पा रहे हैं तो या तो इसके शिकार हैं या फिर जिन्हें एड्स होने का खतरा है। इस संदर्भ में विशेष तौर पर यौनकर्मियों और नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों का जिक्र किया गया है।
हर साल ढाई करोड़ की मौत : एचआईवी/एड्स के लिए रेड क्रॉस और रेड क्रिसेंट संघ के विशेष प्रतिनिधि डॉक्टर मुकेश कपिला का कहना है जब एचआईवी और एड्स का इतिहास लिखा जाएगा तो मुझे लगता है कि लोग कहेंगे कि हमने आसान विकल्प ही चुने।
उनका कहना है यौनकर्मी और सुई के जरिए नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले लोग जिन्हें इसके संक्रमण का ज्यादा खतरा है, उनके लिए कुछ करने में सरकारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
इस वार्षिक रिपोर्ट में इस बारे में भी चिंता जताई गई है कि एड्स राहत कार्य लड़ाई या फिर प्रकृतिक आपदाओं के समय पूरी तरह हाशिए पर पहुँच जाता है। एड्स महामारी एक आपदा का रूप ले चुकी है, क्योंकि इससे हर साल 2.5 करोड़ लोगों की मौत हो जाती है। ये भी बताया गया है कि लगभग 3.3 करोड़ लोग एचआईवी या फिर एड्स से जूझ रहे हैं और लगभग 7हजार लोग हर रोज इससे संक्रमित हो रहे हैं।

पुष्कर तीर्थ पर 11 करोड़ खर्च होंगे

राजस्थान में अजमेर जिले में तीर्थराज पुष्कर के विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों पर लगभग 11 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।कलेक्टर नवीन महाजन के अनुसार धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से पुष्कर में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए जन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
पुष्कर में नया बस अड्डा बनाया जाएगा और पुराने बस अड्डे को पार्किंग स्थल में बदला जाएगा। इसी तरह नया मेला मैदान भी विकसित करने का कार्य शुरू किया गया है।महाजन के अनुसार पुष्कर आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए ब्यावर रोड को केकडी से सीधे पुष्कर से जोड़ा जाएगा।