Aug 8, 2008

नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में दो जवान शहीद

गिरिडीह/झारखंड, ८ अगस्त- गिरिडीह के लक्ष्मणटोला में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सीआरपीएफ के दो जवान शहीद हो गए।
पुलिस अधीक्षक एम एल मीना ने संवाददाताओं को बताया कि बृहस्पतिवार को माओवादियों ने २४ घंटे के उत्तारी छोटानागपुर बंद का आह्वान किया था। माओवादियों ने बृहस्पतिवार देर रात पुलिस गश्ती दल पर गोलीबारी की। इसके बाद दोनों ओर से करीब दो घंटे तक गोलीबारी हुई।
उन्होंने कहा कि गोलीबारी में उत्ताराखंड के श्रीराम सिंह और हरियाणा के विजेंद्र सिंह को गोलियां लगी। श्रीराम सिंह की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि विजेंद्र को अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। मीना ने कहा कि नक्सलियों की ओर से किसी के हताहत होने के कोई संकेत नहीं हैं।

चीन को इस्लामिक आतंकवादियों की धमकी

दुबई, ८ अगस्त- चीन के एक छोटे मुस्लिम विद्रोही संगठन ने ओलंपिक खेलों के दौरान हमले की धमकी दी है। उसने मुसलमानों से खेलों से जुड़ी किसी भी गतिविधियों से दूरी बनाए रखने को कहा है। इंटेल सेंटर के मुताबिक अमेरिका से संचालित इस विद्रोही संगठन तुर्किस्तान इस्लामिक पार्टी (टीआईपी) ने वीडियो टेप जारी कर मुसलमानों से कहा है कि वे इस दौरान उन बसों, रेलगाड़ियों, हवाई जहाजों और भवनों में मौजूद नहीं रहें जिसमें चीनी लोग हों।
पिछले महीने चीनी अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया था कि ओलंपिक के पूर्व देश में शंघाई और कुनमिंग में किए गए श्रृंखलाबद्घ बम विस्फोटों के पीछे टीआईपी का हाथ था। हालांकि टीआईपी ने कहा है कि ये हमले उसने ही करवाए थे।
संगठन की ओर से जारी वीडियो टेप में एके-४७ राइफल थामे और काली पगड़ी पहले एक शख्‍स को यह बोलते दिखाया गया है वीडियो में कहा गया है कि चीन ने पूर्वी तुर्कमेनिस्तान में मुसलमानों पर जो अत्याचार किए है उसका बदला लिया जाएगा। टेप में बीजिंग ओलंपिक खेलों के शुभंकर को आग में जलता दिखाया गया है।

Aug 7, 2008

सुप्रीम कोर्ट का प्रदूषण बोर्डों को नोटिस

नई दिल्ली, ७ अगस्त- उच्चतम न्यायालय ने गंगा नदी में औद्योगिक कचरे और रसायनों को फेंककर इसके जल को मानवीय उपभोग के लिए अनुपयोगी बनाने की रोकथाम के लिए बने प्रदूषण नियंत्रण कानून के अनुपालन पर सरकार को निर्देश देने का आग्रह करने वाली याचिका पर केन्द्रीय तथा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों को आज नोटिस जारी किए।
मुख्य न्यायधीश केजी। बालाकृष्णन की अध्यक्षता वाली पीठ ने ये नोटिस कृष्ण महाराज की याचिका पर जारी किए।
इन नोटिसों का जबाव चार सप्ताह में दाखिल किया जाना है।
महाराज ने अपनी याचिका में आरोप लगाया कि केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इस बारे में कानूनों का पालन नहीं कर रहे हैं। कानून के अनुसार हर नगर निगम को औद्योगिक कचरा और खतरनाक रसायन नदी में छोड़ने की अनुमति देने से पहले प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों से अनापत्ति प्रमाण लेना आवश्यक है।
उच्चतम न्यायालय गंगा में प्रदूषण को खत्म करने के लिए बनी एक हजार करोड़ रुपए की लागत की गंगा कार्ययोजना की निगरानी कर रहा है।

