Jul 25, 2008

रिमझिम बारिस से मुंबई वासियों को राहत

मुंबई, २५ जुलाई- मुंबई के लोगों द्वारा काफी दिनों तक इंतजार करने के बाद गुरुवार को मुम्बई में काले बादल घिर आए। सुबह से शुरू हुई रिमझिम बारिश ने वातावरण को ठंडा कर दिया। शुरू में रिमझिम बारिश हुई परंतु धीरे-धीरे इसकी रफ्तार तेज हो गई और कई स्थानों पर सड़कों में पानी जाम हो गया।
रेलवे ट्रैक पर पानी जमा होने से ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ। मध्य रेल की ट्रेनें आधे घंटे देरी से चल रही थीं। कोंकण क्षेत्र में भी बुधवार रात से ही झमाझम बारिश हुई, जिससे किसानों के चेहरे खिल गए। कई किसान पंप के जरिए खेतों की सिंचाई कर रहे थे। गुरुवार को रत्नागिरि, राजापुर, चिपलूण, सिंधुदुर्ग जिलों में लगातार बारिश हुई। खासतौर से रत्नागिरि में दोपहर को मूसलाधार बारिश हुई। हालांकि मराठवाडा, सोलापुर, पश्चिम महाराष्ट्र आदि क्षेत्रों में छिटपुट बारिश हुई है।

समाजवादी पार्टी नें क्रास वोटिंग करने वाले छह सांसदों पार्टी से बर्खास्त किया

नयी दिल्ली २५ जुलाई- समाजवादी पार्टी ने गत २२ जुलाई को लोकसभा में विश्वास प्रस्ताव पर मतविभाजन के दौरान पार्टी व्हिप का उल्लंघन कर क्रांस वोटिंग करने वाले छह सांसदों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है ।
समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह ने आज यहां संवाददाताओ को बताया कि पार्टी के संसदीय दल के नेता रामगोपाल यादव कल लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी से मिल कर इन छह सांसदो की सूची सौंपेगे । निष्कासित किये गये सांसदो में अफजल अंसारी, राजकुमार बुधौलिया, जयप्रकाश रावत, एस. पी. सिंह बघेल, मुनव्वर हसन और अतीक अहमद शामिल हैं ।
भारतीय जनता पार्टी के सांसदो को क थितरूप से रिश्वत देने से संबंधित सवाल पर श्री सिंह ने कहा कि स्टिंग आपरेशन भाजपा और बहुजन समाज पार्टी .बसपा. की साजिश थी जिसका मकसद सपा के नेतृत्व की छवि खराब करना था

राज ठाकरे सर्वोच्च न्यायालय की शरण में

नई दिल्ली, २५ जुलाई- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने उत्तर भारतीयों के खिलाफ उत्तेजक भाषण देने के मामले में झारखंड में जमशेदपुर की अदालत में चल रहे मुकदमे के निपटारे के लिए सर्वोच्च न्यायालय की शरण ली है।
राज ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ जिस आदमी ने याचिका दाखिल की है वह राष्ट्रीय जनता दल का प्रवक्ता है और यह कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है और यह केवल सस्ता प्रचार पाने का तरीका है। जमशेदपुर के न्यायिक मजिस्ट्रेट ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए ठाकरे को आईपीसी की धारा १५३ ए, १५३ बी और ५०४ के तहत समन जारी किए थे। इस पर राज ने इस आदेश के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। हाईकोर्ट ने ठाकरे को राहत देते हुए १५३ ए और १५३ बी के आरोप तो हटा दिए, लेकिन धारा ५०४ नहीं हटाई ।
सुप्रीमकोर्ट में दाखिल अपनी याचिका में राज ने कहा कि वादी ने अपनी याचिका में उनके तथाकथित आग उगलने वाले भाषण की प्रति नहीं संलग्न की और उस पर भी अदालत ने शिकायत का संज्ञान ले लिया। राज ने दावा किया कि उनके खिलाफ की गई शिकायत पूरी तरह टीवी की रिपोर्ट पर आधारित है और इस मामले में टीवी समाचार चैनल को वादी नहीं बनाया है।

बैगलौर में सीरियल बम ब्लास्ट

बैंगलोर, २५ जुलाई- बैंगलौर में एक के बाद एक कुल पॉँच धमाकों की ख़बर आ रही है बताया जा रहा है कि बारह मिनट के अन्तराल में ये धमाके हुए इन धमाकों में एक महिला की मौत हो गई है और १५ लोगों के जख्मी होने की ख़बर हैं बताया जा रहा है कि पहला बम ब्लास्ट मडीवाला चर्च के पास, दूसरा ब्लास्ट आरगुडी में एवं तीसरा ब्लास्ट नयनडानल्ली में हुआ है चौथा ब्लास्ट शिवाजी नगर, पांचवां ब्लास्ट पंथारपल्या में हुआ है ।
सूत्रों के अनुसार बमों में टाइमर का इस्तेमाल किया गया है । तथा सभी ब्लास्ट साऊथ बैंगलौर में हुए है । बैगलौर के बम ब्लास्ट को देखते हुए देश की राजधानी दिल्ली एवं आर्थिक राजधानी मुंबई में हाई एलर्ट घोषित कर दिया गया है । इन धमाकों में जिलेटिन का इस्तेमाल किए जाने की खबर है। सारे धमाकों को लो इंटेंसीटी का बताया जा रहा है ।
पुलिस हेल्पलाइन नम्बर : ०८०-४०३१२७०६

