Aug 16, 2008

सपा कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमें में फंसाया जा रहा है : शिवपाल

लखनऊ १६ अगस्त- समाजवादी पार्टी ने आज कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री मायावती के एक साल से ज्यादा के कार्यकाल में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर १५ हजार से ज्यादा मुकदमें दर्ज किये गये हैं ।
सपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सुश्री मायावती के कार्यकाल के पन्द्रह महीने में अभी तक पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पन्द्रह हजार से ज्यादा फर्जी मुकदमें दर्ज कराये गये हैं। उन्होंने एक ताजा घटना का उदाहरण देते हुये कहा कि सलेमपुर से पार्टी के सांसद हरिकेवल प्रसाद के खिलाफ उत्पीडन की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन सांसद के सुरक्षाकर्मी का असलहा गायब होने के मामले में सांसद और उनके बेटों को इसमें फंसाने की साजिश कर रहा है। श्री यादव ने कहा कि सुरक्षाकर्मी का हथियार गायब होने के मामले में सांसद और उनके परिवार वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई पार्टी सहन नहीं करेगी तथा ऐसी किसी भी कार्रवाई का करारा जवाब दिया जायेगा।
उन्होंने पूरे मामले की जांच तथा सांसद को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

उच्चतम न्यायालय परिसर में लगाये जा रहे हैं सीसीटीवी कैमरे

मुंबई १४ अगस्त- उच्चतम न्यायालय परिसर में आने जाने वालों पर अब क्लोज सर्किट टीवी सीसीटीवी कैमरों की नजर होगी। न्यायालय की सुरक्षा कड़ी किये जाने के मकसद से परिसर में सीसीटीवी लगाये जाने का फैसला किया गया है।
न्यायालय परिसर के बाहर और भीतर सीसीटीवी कैमरा लगाये जाने का ठेका मुंबई की इलेक्ट्रानिक कंपनी जिकाम इलेक्ट्रानिक सिक्योरिटी सिस्टर्मं को दी गयी है। कंपनी शीर्ष अदालत परिसर में १४४ सीसीटीवी लगाएगी।
जिकाम के प्रबंधक निदेशक प्रमोद राव ने प्रेट्र से कहा हालांकि ठेके की रकम महत्वपूर्ण नहीं है लेकिन इससे जो प्रतिष्ठा जुड़ी है वह हमारे लिये बेहद अहम है ।
उन्होंने कहा कि शीर्ष अदालत ने लगभग एक साल पहले इस संबंध में निविदा जारी की थी। नौ बोलीकर्ताओं में से तीन के नाम छाटे गये थे। इसमें से इस काम के लिये जिकाम को चुना गया।
राव ने कहा कि कैमरा लगाये जाने का काम जारी है। काम पूरा होने में ३० से ४५ दिन का समय लग सकता है।

पूरे देश में आज उल्लास से मनाया जा रहा है राखी का त्यौहार

मुंबई, १६ अगस्त-पूरे देश में राखी का त्योहार मनाया जा रहा है। इस त्योहार के लिए भाइओं और बहनों में काफी उत्साह है। बहनें इस मौके पर अपने भाइयों की कलाई में राखी बांधती हैं और उनसे अपनी रक्षा का वचन लेती हैं।
भाई और बहन के बीच का यह त्योहार सांप्रदायिक सद्भाव के लिहाज से भी नायाब है। इस त्योहार के लिए बाजारों में कई दिन पहले से ही काफी रौनक रहती है, लेकिन आज की बात कुछ और ही होती है। खासकर राखी, मिठाइयां और गिफ्ट बेचने वाले दुकानदारों की इस मौके पर चांदी रहती है।