तेरह साल में महँगाई दर उच्चतम स्तर पर

नई दिल्ली, ७ अगस्त- मुद्रास्फीति ने बुधवार को १२ फीसदी का मनोवैज्ञानिक स्तर पार कर लिया, जो पिछले तेरह साल का उच्चतम स्तर है।
दाल, अंडे, मछली, मांस और मसालों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण मुद्रास्फीति की दरों में इजाफा हुआ। सरकारी आँकड़ों के मुताबिक २६ जुलाई को समाप्त सप्ताह के दौरान मुद्रास्फीति की दर बढ़कर १२.०१ फीसदी हो गई, जो इसके पिछले सप्ताह दर्ज दर के मुकाबले सिर्फ ०.० ३ फीसदी अधिक है।
आज जारी आँकड़ों के मुताबिक ज्यादातर खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई, जबकि फल जैसे कुछ खाद्य पदार्थों की कीमतों में कमी का रुख दर्ज हुआ, जिनकी कीमतों में ०.५ फीसदी की गिरावट हुई।
मंत्रालय ने कहा पिछले सप्ताह के मुकाबले कुल ९८ प्राथमिक उत्पादों में से १८ उत्पादों की कीमतों में गिरावट हुई थी।
वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कांग्रेस के प्रवक्ताओं की बैठक में कहा था कि सरकार ने अन्य जिंसों के वायदा कारोबार को प्रतिबंध के दायरे में लाने का विकल्प खुला रखा है। गेहूँ और चावल समेत आठ कृषि उत्पादों के वायदा कारोबार पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है।
इस बीच लोहा और इस्पात की कीमतें अपरिवर्तित रहीं, लेकिन सीमेंट में आंशिक तौर पर बढ़ोतरी हुई। पिछले साल की समीक्षाधीन अवधि में मुद्रास्फीति ४.७० फीसदी थी।

पोकरण में मिसाइल .नाग. का परीक्षण

जैसलमेर, ७ अगस्त- राजस्थान के सीमावर्ती जैसलमेर जिले की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में जमीन से जमीन एवं हवा से जमीन पर वार करने वाली मिसाइल नाग का फायर परीक्षण कल सफल रहा ।
आधिकारिक रक्षा सूत्रों के अनुसार पहला परीक्षण मंगलवार को हुआ जिसकी रेंज दो किलोमीटर थी । दूसरा मुख्य परीक्षण बुधवार को हुआ जिसकी मारक क्षमता चार किलोमीटर थी । रुस से आये विशेषज्ञो के साथ भारतीय सेना तथा रक्षा अनुसंधान विकास संगठन डीआरडीओ के अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे ।
इस सफल परीक्षण से मिसाइल नाग को भारतीय सेना में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है । वर्ष के अंत में इसे सेना में शामिल किये जाने की संभावना है । पृथ्वी एवं अग्नि जैसे स्वदेशी मिसाइलो की श्रृंखला में नाग पांचवा प्रक्षेपास्त्र है ।
डीआरडीओ ने १९८८ में नाग मिसाइल पर कार्य शुरु किया था । पिछले दो दशको में इसके ६० से अधिक परीक्षण हो चुके है । पहला परीक्षण नवम्बर १९९० में किया गया था । इस पर अब तक ४०० करोड रुपये से अधिक राशि व्यय की जा चुकी है ।
इस मिसाइल की विशेषताओं में टापअटेक फायर एण्ड फोरगेट तथा सभी मौसम में फायर करने की क्षमता शामिल है । फायर करने के लिए ४२ किलो वजन की इस मिसाइल को खास तरह के माउंट केरियर पर तैनात किया जा सकता है। हवा से जमीन पर मार करने के लिए इसे हल्के वजन के हैलीकाप्टर में लगाया जा सकता है ।

