Jul 2, 2008

जुलाई में प्रदर्शित होने वाली फिल्में

इस वर्ष के जुलाई माह में कई बड़ी फिल्में प्रदर्शित होने जा रही हैं। छुट्टियाँ समाप्त होकर स्कूल-कॉलेज जुलाई में आरंभ हो जाते हैं। वर्षा भी फिल्म वालों के लिए खलनायक बन जाती है, लेकिन फिल्मों का प्रदर्शन जारी रहता है।
४ जुलाई को दो नए नायकों की जबर्दस्त टक्कर होने जा रही है। हैरी पुत्तर हरमन बावेजा की ‘लव स्टोरी २०५०’ हरमन और प्रियंका की प्रेम कहानी, स्पेशल इफेक्ट्स और हरमन की वजह से चर्चित है।
टाइम मशीन के जरिए भविष्य की दुनिया को इस फिल्म के जरिए दिखाया गया है। हैरी बावेजा ने करोड़ों रुपए इस फिल्म पर लगाए गए हैं और पूरी तैयारी के साथ वे अपने बेटे को बॉलीवुड में लांच कर रहे हैं।
आमिर के भानजे इमरान खान ‘जाने तू... या जाने ना’ के जरिए आ रहे हैं। जेनेलिया को साथ लेकर प्रेम कहानी बनाई गई है। इस फिल्म का संगीत धीरे-धीरे लोकप्रिय हो रहा है और फिल्म का यूथफुल लुक दर्शकों को आकर्षित कर रहा है। आमिर खान का नाम इस फिल्म से जुड़ा होना इसका सबसे बड़ा प्लस पॉइंट है।
इन फिल्मों के अलावा ‘एक चतुर नार’ और ‘हमारी रणभूमि’ (डब) भी 4 जुलाई को प्रदर्शित हो सकती हैं।
११ जुलाई को ढेर सारी फिल्में प्रदर्शित होने की संभावना है। अफज़ल खान की वर्षों से अटकी फिल्म ‘मेहबूबा’ इस दिन आ सकती है। अजय देवगन, मनीषा कोइराला और संजय दत्त इसके प्रमुख सितारे हैं। नायिका के रूप में मनीषा की पारी को खत्म हुए अरसा हो गया है।
इसी दिन मनीषा की एक और फिल्म ‘खेला’ दिखाई देगी। ‘खेला’ को रितुपर्णो घोष ने निर्देशित किया है और मनीषा के साथ राइमा सेन, रूपा गाँगुली और प्रसन्नजीत चटर्जी ने प्रमुख भूमिकाएँ निभाई हैं। कला फिल्म पसंद करने वाले दर्शक यह फिल्म देखना जरूर पसंद करेंगे।
निर्देशक आदित्य दत्ता ने सयाली भगत, आर्यमन, लकी अली और रणवीर शौरी को लेकर हास्य फिल्म ‘गुडलक’ बनाई है। ‘गुडलक’ को फिलहाल गुडलक ही कहा जा सकता है। हॉलीवुड की मेगा फिल्म ‘हेनकॉक’, ‘मुखबिर’ और ‘सरफरोश- द बर्निंग यूथ’ जैसी फिल्में भी इस दिन दिखाई देंगी।
‘गुडलक’ के बाद १८ जुलाई को ‘किस्मत कनेक्शन’ अपनी किस्मत आजमाएगी। अज़ीज मिर्जा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में शाहिद कपूर और विद्या बालन प्रमुख कलाकार हैं। शाहिद और विद्या की नजदीकियों की वजह से यह फिल्म चर्चा में है।
इस फिल्म का सीधा मुकाबला रामगोपाल वर्मा की ‘कॉन्ट्रेक्ट’ से होगा। ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ की तर्ज पर नए कलाकारों को लेकर रामू ने यह फिल्म बनाई है, जिसमें अंडरवर्ल्ड और आतंकवाद के गठजोड़ पर प्रकाश डाला गया है।