टाटा मोटर्स लॉन्च करेंगे इलेक्ट्रिक कार

नई दिल्ली, २५ जुलाई-एक लाख रुपए की कार तैयार करने वाली टाटा मोटर्स २००८ में इलेक्ट्रिक कार लॉन्च कर लेगी। वह अन्य ऊर्जा बचाने वाली कारें भी लॉन्च करने की तैयारी में लगी है। टाटा मोटर्स के चेयरमैन रतन टाटा ने वीरवार को शेयरधारकों की बैठक में कहा कि इलेक्ट्रिक कार का निर्माण पूरे जोर-शोर से चल रहा है। इलेक्ट्रिक कार लाने की बात वह पहले भी कह चुके हैं।
पेट्रोल और डीजल की तेजी से बढ़ती कीमतों के इस दौर में कंपनियों पर कम ईंधन में ज्यादा चलने वाले वाहन बनाने का दबाव है। टाटा ने कहा कि कंपनी रक्षा उपकरणों के बाजार में भी अपनी उपस्थिति बढ़ा रही है। नए किस्म के ट्रक भी इसी साल लाए जा रहे हैं।
दुनिया की सबसे सस्ती कार नैनो भी इसी साल लॉन्च की जाएगी। टाटा मोटर्स इंडिका हैचबैक कार बनाती व बेचती है। इंडिगो सिडान और इंडिगो मैरीना के अलावा सफारी एसयूवी और सूमो एसयूवी भी भारतीय बाजार में बेची जाती है।

Jul 24, 2008

ग्रामीण क्षेत्रों में ‘फिक्स फोन’ पर लाइसेंस शुल्क खत्म

नई दिल्ली २५ जुलाई- दूरसंचार आयोग ने देश में ग्रामीण क्षेत्रों में टेलीफोन सुविधा को बढ़ावा देने के लिए इन क्षेत्रों में फिक्स टेलीफोन पर लाइसेंस शुल्क हटाने का निर्णय लिया है जिससे सरकार को प्रति वर्ष २०० करोड़ रुपए का नुकसान होगा।
दूरसंचार विभाग के तहत कार्य करने वाले दूरसंचार आयोग की हाल ही में हुई बैठक में लिए गए इस निर्णय से गांवों में ब्रॉडबैंड सेवा को भी बढ़ावा मिलेगा और शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच दूरसंचार सुविधाओं की खाई पाटने में मदद मिलेगी।
आयोग ने उन दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के लिए सर्वत्र सेवा उत्तरदायित्व कोष में दी जाने वाली राशि भी उनके समायोजित सकल राजस्व के पांच प्रतिशत से घटाकर तीन प्रतिशत करने का निर्णय लिया है जो ९५ प्रतिशत से अधिक ग्रामीण क्षेत्र में काम कर चुके हैं। यह कोष ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों को तर्कसंगत लागत पर दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ढांचागत सुविधाएं स्थापित करने में मदद के वास्ते बनाया गया है।
आयोग का यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्रों में दूरसंचार सुविधाएं बढ़ाने की सरकार की नीति के अनुरुप हैं। इनका उद्देश्य ११ वीं पंचवर्षीय योजना के अंत तक ग्रामीण क्षेत्रों में टेलीफोन कनेक्शन संख्या २० करोड़ तक पहुंचाकर टेलीफोन घनत्व २५ प्रतिशत तक पहुंचाना है जो गत दिसम्बर तक आठ प्रतिशत था।

दीवार गिरने से छह लडकियों की मृत्यु..सात घायल

लखनऊ २४ जुलाई- उत्तर प्रदेश के चन्दौली और प्रतापगढ जिलों में आज दीवार ढहने से छह लडकियों की मृत्यु हो गयी तथा सात लोग गंभीर रप से घायल हो गये ।
चन्दौली के अपर पुलिस अधीक्षक विक्रमादित्य सचान ने बताया कि धीना क्षेत्र के खजरा गांव में बारिश की वजह से एक दीवार गिर गयी । इस दुर्घटना में मलबे में दबकर माधुरी १२ इमरता १३ केतरी ११ और पूनम १० की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गयी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है .
श्री सचान ने बताया कि द्वारिका मिश्र के घर की दीवार भरभरा कर बगल के रास्ते पर ढह गयी । उसी समय शौच के लिए जा रही ये लडकियां उसकी चपेट में आ गयी और उनकी मृत्यु हो गयी । उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ।
प्रतापगढ से मिली जानकारी के अनुसार वहां आज दोपहर मान्धाता क्षेत्र के रोर गांव में कच्चे मकान के ढह जाने से एक ही परिवार के दो बच्चों की मृत्यु हो गयी और पांच लोग गंभीर रप से घायल हो गये
पुलिस के अनुसार मोती यादव का कच्चा मकान जगतपाल उर्फ मुन्ना के मकान पर गिरा तो मुन्ना यादव का कच्चा मकान ढह गया जिसके नीचे दबकर मुन्ना यादव की दो पुत्रियों पिंकी ०४ व मुस्कान ०३ की मृत्यु हो गयी और मुन्ना यादव उनकी पत्नी रिंकी तथा तीन पुत्र विकास रवि तथा लकी घायल हो गये