सोनिया के वापसी के पश्चात होगा नारायण राणे पर फ़ैसला

नई दिल्ली, ७ अगस्त महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री नारायण राणे के इस्तीफे की धमकी से प्रदेश कांग्रेस में फिर मचे घमासान का हल निकालने के लिये पार्टी हाईकमान ने प्रदेश नेताओं से बातचीत का सिलसिला शुरु कर दिया है, लेकिन इस बारे में कोई निर्णय पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीजिंग से लौटने के बाद ही लिया जाएगा।
कांग्रेस महासचिव और महाराष्ट्र की प्रभारी मार्गरेट अल्वा ने कहा कि वह सभी नेताओं से बातचीत कर मसले का हल निकालने का प्रयास करेगी। राणे बृहस्पतिवार को यहां पहुंच रहे हैं, उनसे वह बात करेंगी। प्रदेश के कार्यवाहक अध्यक्ष पतंगराव कदम भी दिल्ली आ रहे हैं तथा उनसे भी बातचीत की जाएगी।
अल्वा ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि सभी नेताओं से बातचीत कर समस्या का हल निकाला जाए, लेकिन इस संबंध में कोई निर्णय सोनिया गांधी के लौटने के बाद ही होगा। उल्लेखनीय है कि राणे ने वीडियोकोन समूह को नवी मुंबई में २३५ एकड़ जमीन सस्ती दर पर देने के महाराष्ट्र सरकार के फैसले के खिलाफ मंत्रिमंडल से इस्तीफे की धमकी दी है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राणे ने सोनिया गांधी को काफी पहले ही अपना त्यागपत्र भेज कर उनसे इसे आगे बढ़ाने की अनुमति मांगी थी। इस पर सोनिया गांधी ने अभी तक कोई फैसला नहीं किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता इस दौरान राणे को समझाने का प्रयास करेंगे। उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए अभियान समिति का अध्यक्ष बनाने की पेशकश की जा सकती है। शिवसेना छोड़ कर कांग्रेस में आए राणे ने कहा है कि वह सोनिया गांधी से बातचीत कर मंत्रीपद से इस्तीफा देने के बारे में फैसला करेंगे।

रीता बहुगुणा बादलपुर नोएडा में गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा/दादरी, ७ अगस्त- कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी बुधवार को बादलपुर गांव पहुंचीं। उनके बादलपुर पहुंचने की खबर लगते ही पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में अधिकारी बादलपुर पहुंचे और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर सूरजपुर स्थित पुलिस लाइन लाया गया। जहां प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर कांग्रेसी नेताओं ने शासन के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
बादलपुर में जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों की समस्या सुनने के लिए रीता बुधवार शाम सवा चार बजे गांव बादलपुर में किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष जगदीश नंबरदार के घर पर पहुंचीं। दूसरी गाड़ी में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव परवेज हाशमी व रघुराज सिंह भी वहां पहुंच गए। कांग्रेस अध्यक्ष रीता ने गांव में पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं। १५ मिनट बाद पुलिस को इसकी भनक लगी। जिलाधिकारी श्रवण कुमार शर्मा, एसएसपी आरके चतुर्वेदी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और निषेधाज्ञा का उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष को गिरफ्तार करने का प्रयास किया, लेकिन किसान गिरफ्तारी का विरोध करने लगे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कांग्रेस अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया गया।
उसके बाद उन्हें छपरौला होते हुए सूरजपुर स्थित पुलिस लाइन में लाया गया। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब किसान का नारा देकर जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि जब तक किसान एकजुट होकर संकल्प नहीं लेंगे, तब तक प्रदेश के किसानों का हित नहीं हो सकता। रात करीब सात बजे तक कांग्रेस अध्यक्ष को पुलिस लाइन में रखा गया। इसके बाद उन्हे रिहा कर दिया गया।