होम लोन की ब्याज दरें पौन फीसद बढ़ीं

निजी क्षेत्र के एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक ने सोमवार को घर, निजी और अन्य ऋणों की ब्याज दर ०.७५ फीसदी बढ़ा दी। वहीं सार्वजनिक क्षेत्र के एसबीआई बैंक ने घर कर्ज की दर ०.५ प्रतिशत बढ़ाई है।
एचडीएफसी ने मंगलवार से घर कर्ज की फिक्स ब्याज दर को १०.२५ फीसद से बढ़ाकर ११ प्रतिशत कर दिया है। हालाँकि जो लोग पहले घर कर्ज ले चुके हैं, उनकी ब्याज दर में ०.५ प्रतिशत का इजाफा किया गया है यानी उन्हें १०.७५ प्रतिशत की दर से ब्याज देना होगा। घर कर्ज की फ्लोटिंग दरें अब १४ फीसद हो गई हैं।
एचडीएफसी ने अधिकतर जमाओं पर ०.५ प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक ने १५ लाख से कम की फिक्स डिपाजिट पर ०.५ प्रतिशत से 1 प्रतिशत ब्याज बढ़ा दिया है। गाजियाबाद में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चेयरमैन ओपी भट्ट ने बताया कि घर कर्ज और ऑटो कर्ज की ब्याज दर ०.५ प्रतिशत बढ़ा दी गई है।
उल्लेखनीय है कि रिजर्व बैंक के गत मंगलवार सभी बैंकों के लिए रेपो दर आठ प्रतिशत से बढ़ाकर तत्काल ८.५० प्रतिशत करने के साथ ही उनका नकद आरक्षित अनुपात भी ८.२५ प्रतिशत से दो चरण में १९ जुलाई तक बढ़ाकर ८.७५ करने की घोषणा किए जाने के बाद से बैकों के बेंचमार्क प्रधान ब्याज दर (बीपीएलआर) बढ़ाने का सिलसिला जारी है।
आईसीआईसीआई बैंक की दर १३.५० : आईसीआईसीआई बैंक ने फ्लोटिंग दर ०.७५ प्रतिशत बढ़ाकर १३.५० प्रतिशत कर दी है। पहले जो लोग फ्लोटिंग दरों पर कर्ज ले चुके हैं, उन्हें मंगलवार से नई दरों पर ब्याज देना होगा। वहीं जिन लोगों को फिक्स दर पर घर कर्ज मिल चुका है, उन्हें नई दरों के अनुसार ब्याज नहीं देना होगा। आईसीआईसीआई ने कॉर्पोरेट के लिए बेंचमार्क प्रधान उधार दरें भी ०.७५ प्रतिशत बढ़ाकर १६.5० प्रतिशत कर दी हैं।

रियलटी शो के लिए नियम बनाएगी सरकार

कोलकाता/मैगलूरू-टीवी चैनल पर दिखाए जाने वाले रियलटी शो में बच्चों के भाग लिए जाने की निगरानी करने का मन अब सरकार नें बना लिया है । हाल ही में एक रियलटी शो में सार्वजनिक रूप से शो के जजों का अपमान के सदमें को बर्दास्त न कर पाने के कारण कोमा में पहुँची स्कूली छात्रा शिंजनी की घटना को केन्द्र सरकार गंभीरता से लिया है । रियलटी शो के लिए अब केन्द्र सरकार नियम निर्धारित करने जा रही है और उसके निर्णायकों के लिए भी आचारसंहिता निर्धारित की जायेगी ।
इस विषय पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेणुका चौधरी नें कहा कि रियलटी शो बिना किसी नियम के संचालित हो रहे है हम चाहते है कि उनके कुछ नियम होने चाहिए ताकि बच्चे बेहतर स्थिति में उसमें कार्य कर सकें श्रीमती चौधरी नें मंगलवार को शिंजनी के परिजनों से चर्चा की, जिसके साथ गत दिनों में एक रियलटी शो के दौरान बुरा बर्ताव किया गया था । उसका उसपर इतना बुरा असर पडा कि वह लकवे की शिकार हो गयी ।
कई रियलटी शो में निर्णायकों द्वारा बच्चों को अपशब्द कहे जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीयमंत्री नें कहा कि उनके लिए नियम व आचार संहिता बनाई जायेगी, ताकि वे बच्चों के साथ बुरा बर्ताव न कर सकें । श्रीमती चौधरी नें कहा कि सरकार चाहती है कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा हो ।
रियलटी शो से शिंजनी को बाहर का रास्ता दिखाने वालों में से एक रिंगू से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि शो में उनका किसी से कोई विवाद नहीं था जब उनसे पूछा गया कि वे किस अधिकार से बच्चों का अपमान करते है तो रिंगू नें कहा कि रियलटी शो में हमारा काम बच्चों को सही सलाह देना है और उनकी प्रतिभा का मूल्यांकन करना ही होता है ।