Aug 15, 2008

स्वतंत्रता दिवस से अंजान! तिरंगे के जश्न में शामिल बच्चे

नई दिल्ली, १६ अगस्त- स्वतंत्रता दिवस समारोह में तिरंगे का 'जश्न' मनाने हजारों स्कूली बच्चे सुबह-सुबह लाल किला पहुंचे किन्तु इसे विडंबना ही कहेंगे कि काफी बच्चे इस दिन के मायने ही नहीं जानते थे। उन्हें यह तो मालूम था कि आज 15 अगस्त है लेकिन यह क्यों मनाया जाता है, पता नहीं। कुछ ने तो आज के दिन को गणतंत्र दिवस तक बता दिया।
लालकिला पर आजादी की 61वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए शुक्रवार को 5 हजार से अधिक स्कूली बच्चे आए थे। करीब एक हजार एनसीसी कैडेट भी थे। सभी ने तिरंगा भी बनाया, प्रधानमंत्री के संग नारे भी लगाए और राष्ट्रगान भी गाया मगर काफी बच्चे इस दिन की अहमियत से ही अंजान थे। जबकि ये लोग पिछले 15 दिनों से समारोह की रिहर्सल में जुटे थे। बी एन रस्तोगी स्कूल, भगीरथ पैलेस की छात्रा अनुष्का से जब पूछा गया कि, 'आज क्या है?' तो उसने तपाक से जवाब दिया, 'गणतंत्र दिवस।' जब यही प्रश्न एक और छात्रा गवर्नमेंट सर्वोदय विद्यालय, लांसर्स रोड की शिवानी से किया गया तो वह भी सोच में पड़ गई। बेला रोड स्थित गवर्नमेंट ग‌र्ल्स स्कूल की छात्रा सानिया ने यह तो बता दिया कि आज स्वतंत्रता दिवस है। आज ही के दिन देश आजाद हुआ था मगर जब उससे पूछा कि आजादी किससे मिली थी तो वह सोच में पड़ गई। तब पास खड़े कुछ बच्चों ने कहा, 'अंग्रेजों से'।
असल में ज्यादातर बच्चे यहां पिकनिक मनाने आए थे तो कुछ को इसलिए आना पड़ा क्योंकि उन्हें स्कूल की ओर से आने के निर्देश थे। शिक्षिकाएं भी इस संबंध में कोई बहुत गंभीर नहीं थीं। गवर्नमेंट ग‌र्ल्स स्कूल, पनामा बिल्डिंग की शिक्षिका माहे रूबीन का कहना था कि इस समारोह में आने की एक वजह यह भी रही कि बच्चों को यहां आना अच्छा लगता है। इस संदर्भ में मौके पर उपस्थित कुछ लोगों ने कहा कि यदि नई पीढ़ी भी देश की आजादी और गणतंत्र से 'विमुख' हो गई या फिर अंजान रहने लगी तो इस देश का भविष्य क्या होगा! इसलिए यह स्थिति वाकई विचारणीय है।

मुक्केबाज अखिल का स्वतंत्रता दिवस पर देश को तोहफा

मुक्केबाज अखिल कुमार ने वादा किया था कि वे स्वतंत्रता दिवस पर देश को तोहफा देंगे और उन्होंने रूस के विश्व चैम्पियन मुक्केबाज को हराकर अपना वादा पूरा कर दिखाया। वे अपने इस वादे को पूरा करने के साथ ही बीजिंग ओलिम्पिक के क्वार्टरफाइनल में पहुँच गए हैं।
अखिल ने ५४ किग्रा वर्ग के दूसरे राउंड के मुकाबले में रूस के विश्व चैंपियन सर्गेई वोदोपेनोव को काँटे की टक्कर में हराया। मुकाबले का स्कोर १-२, ३-४, ३-२ और २-१ रहा। चार राउंड के बाद दोनों मुक्केबाज ९-९ की बराबरी पर थे, लेकिन जजों ने अखिल को विजेता घोषित कर दिया। हार की खबर सुनकर रूसी मुक्केबाज स्तब्ध रह गए और भावना पर काबू नहीं रख पाए। वे रिंग में ही रो पड़े।
आज अखिल की शुरुआत अच्छी नहीं रहीं, वे दो राउंड के बाद ४ -६ से पिछड़े हुए थे, लेकिन अंतिम दो राउंड में उन्होंने ताबड़तोड़ पंच मारते हुए चार राउंड की समाप्ति तक मुकाबला बराबरी पर ला दिया। अब क्वार्टरफाइनल मुकाबले में अखिल का मुकाबला मोलदोवा गणराज्य के विक्सलोव गोजन से होगा।
दूसरा राउंड तो वोदोपेनोव के नाम रहा। उन्होंने इस राउंड में अखिल पर हुक्स और पंच की बौछार कर दी और वह दूसरे राउंड में अखिल पर ६-४ की बढ़त बना ले गए। इस समय ऐसा लग रहा था कि अखिल शायद ही वापसी कर पाए।
तीसरे राउंड में वोदोपेनोव अखिल को रिंग में चारों तरफ दौड़ाने लगे। लेकिन अखिल भी कहाँ बाज आने वाले थे। उन्होंने इस राउंड में भी दो शक्तिशाली प्रहार जमा ही दिए और वे यह राउंड ३-२ से जीत गए।
आखिरी राउंड में अखिल वोदोपेनोव के ८ अंक के मुकाबले सात अंक पर थे। इस राउंड में विश्व चैंपियन वोदोपेनोव रक्षात्मक मूड में आ गए थे और वे खुद को बचाने की कोशिश करने लगे, लेकिन अखिल विश्व चैंपियन को बख्शने के मूड में नहीं थे। उन्होंने एक सीधा पंच उनके जबड़े पर जड़ा और एक अंडर कट जड़ने के साथ इस राउंड को २-१ से अपने नाम कर लिया।
अब दोनों खिलाड़ियों का स्कोर ९-९ हो गया। पाँच जजों की ज्यूरी ने अखिल को ज्यादा पंच मारने के आधार पर विजेता घोषित कर दिया। अखिल को जब विजेता घोषित किया गया तो रूसी मुक्केबाज रिंग में रो पड़े।
जीत के बाद गदगद अखिल ने कहा कि मेरा सपना तो स्वर्ण है, अब मैं इसे जीत पाता हूँ या नहीं, यह मेरे भाग्य पर निर्भर करता है। मैं तो अपनी तरफ से कठिन परिश्रम कर रहा हूँ। अगले राउंड को कठिन बताते हुए अखिल ने कहा कि अगला राउंड आसान नहीं है। लेकिन मुझे स्वर्ण जीतने का पूरा भरोसा है। भगवान मेरे साथ है और मुझे उन पर पूरा भरोसा है।
२००४ के एथेंस ओलिम्पिक में जेरम थॉमस से हारकर पहले राउंड से बाहर होने वाले अखिल ने पदक की उम्मीदें जगा दी है। जीत के बाद अखिलकुमार ने कहा कि उन्हें जीत का पूरा भरोसा था।
गौरतलब है कि २००६ के कॉमनवेल्थ खेलों में उन्होंने ५४ किलोग्राम वर्ग में ही मार्शियन साउथपा ब्रुनो जुली को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था।

