Aug 11, 2008

१० मीटर एयर राइफल में अभिनव ने जीता गोल्ड मेडल

बीजिंग, ११ अगस्त- बीजिंग ओलपिंक में शुरूआत की असफलताओं पर मरहम लगाते हुए भारत के शूटिंग स्टार अभिनव बिंद्रा ने गोल्ड मेडल जीत लिया है। १० मीटर एयर राइफल में अभिनव बिन्द्रा ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।
आज हुई प्रतियोगिता में बिन्द्रा ने यह करिश्मा कर दिखाते हुए देश का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया। वर्ल्ड चैम्पिअन अभिनव बिंद्रा ने भारतीय निशानेबाज़ों के निराशाजनक प्रदर्शन पर विराम लगाते हुए सोमवार को १० मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल के लिए क्लवॉलिफाइ किया था।
जबकि दूसरी तरफ गगन नारंग इसी स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश करने से चूक गए। वह ६०० में से ५९५ पॉइंट्स जुटाकर नौवें स्थान पर रहे। नारंग ने ९७ १०० १०० ९८ १०० के राउंड खेले।
अभिनव बिन्द्रा जो कि खेल रत्न से सम्मानित हो चुके हैं, चौथे स्थान पर रहे थे। उन्होंने ५९६ के स्कोर के साथ फाइनल के लिए क्वॉलिफाइ किया। उन्होंने १०० ९९ १०० ९८ १०० और ९९ के राउंड खेले।
अभिनव बिन्द्रा ने आज इस कारनामे से जहां पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया वहीं पर बीजिंग में भारत की तरफ से खेल रहे खिलाडियों में एक नया जोश पैदा कर दिया है।
बीजिंग में अभिनव ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। बिन्द्रा का यह पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक है। भारत को यह स्वर्ण पदक २८ साल के लंबे इंतजार के बाद हासिल हुआ है। इसके पहले भारत ने सन् 1980 में हॉकी में स्वर्ण पदक जीता था।
अभिनव के बीजिंग में स्वर्ण पदक जीतते ही पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। इसके साथ ही अभिनव के लिए पूरे देश से बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अभिनव की इस जीत पर प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने भी बधाई दी है और कहा है कि इस जीत से भारत के खिलाड़ियों में एक नई जान पैदा हो गई है।
हरियाणा ओलम्पिक एसोसिएशन नें अभिनव विंद्रा को एक करोड़ रूपये देने का एलान किया है । इतना ही नहीं देश की तमाम राज्य सरकारों नें लाखों रूपये प्रोत्साहन मनी देने का एलान किया है लालू यादव नें अभिनव को आजीवन प्रथम श्रेणी का पास देने का एलान किया है । इस जीत के बाद अभिनव बिंद्रा को बधाइयों का ताँता लग गया है ।

बस से कुचलकर छात्रा की मौत

फैजाबाद, ११ अगस्त-रोडवेज की बस से कुचलकर कल शाम मनूचा डिग्री कालेज की एक साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई।
फैजाबाद बस पड़ाव से आ रही एक बस ने कल शाम स्नातक की एक छात्रा को कुचल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वह साइकिल पर सवार थी। बस से कुचले जाने पर गंभीर रूप से घायल छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान कविता के रूप में की गई है।
यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब कविता स्नातक में नामांकन कराने के बाद घर लौट रही थी।
पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