सेंसेक्स में सुधार से स्टाक मार्केट में राहत

मुंबई-ब्लूचिप शेयरों में लिवाली के चलते बंबई शेयर बाजार में तीन दिन की गिरावट बुधवार को थम गई। तीस शेयर आधारित सेंसेक्स ७०२.९४ का सुधार दर्शाता हुआ १३६६४.६२ अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में बुधवार को आई तेजी दस सप्ताह यानी 25 मार्च के बाद की सबसे बड़ा उछाल है। कारोबार के दौरान यह १३७१२.३१ और १२८२२.७५ अंक के दायरे में रहा।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी १९६.६० अंक की बढ़त लेते हुए ४०९३.३५ पर बंद हुआ।

माओवादी हमले पर आन्ध्र और उडीसा की सरकारें भिडी

उडीसा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षाकर्मियों पर हुए माओवादियों के हमले के बाद आन्ध्र एवं उडीसा की सरकारें एक-दुसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करने में लग गयी है । दोनों राज्यों के मंत्री नेता और वरिष्ठ अधिकारी एक-दुसरे पर दोषारोपण कर रहे है और उधर दोनों राज्यों की पुलिस माओवादी हमले में बचे सुरक्षाकर्मियों की तलाश में लगी हुई है ।
रविवार को माओवादियों नें उडीसा के चित्रकुंडा थाना क्षेत्र के एक जलाशय में आंध्र प्रदेश के उग्रवाद रोधी दस्ते के नाव पर हमला किया और उनकी नाव डुबो दी ।
सोमवार को आंध्र प्रदेश के गृहमंत्री के० जेना रेड्डी नें उडीसा पुलिस पर इस हमले की जिम्मेदारी डाली उन्होंने कहा कि "उडीसा में सड़क, खुफिया जानकारी और पुलिस तंत्र कमजोर है वो हमारी तरह तेज-तर्रार नही है । वो माओवादियों के खिलाफ उतनी तत्परता से कार्रवाई नहीं करती जैसे हम करते है "
उधर मंगलवार को उडीसा के गृह सचिव तरुण कांति मिश्रा नें आन्ध्र के गृहमंत्री के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि "ग्रेहाउड फोर्स के जवानों नें रणनीतिक गलती की है उन्हें जल के रास्ते के बजाय जमीन के रास्ते से जाना चाहिए था उन्होंने अपने ही दिशानिर्देशों की अवहेलना की उन्होंने बताया कि कभी भी तलाशी अभियान में जल का रास्ता नहीं अपनाया जाता है" मिश्रा ने यहां तक कहा कि इन जवानों ने दिन के उजाले में यात्रा की जो ग़लत तरीका है ।
माओवादियों के इस हमले में बचे हुए जवान किसी तरह तैर कर जलाशय से बाहर निकले। उनका कहना था कि ग्रेहाउंड यूनिट के सभी जवान तीन दिन से चल रहे तलाशी अभियान के बाद बुरी तरह थक चुके थे और बेस कैंप लौटने की जल्दी में उन्होंने सुरक्षा निर्देशों का पालन नहीं किया ।
इस हमले में बचे एक कांस्टेबल एक सुब्रमण्येश्वर राव का कहना था, "हमें २५ किलोमीटर का लंबा रास्ता पैदल तय करके बेस कैंप जाना चाहिए था जिसमें २४ घंटे लगते लेकिन हम इतना थक चुके थे कि हमने जलाशय का रास्ता अपनाया जो हमें भारी पड़ा" इतना ही नहीं जवानों ने यात्रा से पहले रास्तों की पर्याप्त जांच भी नहीं करवाई थी । इस बीच जलाशय से एक और शव निकाला गया है जिस पर गोली के निशान हैं ।
जिस मोटर लांच ( नौका) में ये सुरक्षाकर्मी सवार थे उसका ड्राइवर मनोरंजन डे हमले में बच गया था। उन्होंने बताया कि वो किसी तरह पानी में कूदे और जान बचाकर भागे लेकिन किनारे पर उन्हें माओवादियों ने पकड़ लिया । डे के अनुसार जब उन्होंने माओवादियों को बताया कि वो पुलिसवाले नहीं बल्कि ड्राइवर हैं तो उनकी जान बख्श दी गई ।

