Jul 22, 2008

बच गई सरकार

नई दिल्ली, २२ जुलाई- प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में संप्रग नें विश्वास मत जीतलिया है । सरकार के पक्ष में २७५ और विपक्ष में २५६ वोट गए । सरकार को स्पष्ट बहुमत मिल गया । ११ सांसद गैर हाजिर रहे ।
मनमोहन सिंह नें साबित कर दिया कि 'सिंह इस किंग' .......................

राजग सांसदों ने संसद में लहराई नोटों की गड्डियां

नई दिल्ली, २२ जुलाई- राजग सांसदों ने मंगलवार को संप्रग सरकार पर खरीद-फरोख्त के गंभीर आरोप लगाते हुए लोकसभा में नोटों की गड्डियां हाँथ में लेकर लहराई। इसके बाद सदन में हंगामा मच गया और उसकी कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया। संसद में विश्वास मत में बहस के दौरान उस समय हंगामा मच गया जब मप्र के मुरैना से सांसद अशोक अर्गल ने सदन में नोटों की गड्डियां लहराना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह धन उन्हे संप्रग सरकार के पक्ष में मत देने के लिए दिया गया है। उनके इस आरोप के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया और सभी सांसद अध्यक्ष के कुर्सी के पास जमा हो गए। इसके बाद सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया।

‍तुम किसी और को चाहोगे तो मुश्किल होगी : लालू यादव

नई दिल्ली, २२ जुलाई-विश्वास मत पर चर्चा के दौरान दिनभर शोर-शराबे की भेंट चढ़े सदन में उस समय सन्नाटा छा गया, जब लालू यादव ने सरकार की ओर से बोलने के लिए मोर्चा संभाला। लालू ने एक-एक कर सब विपक्षी वक्ताओं की खबर ली।
लालू यादव ने नेता प्रतिपक्ष लालकृष्ण आडवाणी पर तो निशाना साधा ही अपने अपने पूर्व सहयोगी वामपंथियों को भी नहीं बख्शा। वामपंथियों पर चुटकी लेते हुए लालू ने कहा कि वे भ्रम फैलाने में माहिर हैं और कालीदास की तरह उसी डाल को काटने की कोशिश कर रहे हैं, जिस पर वे बैठे हैं।
उन्होंने कहा कि वामदलों ने मायावती को प्रधानमंत्री बनाने का सपना झूठा सपना दिखाया। लालू ने कहा कि आडवाणी ने अपने भाषण में एक बार भी अमेरिका के खिलाफ नहीं बोले। भाजपा अमेरिका से भी ज्यादा खतरनाक है।
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और वामपंथियों के झगड़े का उल्लेख करते हुए लालू यादव ने कहा कि वामपंथी नेता हमेशा ही बोलते थे कि चुनाव से पहले वे अलग हो जाएँगे। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि हमें समाजवाद सिखाने वाले वामपंथी आज खुद सांप्रदायिक पार्टी भाजपा के साथ बैठे हैं। भाजपा-वामपंथियों के साथ पर लालू यादव ने हिन्दी फिल्म के एक गाने को भी उद्धृत किया-
तुम अगर हमको न चाहो तो कोई बात नहीं,‍
तुम किसी और को चाहोगे तो मुश्किल होगी...

शिव खेडा भी राजनीति के अखाडे में उतरे

नई दिल्ली, २२ जुलाई- युवाओं के बीच में लोकप्रिय एवं जानेमाने लेखक शिव खेडा आज तमाम अख़बारों में एक विज्ञापन दिया है इस विज्ञापन के माध्यम से उन्होंने एक राजनैतिक पार्टी की घोषणा की है पार्टी का नाम है भारतीय राष्ट्रवादी समानता पार्टी उन्होंने विज्ञापन में अपने आपको राष्ट्रीय अध्यक्ष बताया है ।
उन्होंने पाठकों से सवाल किया है कि 'क्या आप चाहते है कि इस देश के भविष्य का फ़ैसला अपराधी करें ? उन्होंने यह भी कहा है कि "अगर आप देश के मौजूदा हालत से संतुष्ट है, तो यह संदेश आपके लिए नहीं है । ' विज्ञापन के माध्यम से उन्होंने भारतीय राष्ट्रवादी समानता पार्टी को इमानदार नागरिकों को आगे आकर राष्ट्र की आजादी की दूसरी जंग में हिस्सा लेने के लिए एक राजनैतिक मंच बताया है ।
लेकिन उन्होंने अपनी पार्टी में सामिल करने के लिए कुल १० सवालों का जवाब हाँ में माँगा है.... लेकिन अगर आप उनके सवालों का जवाब ना में देंगे तो वे आपको अपनी पार्टी में सामिल करेंगे अथवा नहीं विज्ञापन में यह नहीं बताया है । ( सवालों को देखने के लिए कृपया थोडी मेहनत करके विज्ञापन देखें ) उन्होंने पार्टी कार्यालय का पता नई दिल्ली का दिया है-
भारतीय राष्ट्रवादी समानता पार्टी (BRSP)
७, दूसरी मंजिल आर. यू. ब्लाक डी. डी. ए. मार्केट,
पीतमपुरा, नई दिल्ली-११००३४
संपर्क : कर्नल जे एस सोढी ( से.नि।)
फोन : ९१ ११ ४७५९१४००, २६१४८८०४
मो. ०९३११६०३९८८ ०९२१२३९१०७९
मेल : info@brsp.org/ brsp@gmail.com