अमरनाथ भूमी विवाद, जंतर-मंतर पर संतों का धरना प्रदर्शन

नई दिल्ली, ११ अगस्त- अमरनाथ यात्रा संघर्ष समिति के नेतृत्व में उत्तर भारत से आए सैकड़ों प्रमुख संतों ने रविवार को जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन कर अमरनाथ श्राइन बोर्ड को जमीन वापस दिलाने की मांग की। विहिप के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण तोगड़िया, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद के नेतृत्व में संतों ने कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर से जंतर-मंतर तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के 'बच्चा-बच्चा राम का, अमरनाथ के काम का', 'अमरनाथ की जमीन वापस दो, वापस दो' आदि नारों से संसद मार्ग गूंज उठा। इस मौके पर अमरनाथ संघर्ष समिति द्वारा राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि भारत में मुसलमानों के आने से करोड़ों वर्ष पहले ही बाबा अमरनाथ कश्मीर में विराजमान हैं। भारत के शिखर पर विराजमान भगवान भोले शंकर के कारण देश सुरक्षित है। राष्ट्रद्रोही व अलगाववादी बाबा अमरनाथ यात्रा को रोक कर कश्मीर घाटी को भारत से अलग करना चाहते हैं। हम उनके मनसूबों को कभी पूरा नहीं होने देंगे।
हरिद्वार से आए स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि जब कश्मीर के मुसलमानों को हज हाउस के लिए भूमि, हज टर्मिनल, हज सब्सिडी एवं तमाम तरह की अन्य सुविधाएं दी जाती है तो कश्मीर में बाबा अमरनाथ के लिए भूमि क्यों नहीं दी जाएगी? जिस यात्रा से कश्मीर के लाखों परिवार सालों भर अपनी रोजी कमाते हैं तथा वहां की सरकार को करोड़ों का राजस्व प्राप्त होता है, तो यात्रियों को सुविधा क्यों नहीं? धरने में उत्तार भारत के प्रमुख संतों के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर से आए विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित थे। जम्मू कश्मीर से विहिप के अध्यक्ष डा. रामाकांत दुबे, पनुन कश्मीर के सचिव कमल वांग्नू, कालिका पीठाधीश्वर महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत, दिल्ली संत महामंडल के संयोजक महंत नवल किशोर दास सहित सैकड़ों संतों ने संकल्प लिया कि यदि हमारी मांग पूरी नहीं की गई तो ११ अगस्त को हम भारत का चक्का जाम करने को मजबूर होंगे।

कानून के सम्बन्ध में जानकारी हेतु शिविर का आयोजन

पूर्णिया, ११ अगस्त रविवार को रानीपतरा के चांदी पंचायत में कानून के विषय की जानकारी हेतु शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन में परिवार कोर्ट से संबंधित कानूनी जानकारी तथा लोक अदालत, सुलह केन्द्र एवं अन्य बातों के बारे में विस्तार से बताया गया। कानूनी जानकारियां प्रदान की मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एके श्रीवास्तव, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी द्वय नरेन्द्र कुमार एवं मनोज कुमार राय ने।
उन्होंने कहा कि सुलह केन्द्र में प्रतिदिन दो अधिवक्ता नियुक्त होते है जो मुफ्त कानूनी सहायता देते है। इसका लाभ लेना चाहिए। अनुसूचित जाति, जनजाति एवं गरीब तबके के लोगों को मिलने वाली विधिक सहायता की भी चर्चा की गयी।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत में सम्पत्ति के बंटवारे, क्लेम केसों इत्यादि में कोर्ट फीस भी नहीं लगता है। अतएव सुलहनीय एवं शमनीय वादों के लिए यह एक बेहतर मंच है। इस अवसर पर थानाध्यक्ष आरती जायसवाल, चांदी पंचायत के सरपंच, न्यायमित्र, सचिव एवं बहुत से स्त्री-पुरुष उपस्थित थे।

Aug 10, 2008

कोटा पिकनिक स्पॉट पर हादसा एक की मौत, १५० फंसे

कोटा, १० अगस्त-कोटा से करीब १० किलोमीटर दूर रावतभाटा रोड पर स्थित गेपरानाथ के महादेव मंदिर की सीढि़यां टूट जाने से पिकनिक मनाने गए करीब एक सौ पचास लोगों के मंदिर में फंसे होने की सूचना है। हादसे में आधिकारिक तौर पर एक व्यक्ति के मरने की पुष्टि की गई है। तथा कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की असंका है ।
घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं। मंदिर के लिए करीब दो सौ सीढि़या नीचे उतर कर जाना पड़ता है। इसलिए सीढि़यां टूट जाने और अँधेरा हो जाने से लोगों को बाहर निकालने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है ।
लोगों को हेलीकाप्टर की मदद से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा था किंतु अँधेरा होने के कारण रेस्क्यू कार्य रोक दिया गया है । फंसे हुए लोगों के पास जनरेटर से रोशनी एवं खाने-पीने का सामान पहुचाने का प्रयास किया जा रहा है उल्लेखनीय है कि यह एक पिकनिक स्पॉट है। सावन का महीना साथ में रविवार होने से यहां भारी संख्या में लोग जमा थे।

