Jul 15, 2008

'रामचंद पाकिस्तानी' भारत में भी रिलीज़ होगी

ये फ़िल्म एक लड़के के जीवन की सच्ची कहानी पर आधारित है जिसमें वो ग़लती से भटकते हुए भारतीय सीमा में आ जाता है। ये पहला मौक़ा है जब कोई फ़िल्म भारत और पाकिस्तान में एक ही दिन एक साथ प्रदर्शित की जा रही है। इस फ़िल्म को आलोचकों ने भी खूब सराहा है ।
भारत और पाकिस्तान दोनों की संस्कृतियाँ समान होने के बाद भी, तीन युद्धों और राजनीतिक दुश्मनी ने दोनों मुल्कों के आम आदमी को एक दूसरे से बेहद दूर कर दिया है ।
पिछले दिनों एक और पाकिस्तानी फ़िल्म 'ख़ुदा के लिए' भी भारत में प्रदर्शित की गई थी जिसने काफ़ी वाहवाही बटोरी थी। लेकिन ये फ़िल्म दोनों देशों में एक साथ रिलीज़ नहीं हुई थी। और यही वजह है 'रामचंद पाकिस्तानी' के खास होने की क्योंकि ये सरहद की दोनों तरफ एक साथ एक ही दिन प्रदर्शित की जाएगी ।
इस फ़िल्म में मशहूर अभिनेत्री नंदिता दास मुख्य भूमिका में हैं। कई क्षेत्रीय और बॉलीवुड फ़िल्मों में काम कर चुकीं नंदिता ने ब्रिटिश न्यूज़ एजेंसी बीबीसी को बताया कि उन्हें पाकिस्तान में काम करके अच्छा लगा ।
नंदिता का कहना है कि ये फ़िल्म भारतीय लोगों को पाकिस्तान के बारे में और ज़्यादा जानने में काफ़ी मददगार साबित होगी। उनका कहना था, "पाकिस्तान के लोग तो बॉलीवुड के ज़रिए भारत के बारे में बहुत कुछ जानते हैं लेकिन हम उनके बारे में ज़्यादा नहीं जानते."
'रामचंद पाकिस्तानी' में एक आठ साल के बच्चे और उसके माता-पिता का चित्रण किया गया है। ये आठ साल का बच्चा ग़लती से सरहद पार करके भारतीय सीमा में आ जाता है और उसे जेल में डाल दिया जाता है ।
इस फ़िल्म के निर्माता हैं जावेद जब्बार जो कि पाकिस्तान के कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। जावेद जब्बार ने बताया कि रामचंद पाकिस्तानी कोई राजनीतिक फ़िल्म नहीं है बल्कि इसमें एक बच्चे और उसके मां-बाप का चित्रण किया गया है ।

माशूका के साथ मिलकर पत्नी की हत्या करनेवाला गिरफ्तार

मुंबई, १५ जुलाई-मुम्बई क्राइम ब्रांच ने उस शख्स को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपनी माशूका के साथ मिलकर अपनी पत्नी का मर्डर कर दिया था। रुकसाना नाम की माशूका से हेमंत जैन ने मुम्बई में इश्क किया था। दोनों को इंस्पेक्टर मिलिंद खेतले ने दिल्ली पुलिस की मदद से रविवार को पकड़ा। मृतक महिला का नाम सुरैया उर्फ सरला केशवानी है।
क्राइम ब्रांच सूत्रों के अनुसार करीब छह महीने पहले हेमंत जैन और सरला केशवानी मालवणी में शिफ्ट हुए थे। यहां जैन ने रूकसाना को घर के काम के लिए रखा। इसी में जैन को रूकसाना से इश्क हो गया और उसने शादी का फैसला किया। पर चूंकि सरला केशवानी जैन के इरादों में आड़े आ रही थी, इसलिए जैन ने रूकसाना के साथ मिलकर सरला को खत्म करने की ठानी। वह २१ जून को सरला को हैदराबाद ले गया और रूकसाना के साथ मिलकर उसका कत्ल कर दिया।