भारतीय खाद्य निगम के गोदामों में सड़ गए दस लाख टन अनाज

नयी दिल्ली २ जुलाई-पिछले एक दशक के दौरान भारतीय खाद्य निगम के गोदामों में सैकड़ों करोड़ रूपये मूल्य के १० लाख टन से ज्यादा अनाज सड़ गए जो एक करोड़ से ज्यादा लोगों की एक साल तक पेट की आग बुझाने के लिए काफी था।
यह स्थिति तब है जब संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में रेखांकित किया गया है कि भारत के ६३ प्रतिशत बच्चे भूखे पेट सोने के लिए मजबूर हैं।
यह स्थिति तब है जब निगम ने अनाजों को भंडारण के समय नुकसान से बचाने के लिए २४५ करोड़ रूपये खर्च किए। यह विडंबना है कि अनाज के सड़ जाने के बाद उन्हें निबटाने के लिए भी निगम को २ .५९ करोड़ रूपये खर्च करने पड़े।
अनाजों के भंडारण से संबंधित ये सनसनीखेज तथ्य सूचना के अधिकार आरटीआई .के तहत दिल्ली के एक निवासी देवाशीष भट्टाचार्य के आवेदन पर सामने आए।
भट्टाचार्य के सवाल पर निगम ने उन्हें सूचित किया कि देश भर में अनाजों की खरीदारी और वितरण की जिम्मेदारी निभा रही सरकारी एजेंसी के भंडारों में पिछले एक दशक के दौरान १० लाख टन अनाज सड़ गए।

देश की पहली हेलीकाप्टर टैक्सी सेवा शुरू

बेंगलूर, १ जुलाई। देश की पहली हेलीकाप्टर टैक्सी सेवा की शुरूआत मंगलवार को बेंगलूर में की गई। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येद्दयुरप्पा ने इस सेवा का उद्घाटन किया।
डेक्कन एविएशन की डेक्कन स्काइलिमो टैक्सी सेवा को शहर से ३५ किलोमीटर दूरी पर बने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक शुरू किया गया है। इस सेवा की शुरूआत डेक्कन ऐविएशन ने विशेष रूप से आईटी पेशेवरों व बिजनेस लीडरों के नए हवाई अड्डे तक लगने वाले यात्रा समय को बचाने के लिए किया गया है। इसके लिए हर यात्री को ४५०० रूपये से लेकर ५७०० रूपये तक का भुगतान करना पड़ेगा।
डेक्कन ऐविएशन के प्रबंध निदेशक कैप्टन जीआर गोपीनाथ ने बताया कि शहर के तीन स्थानों से ये सेवा उपलब्ध होगी व बिजनेस यात्रियों के कम समय में हवाई अड्डा तक पहुंचने के लिए यह एक सुविधाजनक विकल्प होगा।