खतरा है तो सुरक्षा बढ़ाएँ मायावती-लालू

नई दिल्ली, १० अगस्त- राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बसपा की अध्यक्ष मायावती द्वारा उनके जीवन को खतरा बताने संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह लोकप्रियता पाने का एक तरीका मात्र है।
मायावती ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित एक रैली में कथित तौर पर कहा था कि कांग्रेस या भाजपा उन पर आतंकवादी या फिर नक्सली हमले कर उन्हें मरवा सकते हैं।
लालू प्रसाद ने कहा कि मायावती उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री है और उन्हें वहाँ कौन मार सकता है। उन्हें (मायावती को) लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए।
यदि वास्तव में उन्हें खतरा महसूस होता है तो उन्हें अपनी सुरक्षा और बढ़ा लेनी चाहिए। रेलमंत्री ने कल मायावती द्वारा उनके बारे में की गई टिप्पणी पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

रूसी हमले से डर कर जॉर्जिया ने सेना हटाई

तिबिलिसी, १० अगस्त- रूसी विमानों द्वारा आज तड़के राजधानी तिबिलिसी पर की गयी जबरदस्त बमबारी से घबराए जॉर्जिया ने विद्रोही प्रांत ओसेतिया से अपनी सेना पूरी तरह हटा ली है।
ओसेतिया पर जॉर्जियाई सैनिकों ने शुक्रवार को कार्रवाई की थी। इसके तुरंत बाद रूस अपने समर्थक ओसेतियाई विद्रोहियों के बचाव में पूरे सैन्य बल के साथ इस संघर्ष में कूद गया। रूस के इस कदम से जॉर्जिया समर्थक अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों की भवें तन गयी है और उन्होंने तत्काल संघर्ष रोकने की अपील की है।
जॉर्जिया के गृहमंत्रालय के सूचना विभाग के प्रमुख शोता उतियाशविली ने जॉर्जिया के पीछे हटने की पुष्टि करते हुए कहा “हमारी सेना यहां ओसेतिया की राजधानी सिखिनवाली पर कब्जा करने के लिए रूसी सेनाओं के साथ कडा मुकाबला कर रही थीं लेकिन अब इन्हें पूरी तरह हटा लिया गया है।”
जॉर्जिया ने शुक्रवार से जारी युद्ध के दौरान हजारों की तादाद में मासूम लोगों के मारे जाने का हवाला देते हुए कल ही युद्ध विराम की पेशकश की थी हालांकि रूस ने इसे तवज्जो न देते हुए आज भी उसकी राजधानी तिबिलिसी के सैन्य अड्डे पर बम बरसाए।यह हवाई अड्डा एक आयुध कारखाने का है जहां सोविय संघ काल से सुखोई एस यू २५ लडाकू विमानों का उत्पादन होता रहा है।
श्री उतियाशविली ने इसके पूर्व दिए गए बयान में स्थिति की भयावहता पर कहा था कि रूस जॉर्जिया में अपने ६ हजार सैनिकों को घुसा चुका है। उसके ४ हजार और सैनिक समुद्र और थल मार्ग से जॉर्जिया पर तडके कभी भी हमला बोल सकते हैं। उन्होंने स्थिति की गंभीरता बयां करते हुए कहा कि यदि ऐसा हुआ तो जॉर्जिया में भयंकर मानवीय त्रासदी होगी ।
गौरतलब है दक्षिण ओसेतिया को लेकर जॉर्जिया और रुस के बीच पूर्ण युद्ध की स्थिति बन चुकी है। रुसी सेना की भीषण बमबारी के बाद जॉर्जिया के राष्ट्रपति ने तुरंत संघर्ष विराम का आह्वान किया है। जॉर्जिया की ओलंपिक टीम ने भी अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से हिंसा रोकने में मदद करने की गुहार की है।
पेईचिंम जारी एक बयान में एथलीटों ने कहा “जॉर्जिया के समूचे क्षेत्र में पूरी तरह रुसी सैनिकों का कब्जा हो गया है। हम अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से आह्वान करते हैं कि वह रुस को साफ बता दे कि २१ वीं सदी के इस दौर में किसी संप्रभु राष्ट्र के क्षेत्र में बमबारी और हमले बर्दाश्त नहीं किये जाएंगे।” इस बीच फ्रांस और यूरोपीय संघ ने भी रुस से जॉर्जिया की ओर से भेजे गये संघर्ष विराम प्रस्ताव को तुरंत स्वीकार करते हुये युद्ध रोकने की मांग की है ।