Jun 28, 2008

परमाणु करार पर संशय बरकरार

भारत-अमेरिका परमाणु करार पर अपने रुख के बारे में समाजवादी पार्टी ने अपने पत्ते अभी तक छिपाए रखे हैं जबकि सरकार ने उम्मीद जताई है कि इस मुद्दे पर कायम गतिरोध का कोई स्वीकार्य समाधान ढूँढ़ लिया जाएगा। हालाँकि अभी यह साफ नहीं हुआ है कि सरकार करार पर आगे बढ़ेगी या नहीं।
लोकसभा में 59 सांसदों की ताकत वाले वाम मोर्चे का नेतृत्व कर रही माकपा ने करार का विरोध जारी रखते हुए प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया है कि उन्होंने ही इस मुद्दे पर देश को राजनीतिक संकट में धकेल दिया है।
आईएईए में भारत केन्द्रित सुरक्षा समझौते पर आगे बढ़ने या नहीं बढ़ने का फैसला करने से पहले सरकार और कांग्रेस सभी विकल्पों को पूरी तरह से तौल लेना चाहते हैं क्योंकि वाम दल आगाह कर चुके हैं कि परमाणु करार पर सरकार अगर आगे बढ़ी तो वह समर्थन वापस ले लेंगे।
उधर समर्थन वापस लेने की स्थिति में लोकसभा में होने वाले शक्ति परीक्षण में अहम भूमिका निभा सकने की ताकत रखने वाली 39 सांसदों की सपा ने अभी तक अपने पत्ते छिपाए रखकर सरकार के भविष्य पर संशय को बनाए रखा है।
मुलायमसिंह ने लखनऊ में कहा कि तीन जुलाई को यूएनपीए की बैठक के बाद पार्टी इस बारे में अपने रुख को स्पष्ट करेगी। उन्होंने कहा कि परमाणु करार के मुद्दे पर कांग्रेस की ओर से अभी तक उनसे किसी ने संपर्क नहीं किया है।
हालाँकि कांग्रेस के प्रति नरम रुख अपनाने संबंधी सभी सवालों को जवाब में उन्होंने उत्तरप्रदेश की मायावती सरकार को निशाना बनाकर संकेत दिया कि उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ रिश्तों में गरमाहट लाने के विचार के खिलाफ नहीं है।
कहा जाता है कि सपा इस प्रयास में पिछले दरवाजे से कांग्रेस के साथ वार्ता का सिलसिला चला भी रही है। खासकर मायावती की बसपा द्वारा संप्रग सरकार से समर्थन वापस ले लेने के फैसले के बाद दोनों दलों के बीच रिश्तों में गरमाहट लाने की सरगर्मियाँ बढ़ गई हैं।
सपा के अन्य वरिष्ठ नेता अमर सिंह इन दिनों विदेश यात्रा पर हैं। उम्मीद है कि कुछ दिन बाद उनकी स्वदेश वापसी पर इस संदर्भ में पार्टी की स्थिति में और स्पष्टता आएगी।

मनमोहन सिंह योग्य प्रधानमंत्री-सोनिया

परमाणु करार को लेकर संप्रग-वाम गतिरोध के लिए माकपा द्वारा प्रधानमंत्री को जिम्मेदार ठहराए जाने के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने उनकी सराहना करते हुए उन्हें योग्य नेता बताया और कहा कि उनका काम ही यह स्पष्ट करता है।
सोनिया ने पिछले चार साल में प्राप्त उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार की उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई देने में मुझे कोई झिझक नहीं है।
उन्होंने कहा कि बहुधा ऐसा नहीं होता कि किसी नेता का काम ही उसके बारे में बोले। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताएँ।

खत्म नहीं हुई सिर पर मैला ढोने की प्रथा

सिर पर मैला ढोने की प्रथा के उन्मूलन के लाख दावों के बावजूद हालत यह है कि देश के कई राज्यों में यह प्रथा मौजूद है।
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने अपने अध्ययन में पश्चिम बंगाल के सफाई कर्मचारियों की हालत को देश में सबसे बदतर बताते हुए कहा है कि वहाँ स्थायी सफाई कर्मचारी मैला ढोने को मजबूर हैं और उन्हें न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जाता। आयोग की अध्यक्ष सुश्री संतोष चौधरी ने बताया कि इस संबंध में केंद्र द्वारा राज्यों को अरबों रुपए दिए जा चुके हैं, लेकिन समस्या समाप्त नहीं हो पाई है।
बंगाल बेहाल : पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए सुश्री चौधरी ने कहा कि लाखों लोगों का मैला साफ करने वाले राज्य के सफाई कर्मचारियों के साथ पूरा न्याय नहीं किया जा रहा है। वहाँ अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी सफाई कर्मचारी तक मैला ढो रहे हैं और उन्हें न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जाता।
आयोग के अनुसार प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह ने अब 31 मार्च 2009 तक देश से इस प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पहले इसके लिए 31 दिसंबर 2007 तक का समय निर्धारित था।