वहशी दरिदे द्वारा किया गया ढाई साल के बच्ची के साथ दुष्कर्म

पटियाला / समाना, १५ जुलाई-यहां रविवार रात्रि घटित एक अत्यंत शर्मनाक घटना में स्थानीय पातड़ा रोड के किनारे स्थित बुढ्डा दल पब्लिक स्कूल के समीप झुग्गी झोपड़ी में रहते एक मजदूर की ढाई वर्षीय बच्ची के साथ किसी वहशी दरिदे द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मासूम बच्ची को सोमवार सुबह गंभीर हालत में शहर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया, यहा के डाक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गत रात्रि मजदूर मोहिंद्र अपने परिवार के साथ अपनी झोपड़ी में सोया था। लगभग मध्य रात्रि के समय जब अचानक मोहिंद्र की आख खुली, तो उसने देखा कि उसकी ढाई वर्षीय बच्ची आरजू अपने बिस्तर पर नहीं थी। उसने जब इधर-उधर देखा तो उसे बच्ची कहीं नजर नहीं आई। इसके बाद उसने अपने परिवार वालों को जगा लिया। फिर पूरे परिवार ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान उन्हे अपनी झोपड़ी से कुछ दूरी पर स्थित सरकारी विश्राम घर के पीछे से झाड़ियों में बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने वहा जाकर देखा, तो बच्ची खून से बुरी तरह लथपथ थी और जोर-जोर से रो रही थी, उसे वह तुरत शहर के सिविल अस्पताल ले आए।
यहा के डाक्टरों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि करते हुए उसे प्राथमिक उपचार देने के उपरांत पटियाला के राजिंदरा अस्पताल भेज दिया। इस संबंधी सिटी पुलिस से जब मामला दर्ज करने संबंधी पूछा गया, तो जवाब मिला कि लड़की के पिता ने शिकायत दर्ज करवाने से इनकार कर दिया है।

यूपीए कर रही है लोकसभा भंग कराने पर भी विचार

नई दिल्ली, १५ जुलाई- जैसे-जैसे विश्वासमत की तारीख नजदीक आती जा रही है, सरकार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। छोटे दलों की सौदेबाजी और झामुमो की बेरूखी से सरकार की राह आसान नहीं लग रही है। ऐसे में यूपीए के रणनीतिकार सदन का सामना किए बिना लोकसभा भंग करने के विकल्प पर भी गंभीरतापूर्वक विचार कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार जद (एस), टीआरएस और रालोद जैसे छोटे दलों की समर्थन के बदले सौदेबाजी से यूपीए के रणनीतिकार आशंकित हैं। टीआरएस व जद (एस) नेताओं के वामपंथी नेताओं के संपर्क में होने, भाजपा और रालोद के बीच चल रही बातचीत और नेशनल कांफ्रेंस की डांवाडोल स्थिति के बाद यूपीए की नैया पार लगती नहीं दिख रही है।
जद (एस) के तीन, टीआरएस के तीन, रालोद के तीन, झामुमो के पांच, नेशनल कांफ्रेंस के दो तथा तीन निर्दलीयों को मिलाकर आंकड़ा बैठता है १९ का। ये १९ सांसद जिसके पक्ष में चले जाएंगे, उसकी जीत हो जाएगी। फिलहाल इन १९ का रूख अभी साफ नहीं है। यूपीए के रणनीतिकार इनको लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं।
इतना ही नहीं सपा में भी करार के विरोध को लेकर सदस्यों की संख्या पर यूपीए में भ्रम बना हुआ है। सरकार के विदेश राज्यमंत्री और आईयूएमएल के नेता ई. अहमद करार के कुछ बिंदुओं पर ऐतराज कर चुके हैं। भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई समर्थन पर ना-नुकुर कर रहे हैं। ये बातें भी रणनीतिकारों के लिए चिंता का सबब बनी हुई हैं। दरअसल इस पूरे प्रकरण में वामपंथी दल मुख्य विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। सरकार को गिराने को लेकर वामपंथी दलों की आतुरता भाजपा से कहीं ज्यादा है। ऐसे में भाजपा ने भी यदि खुलकर विरोध कर दिया तो विश्वासमत का आंकड़ा छूना सरकार के लिए मुश्किल होगा। इन्हीं सब पर विचार के लिए कांग्रेस नेताओं की आज कई दौर की बैठकें हुईं। इसमें गंभीरता से विचार किया गया कि ज्यादा सौदेबाजी के बजाय लोकसभा को भंग करने के विकल्प भी खुले रखे जाएं। संविधान के जानकारों के अनुसार यूपीए सरकार को इस प्रकार का प्रस्ताव लाने का अधिकार है।