प्रचंड बने नेपाल के नए प्रधानमंत्री

काठमांडू, १५ अगस्त- माओवादी नेता प्रचंड को यूएमएल और एमजेएफ समेत कम्युनिस्ट पार्टियों के समर्थन से आज नेपाल का प्रधानमंत्री निर्वाचित किया गया ।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार शेर बहादुर देउबा को हराया । प्रचंड को माओवादी यूएमएल एमजेएफ और अन्य छोटी पार्टियों की तरफ से ४३८ मत हासिल हुए जबकि श्री देउबा को ११३ मत मिले ।
माओवादियों की यह जीत पिछले महीने राष्ट्रपति चुनाव के दौरान नेपाली कांग्रेस के सहयोग से गठित गठबंधन से यूएमएल और एमजेएफ के अलग हो जाने की वजह से संभव हो सकी है ।

पाकिस्तानी सेना ने भारतीय ठिकानों पर गोली बारी की

नई दिल्ली, १५ अगस्त- भारत में स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू क्षेत्र के कुछ अग्रिम इलाकों में भारतीय सेना और सीमा सुरक्षाबल के ठिकानों पर मोर्टार और राकेट दागे।
सेना के सूत्रों के अनुसार हमले की ये दो घटनाएं एक घंटे के भीतर जम्मू सेक्टर के आरएस पुरा में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास और जम्मू-कश्मीर के पूंछ सेक्टर में मंडी में हुई। नवंबर २००३ भारत के साथ हुए संघर्षविराम समझौते का पाकिस्तानी सेना की ओर से गत जनवरी के बाद २४ बार उल्लंघन हो चुका है।
आरएस पुरा में पाकिस्तानी सेना ने सीमा सुरक्षा बल के ढुलिया काटमाडिया और सांगंल स्थित ठिकानों पर ४५ मिनट तक राकेट छोड़े। यह हमला देर रात दो बजकर १० मिनट पर हुआ। रक्षा विभाग के जम्मू स्थित जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल एसडी गोस्वामी ने कहा कि राकेट से हमला एक प्रमुख घटना है, चूंकि सीमा सुरक्षाबल के ठिकानों को निशाना बनाया गया, इसलिए सेना को घटना की विस्तृत पड़ताल करनी है।
सेना के सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने सीमा सुरक्षाबल की तीनों चौकियों पर राकेट के पांच-पांच चक्र दागे। इससे एक घंटे पहले पाकिस्तानी सेना ने प्रदेश के पुंछ सेक्टर स्थित मंडी क्षेत्र में भारतीय सेना के ठिकानों पर ६० एमएम मोर्टार से गोले दागे। सेना के एक शीर्ष अधिकारी ने यहां कहा कि पाकिस्तानी सेना ने कुछ राउंड मोर्टार से हमारे मंडी स्थित ठिकानों पर हमला किया। उन्होंने कुछ हल्के हथियारों से भी क्षेत्र में गोलीबारी की जो कुछ मिनटों तक जारी रही। सूत्रों ने कहा कि दोनों घटनाएं संघर्ष विराम का उल्लंघन हैं। भारतीय पक्ष में किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।