सपा के छ: सांसद अगवा किए गये : अमर सिंह

नई दिल्ली, २२ जुलाई- सरकार गिराने और बचाने के लिए जारी जोड़—तोड़ की राजनीति और सासदों की खरीद—फरोख्त के बीच सपा महासचिव अमर सिंह ने बसपा पर यह गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके छह सांसदों को अगवा कर लिया गया है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पार्टी के छह सासदों को अगवा कर यूपी भवन में कैद कर रखा है। अमर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सरकारी अफसर भी इस साजिश में शामिल है।

Jul 21, 2008

एनडीए के १० सांसद सरकार बचायेगे

नई दिल्ली, २२ जुलाई- फैसले की घड़ी आ गई है और कुछ ही घंटों में पता चल जाएगा कि यूपीए सरकार बचेगी या जाएगी। वैसे सूत्रों के अनुसार, सत्ता पक्ष ने सरकार बचाने के लिए गणित का जुगाड़ कर लिया है।
सत्ता पक्ष के पाले में फिलहाल २६९ सांसद बताए जा रहे हैं और बताया जा रहा है कि इसके अलावा यूपीए के क्राइसिस मैनेजरों ने एनडीए के १० सांसदों को वोटिंग के दौरान गैरहाज़िर कराने का जुगाड़ कर लिया है। जबकि, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और मिजो नैशनल फ्रंट के सांसद पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वे वोटिंग में भाग नहीं लेंगे।
यूपीए नेताओं के हवाले से कहा जा रहा है कि अकाली दल के तीन सांसद, बीजेपी के पांच सांसद और बीजेडी व जेडी (यू) के एक-दो सांसद गैरहाज़िर रह सकते हैं। एक बीजेपी सांसद मंगलवार सुबह सीने में दर्द की शिकायत करते हुए राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनके सीने में काफी तेज़ दर्द है।
सूत्रों के अनुसार हवा के बदले हुए रुख को देखते हुए भी कई सांसद पाला बदलने की तैयारी में हैं। उन्हें लगता है कि जीतने वाले खेमे में रहने से ज़्यादा फायदा है। सरकार का पलड़ा भारी होने की खबरों के बाद अजीत सिंह फिर से यूपीए से डील की कोशिश कर रहे हैं। आरएलडी के पास तीन सांसद है। अजीत सिंह ने पहले यूपीए सरकार से लखनऊ हवाई अड्डे का नाम अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर रखवा लिया। मगर फिर मायावती से डील कर ली। मायावती ने अजित सिंह को यूपी में अच्छा पैकेज देने का भरोसा दिलाया था।
जेडी (एस) के देवगौड़ा के बारे में भी चर्चा है कि वह फिर से अपने कदम पर पुनर्विचार कर रहे हैं। बेटे कुमारस्वामी के दबाव की वजह से यूएनपीए के साथ चले गए थे। पहले शुक्रवार को वह प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें समर्थन का आश्वासन दे आए। कुमारस्वामी के कर्नाटक में बीजेपी से समझौते के समय देवगौड़ा ने बेटे से नाता तोड़ने की धमकी दी थी। सूत्रों के अनुसार अब फिर देवेगौड़ा को बेटे का फैसला गलत लग रहा है।

विजय मुस्कान लिए मनमोहन पहुंचे संसद

नई दिल्ली, २२ जुलाई- आत्मविश्वास से लबरेज दिख रहे और मुखमंडल पर मुस्कान लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मंगलवार को संसद भवन पहुंचे।
विजय का वी चिह्न प्रदर्शित करते हुए उन्होंने संकेत दिया कि संप्रग के पास लोकसभा में विश्वास मत जीतने के लिए पर्याप्त सांसदों का समर्थन है।
मनमोहन सिंह ने प्रतीक्षा कर रहे संवाददाताओं के सवालों पर ध्यान नहीं दिया और अपने कार्यालय में जाने से पहले केवल फोटोग्राफरों की तरफ हाथ हिलाया। सिंह ने सोमवार को सदन में विश्वास प्रस्ताव रखा था। संभावना व्यक्त की जा रही है कि प्रधानमंत्री सदन में चल रही बहस पर शाम को जवाब दे सकते हैं और इसके बाद विश्वास मत पर मतदान होगा।