शेयर बाज़ार में भारी गिरावट सेंसेक्स पहुंचा 13 हजार से नीचे

मुंबई, 1५ जुलाई- देश के शेयर बाजारों में मंगलवार को एक बार फिर गिरावट का दौर देखा गया। शुरुआती पांच मिनट के कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स १३ हजार के जादुई आंकड़े से निचले चला गया और ४०२.४१ अंक गिरकर १२ ,९२८.१० पर पहुंच गया।
वहीं, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी १२१.१५ को गोता लगाता हुआ ३,९१८.५५ पर जा पहुंचा।

Jul 14, 2008

सांसदों के भाव २५ करोड़ : वर्धन

नई दिल्ली, १४ जुलाई- सभी राजनैतिक पार्टियाँ विस्वास प्रस्ताव पर मतदान करने की कयावत में जुटी हुई है । वही भाकपा महासचिव ए. बी. वर्धन नें सोमवार को कांग्रेस एवं संयुक्त प्रगतीशील गठबंधन सरकार पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगते हुए कहा की बोली लगाने वाले प्रत्येक संसद की किंमत २५ करोड़ रूपये लगाई गई है ।
उन्होंने कहा कि आब किसी के पास कोई सिद्धांत नहीं रह गया है । यह केवल कुछ करोड़ रूपये की बात नहीं है लेकिन प्रस्ताव के पक्ष में मतदान के लिए २५ करोड़ रूपये की बोली लगा रही है । वर्धन नें केन्द्र के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरूआत करते हुए एक रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही ।
वर्धन नें कहा कि मैंने पूरे अपने जीवनकाल में एक साथ २५ करोड़ रूपये नहीं देखे है । 'मुझे विस्वास है कि आप में ( श्रोताओं में से ) किसी नें इतनी बड़ी राशि नहीं देखी होगी' उल्लेखनीय है कि वाम दलों नें भारत-अमेरिका परमाणु करार मुद्दे एवं देश में बड़ रही मंहगाई को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ आज राष्ट्रव्यापी आन्दोलन की शुरूआत की ।

कोर्ट नें पुलिस-भूमाफिया गठजोड़ पर रिपोर्ट मांगी

नई दिल्ली, १४ जुलाई- अदालत ने तिमारपुर पुलिस और भूमाफिया के बीच सांठगांठ के मामले में पुलिस कमिश्नर युद्धवीर सिंह डडवाल से जवाब मांगा है। गौरतलब है कि प्रॉपर्टी विवाद के इस मामले में जांच अधिकारी पर भी इसमें शामिल होने का आरोप है।
पेश मामले के मुताबिक, किंग्जवे कैंप निवासी प्रेम सिंह ने १९९२ में गांव झड़ौंदा माजरा, बुराड़ी में तकरीबन पांच बीघा जमीन खरीदी थी। लेकिन जमीन की पूरी कीमत (२० लाख) देने के बाद भी प्रेम सिंह को जमीन का कब्जा नहीं मिला, क्योंकि भूमाफिया ने तिमारपुर पुलिस से मिलकर इस जमीन पर कब्जा कर लिया। इतना ही नहीं, बाद में तो उन्होंने जमीन को बेचना भी शुरू कर दिया। काफी कोशिश के बाद भी जब प्रेम सिंह को जमीन का कब्जा नहीं मिला तो उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया।
प्रेम सिंह ने अपने वकील के जरिए मेट्रोपॉलिटन मैजिस्ट्रेट प्रताप सिंह मलिक की अदालत में अर्जी लगाई। अदालत के निर्देश पर तिमारपुर पुलिस ने सुरेंद्र सिंह नाम के शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
सुरेंद्र सिंह ने पुलिस अफसरों से मिलीभगत करके जमीन का काफी हिस्सा बेच दिया था। शिकायतकर्ता ने अदालत में अर्जी दाखिल कर केस के जांच अफसर समर पाल पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि उन्होंने बेनामी नाम से ५०० गज का प्लॉट लिया हुआ है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मामले में पुलिस कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी है। कमिश्नर को भेजी गई ऑर्डर की कॉपी में यह साफ लिखा हुआ है कि पुलिस वाले किस तरह से अपनी पावर का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए सोमवार का दिन मुकर्रर किया हुआ है।