Jul 21, 2008

सोमनाथ दा और ममता दीदी नें दी सरकार को राहत

नई दिल्ली, २१ जुलाई- परमाणु करार पर चल रहे राजनीतिक संघर्ष का अंतिम दौर आ पहुंचा है, जब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह लोकसभा में विश्वास मत के लिए एक लाइन का प्रस्ताव पेश करने जा रहे हैं। आज इस पर चर्चा के बाद मत विभाजन होगा। इस बीच आंकड़ों का खेल जारी है और २७१ के जादुई अंक को छूने की जद्दोजहद भी । सरकार के पाले में सब मिलाकर २६६ सांसद जुटे हैं जबकि विपक्ष के पास २६९ सांसदों की सूचना है, लेकिन अंतिम फैसला स्पीकर सोमनाथ चटर्जी और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी के वोट पर निर्भर करेगा जिन्होंने मत विभाजन में भाग नहीं लेने की घोषणा की है। मत विभाजन के दौरान दोनों ही पक्षों में जबर्दस्त तोड़फोड़ की संभावना है।
यूपीए को झारखंड मुत्ति मोर्चा और नेशनल कांफ्रेंस के समर्थन से थोड़ी राहत अवश्य मिली, लेकिन दो सांसदों की बगावत ने कांग्रेस के होश उड़ा दिए हैं। यही हाल विपक्षी भाजपा का है, जहां बृजभूषण सिंह के सपा में चले जाने के बाद बाकी बचे सांसदों में से भी कुछ के अनुपस्थित रहने की संभावना है। सपा में से मुनव्वर, जयप्रकाश, राजनारायण और एस।पी.बघेल के बाद एक और सांसद राधेश्याम कोली के डांवाडोल होने की खबरें भी मिल रही हैं। राजग में भी सेंध लगी है। जद (यू) के रामस्वरूप और पी.पी.कोया यूपीए के समर्थन में आ गए हैं। शिवसेना के तुकाराम गणपतराव भी बागी हुए हैं। ऐसे में सरकार को दलबदलुओं के सहारे नैया पारी करनी होगी। इस बीच पर्दे के पीछे सट्टेबाजों और जासूसों का भी खेल जारी है। सरकार के बचने और रहने पर अरबों का सट्टा लगा है वहीं सट्टेबाजों ने कुछ सांसदों से भी सम्‍पर्क साध कर ५० करोड़ तक का ऑफर दिया है।
इससे पूर्व आज संसद पहुंचने पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने संवाददाताओं के सामने विजय का निशान बनाते हुए कहा कि हम जीतेंगे। राजनाथ सिंह ने कहा कि कल का दिन इस सरकार का अंतिम दिन है।

लालू यादव का दावा 291 से अधिक सांसद सरकार के पक्ष में

नई दिल्ली, २१ जुलाई- केंद्र की संप्रग सरकार के मुख्य घटक राष्ट्रीय जनता दल ने दावा किया है कि सरकार के समर्थन में २९१ सांसद हैं और सरकार लोकसभा में विश्वास मत हासिल करेगी।
केंद्रीय रेलमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने संसद के बाहर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि हमारे सदस्यों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का समर्थन करने वाले सांसदों की संख्या अब २९१ के आंकड़े को पार कर गई है। लोकसभा में हम बड़ी विजय हासिल करने जा रहे हैं।
अमेरिका के साथ परमाणु करार का जबरदस्त बचाव करते हुए लालू प्रसाद ने अपने निराले अंदाज में कहा कि दुनिया के लोग आज चांद पर भूमि खरीद रहे हैं और अभी तक अलग-थलग पड़े भारत को अब मान्यता मिल सकती है, जिसे इसे जरूरत थी। लालू ने कहा कि हमारा विश्वास मत देश का विश्वास है। जनता परमाणु करार के पक्ष में है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार सदन में विश्वास मत जीतेगी।

Jul 20, 2008

'माया' को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूजा-अर्चना शुरू

आगरा, २१ जुलाई-बसपा सुप्रीमो मायावती को प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाने के लिये बौद्ध धर्माचार्यो की संगत में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रार्थना और अर्चना की।
विधायक गुटियारी लाल दुबेश की अगुवाई में मारुति स्टेट, शाहगंज में संपन्न इस आयोजन से पूर्व उपस्थित लोगों को प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताई गईं और कामना की गईं कि जल्द ही बहन जी दिल्ली की गद्दी पर आसीन हों। इस मौके पर दुबेश के अलावा पार्षद दयालू, थान सिंह, सम्राट, राजेन्द्र सिकरवार आदि भी मौजूद थे।
धार्मिक अनुष्ठान और प्रार्थना ९५ वर्षीय भंते विमल सागर ने संपन्न कराई, जिसमें सभी धर्मो के लोग शामिल थे।

माकपा ने सोमनाथ दा से लोकसभा अध्यक्ष का पद छोड़ने को कहा

नई दिल्ली, २१ जुलाई- माकपा ने रविवार की रात लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी से कहा कि वे लोकसभा में विश्वास मत से पहले अपने पद से इस्तीफा दे दें। यह जानकारी वामदल के सूत्रों ने दी।
गौरतलब है कि सोमनाथ चटर्जी पार्टी नेतृत्व के साथ टकराव की मुद्रा में हैं। लोकसभा अध्यक्ष के करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्हें इस संबंध में किसी भी पत्र मिलने की जानकारी नहीं है।
सूत्रों ने बताया कि उन्हें माकपा महासचिव प्रकाश करात द्वारा दो दिन पहले दिए गए उस वक्तव्य की सिर्फ जानकारी है जिसमें उन्होंने कहा था कि लोकसभा अध्यक्ष को पद से इस्तीफा देने के संबंध में खुद फैसला करना है।
वामदलों के सूत्रों ने बताया कि एक अज्ञात दूत के जरिये लोकसभा अध्यक्ष को पद से इस्तीफा देने का संदेश कल रात प्रेषित कर दिया गया।
चटर्जी ने संप्रग सरकार के विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा से पहले सोमवार को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। विश्वास मत पर मंगलवार को मतदान होना है।