रियलटी शो की प्रतियोगी शिंजनी कोमा में

कोलकाता-बाँग्ला नृत्य के एक रियलटी शो में जजों की फटकार सुनने के बाद शिंजनी नामक लडकी जिसकी उम्र १६ वर्ष है ( जो इस कार्यक्रम में प्रतिभागी थी ) कोमा में चली गयी शिंजनी को शो के दौरान शो में मौजूद जजों नें उसे बुरी तरह अपमानित किया तथा शिंजनी इसका सदमा बर्दास्त नहीं कर पायी ।
सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस कार्यक्रम से निकलने के बाद उसकी तवियत बिगड़ने लगी और वो पूरी तरह से कोमा में चली गयी । अब न तो वह बोल पा रही है और न ही हिल-डुल पा रही है ।
१९ मई को शो के जजों की फटकार सुनने के बाद उसने इसके बारे में पहले किसी को भी नहीं बताया । लेकिन दुसरे दिन उसे एक बांग्ला धारावाहिक में काम करना था । धारावाहिक के सूटिंग के दौरान वो अपना डायलांग भूल जा रही थी परिवार वालों के पूछनें पर उसने शो में जजों के फटकार और अपमानित करने के बारे में बताया ।
शिंजनी का बंगलूर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है । शिंजनी के माता-पिता उसके इस हालत के लिए जजों को जिम्मेदार ठहरा रहे है उसकी माँ शिंवनी सेनगुप्ता का कहना है कि यह शो के जजों के कारण हुआ है । मनोचिकित्सकों का कहना है कि जजों के द्वारा अपमानित किए जाने के कारण उसे ग़हरा सदमा लगा है और वो इस सदमे को बर्दास्त नहीं कर पायी परिणाम स्वरूप शिंजनी कोमा में चली गयी ।

Jun 27, 2008

‘वांटेड : डेड एंड अलाइव’ अक्टूबर में प्रदर्शित करेंगे, एक गाने के लिए 95 लाख रुपए खर्च किए।

बोनी कपूर फिल्मों के मामले में कोई समझौता नहीं करते। अपनी फिल्म को बेहतर बनाने के लिए वे खूब पैसा खर्च करते हैं। ये बात और है कि उनकी ज्यादातर फिल्में असफल हुई हैं, लेकिन बोनी ने हिम्मत नहीं हारी है।
सलमान खान को लेकर बोनी इस समय एक भव्य‍ फिल्म ‘वांटेड : डेड एंड अलाइव’ बना रहे हैं, जिसे वे अक्टूबर में प्रदर्शित करेंगे। इस फिल्म के लिए पिछले दिनों बोनी ने एक गाने के लिए 95 लाख रुपए खर्च किए। इतना पैसा बोनी जैसा हिम्मत वाला निर्माता ही खर्च कर सकता है।
सलमान पर यह गाना फिल्माया गया, जिसमें उनके साथ लगभग 800 डांसर और जूनियर आर्टिस्ट थे। कहा जा रहा है कि यह गाना बेहद शानदार है और लोकप्रिय होगा।

रिलायंस का शारजाह की कंपनी से करार

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने संयुक्त अरब अमीरात की कंपनी क्रिसेंट पेट्रो के साथ तेल और गैस के संयुक्त रूप से तेल शोधन के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
लायंस इंडस्ट्रीज में पेट्रोलियम इंटरनेशलन बिजनेस के अध्यक्ष अतुल चंद्रा ने गल्फ न्यूज को बताया कि कंपनी का तेल शोधन करने वाली किसी क्षेत्रीय कंपनी के साथ यह पहला समझौता है। उन्होंने कहा कि शारजाह की इस कंपनी के साथ हुए समझौते के बाद कंपनी क्रिसेंट के साथ मिलकर भविष्य में कारोबार को और बढ़ावा देने की इच्छुक है।
उन्होंने बताया कि इस समझौते पर सोमवार को हस्ताक्षर हुए हैं। इससे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष तथा प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा था कि कंपनी की दुबई से अपनी वैश्विक गतिविधियों को फिर से चालू करने की योजना है और अगले एक दशक में कंपनी इस क्षेत्र में अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए 24 अरब डॉलर खर्च करेगी।
उन्होंने कहा कि दस वर्षों के दौरान कंपनी की क्षेत्र में 20 से 24 अरब डॉलर के निवेश की योजना है। अंबानी ने कहा था कि दुबई भविष्य के निवेश के लिए उनकी कंपनी का गेटवे साबित होगा और यह केंद्र कंपनी की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों के संचालन की रीढ़ बनेगा।

बंद हो रहा है शाहरुख का शो?

शाहरुख खान के टीवी शो ‘क्या आप पाँचवीं पास से तेज हैं?’ के बारे में यह चर्चा तेजी से फैल रही है कि इस शो को बंद किया जा रहा है। इस शो को अपेक्षाकृत सफलता नहीं मिली है, इस वजह से जुलाई के अंत में इसका आखिरी एपिसोड प्रसारित किया जाएगा।
कार्यक्रम की असफलता की वजह इसका फॉर्मेट है जो दर्शकों को पसंद नहीं आया। इसमें पूछे जाने वाले प्रश्न बेहद किताबी किस्म के हैं, जिसकी वहज से आम दर्शक इससे नहीं जुड़ पाएँ।
शाहरुख खान भी इसकी रेटिंग बढ़ाने में नाकामयाब रहें। सूत्रों के मुताबिक शाहरुख से 52 एपिसोड्‍स का करार था, लेकिन 36 एपिसोड्‍स के बाद ही इसकी शूटिंग खत्म कर दी जाएगी। पहले यह माना गया था कि आईपीएल स्पर्धा की वजह से इसे कामयाबी नहीं मिल पा रही है, लेकिन इस स्पर्धा के समाप्त होने के बावजूद इस शो की रेटिंग नहीं बढ़ी है।