विपक्ष के १० सांसद जा सकते है सरकार के साथ

नई दिल्ली, 2० जुलाई-२२ जुलाई को होने वाले विश्वास मत के लिए हर पार्टी अपने प्यादे को बचाते हुए दूसरों के प्यादे को काटकर अपना खेमा मजबूत करने के खेल में लगे हुए है। आज समाजवादी पार्टी ने भाजपा सांसद ब्रजभूषण सिंह को अपने पाले में लाकर अपनी संख्या में इजाफा कर लिया है। इसके साथ ही सपा ने अपने टूटे हुए सांसद को पार्टी में वापसी के प्रयास भी कर दिए है।
उधर एक टीवी चैनल पर चल रही खबर के अनुसार कांग्रेस ने दावा किया है कि विपक्ष के १० सांसद सरकार के संपर्क में है और परमाणु करार के मुद़ दे पर वे सरकार का समर्थन करने को तैयार है।इन सांसदो में ६ शिव सेना और ४ भाजपा के बताए जा रहें है।
कांग्रेस ने लोकसभा के सांसदों से अपली की है कि वे राष्ट्रहित को ध्यान में रखकर वोटिंग करें। कांग्रेस ने कहा है कि परमाणु करार से देश को फायदा ही होगा और इस बात को सभी लोकसभा सांसदों को ध्यान में रखनी चाहिए।

राजौरी में मुठभेड़ दो की मौत

राजौरी के थाना मंडी के जंगलों में रविवार देर रात सेना और चरमपंथियों के बीच शुरू हुई ये मुठभेड़ अब भी जारी है. इस मुठभेड़ में मारे जाने वालों में एक सेना का मेजर और एक पुलिस का जवान है. इसके अलावा सेना के दो जवान भी घायल हुए हैं.
ये मुठभेड़ राजौरी ज़िला मुख्यालय से तक़रीबन १८० किलोमीटर दूर थाना मंडी के जंगलों में चल रही है. इन जंगलों में चरमपंथियों के छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर देर रात को ये अभियान शुरू किया.
इस मुठभेड़ में मारे गए भारतीय सेना के मेजर का नाम भानु प्रताप है और वो ४८ राजस्थान रायफ़ल्स से थे जबकि मारा गया अन्य व्यक्ति जम्मू-कश्मीर पुलिस का जवान है।
रविवार की रात १२ बजे के बाद शुरू हुई ये मुठभेड़ अब भी जारी है. गौरतलब है कि शनिवार को श्रीनगर से १४ किलोमीटर दूर नरबाल के पास श्रीनगर-बारामूला राजमार्ग पर सेना के एक क़ाफ़िले पर हुए चरमपंथी हमले में सेना के नौ भारतीय सैनिक मारे गए थे. चरमपंथियों ने ये हमला क़ाफ़िले में शामिल बस पर किया था.

जेडीयू के सांसद रामस्वरूप प्रसाद संप्रग के साथ

नई दिल्ली, २० जुलाई-बिहार से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के बागी सांसद रामस्वरूप प्रसाद २२ तारीख को लोकसभा में विश्वास मत परीक्षण के दौरान संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के समर्थन में मतदान करेंगे। प्रसाद ने रविवार को एक निजी टीवी चैनल के साथ बातचीत में यह जानकारी दी। हालांकि जेडीयू अध्यक्ष ने पार्टी में बगावत से इनकार करते हुए कहा कि पार्टी के सभी सांसद संप्रग सरकार के खिलाफ वोट करेंगे।
रामस्वरूप प्रसाद ने कहा कि वह परमाणु करार को राष्ट्रहित में मानते हैं और इसलिए विश्वास मत के दौरान सरकार के पक्ष में मतदान करेंगे चाहे इसका कोई नतीजा हो। नालंदा से लोकसभा सदस्य प्रसाद ने कहा कि उन्होंने अपने निर्णय को लेकर पक्ष और विपक्ष में सब कुछ सोच लिया है। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ नहीं हूं, मैं तो राष्ट्रहित में काम करता हूं।
इस बीच, जेडीयू के अध्यक्ष शरद यादव से जब प्रसाद के इस निर्णय के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी किसी बात की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी आठों सांसद सरकार के खिलाफ वोट करेंगे। उन्होंने कहा कि जो कोई सांसद इधर से उधर जा रहा है। वह आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए ऐसा कर रहा है, लेकिन जेडीयू का इतिहास रहा है उसके लोग कभी ऐसा नहीं करते हैं। शरद ने कहा कि राजग का पूरा प्रयास होगा कि २२ जुलाई को कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग सरकार विश्वास मत हासिल नहीं कर पाए।
उन्होंने दावा किया कि यह सरकार निश्चित तौर पर जाएगी और जेडीयू के सांसदों का नंबर घटने वाला नहीं है बल्कि बढ़ेगा ही। लक्षद्वीप के सांसद पीपी कोया के बारे में उन्होंने कहा कि उनसे बात हो गई है और वे सोमवार को दिल्ली आ रहे हैं।