Jul 12, 2008

न्यूज़ एजेंसी के नाम पर की जा रही ब्लैक मेलिंग के धंधे का भंडाफोड़

नई दिल्ली। पुलिस ने न्यूज एजेंसी की आड़ में उगाही व ब्लैक मेलिंग का धंधा करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर एक युवती समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन चारों ने पहले तो दक्षिणी दिल्ली के एक व्यवसायी का अश्लील वीडियो बनाया और फिर उससे १० लाख रूपए की मांग करने लगे। पुलिस इस गिरोह के सरगना अखिलेश उर्फ राजेश को तलाश रही है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त नीरज ठाकुर ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली के एक व्यवसायी ने अपराध शाखा के एंटी एक्सटोर्शन सेल में शिकायत की कि लगभग एक माह पहले निशा नामक युवती ने उसे फोन कर उससे दोस्ती करने का प्रस्ताव दिया। फोन पर बातचीत के बाद एक दिन भीकाजी कामा पैलेस स्थित एक रेस्तरां में व्यवसायी की निशा से मुलाकात हुई। इसके बाद एक जुलाई को फोन किया और चाणक्या पैलेस, डाबड़ी इलाके में स्थित अपने घर पर बुलाया। व्यवसायी वहां पहुंच गया और इसके बाद उसने निशा के साथ शराब पी। वहां पर नीरज नामक युवक पहले से मौजूद था। निशा वहां से बहाना बना कर चली गई। इसके बाद एक महिला ने व्यवसायी को अपने साथ संबंध बनाने के लिए उकसाया। चार जुलाई को निशा ने व्यवसायी को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। निशा के साथ नीरज भी था, उन दोनों ने व्यवसायी को कहा कि उन्होंने एक जुलाई को व्यवसायी और महिला के बीच बने शारीरिक संबंध को वीडियो कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया है। यदि वह बदनामी से बचना चाहता है तो १० लाख रूपए दे दे।
शिकायत पर एसीपी जसवीर मलिक की देखरेख में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने व्यवसायी को महिला से सौदा तय करने के लिए बुलाया। सौदा तय होने पर भुटानी होटल, तिलक नगर के पास व्यवसायी को वीडियो टेप देने के लिए बुलाया। पुलिस भी वहां पहुंच गई और व्यवसायी से रकम ऐंठने पहुंचे चार लोगों को दबोच लिया। इनके नाम ब्रिजेश कुमार उर्फ नीरज(३०), राज कुमार(२९), नीरज कुमार सेंगर व वंदना सोनी उर्फ निशा उर्फ वेंडी हैं। चारों ने खुलासा किया कि न्यूज इंडिया एंड रिपोटर्स आई के नाम से एक मीडिया संगठन बनाया है। इसे बनाने वाला अखिलेश उर्फ राजेश है।

महिला के गर्भ से मिला अजन्मे शिशु का कंकाल

बिजनौर १२ जुलाई- जिला अस्पताल में प्रसव के लिए आई एक महिला के पेट से चिकित्सको ने आपरेशन के दौरान एक छह माह के अजन्मे भूण का छह वर्ष पुराना कंकाल निकाला।
जिला चिकित्सालय की सीएमएस डा. शैली मेहरोत्रा ने बताया कि कल भूरी नाम की एक महिला अस्पताल में प्रसव के लिए आई थी। जांच के दौरान पता चला कि उसके गर्भाश्य में पूर्ण विकसित स्वस्थ भ्रूण के साथ ही एक अविकसित भ्रूण का कंकाल भी चिपका हुआ है।
उन्होंने बताया कि आपरेशन के बाद महिला ने लड़के को जन्म दिया। इस दौरान डाक्टरों ने वह कंकाल भी निकाला जो पिछले छह वर्ष से उसकी आंतों और गर्भाश्य से चिपका हुआ था।
उन्होंने बताया कि महिला ने छह वर्ष पहले गर्भ धारण किया था लेकिन अचानक उसका पेट सामान्य दिखाई देने लगा तो परिजनो ने इस ओर अधिक ध्यान नहीं दिया और किसी तरह का डाक्टरी परीक्षण भी नहीं कराया।
छह वर्ष बाद महिला ने दोबारा गर्भ धारण किया तो प्रसव से पूर्व इस पिछले गर्भ के बारे में चिकित्सकों को मालूम हुआ।

नक्सलियों का तांडव जारी रेल लाइन व प्रखंड कार्यालय उड़ाया

सिमुलतला/जमुई/लखीसराय, १२ जुलाई- नक्सली नेता दीपक की गिरफ्तारी के विरोध में माओवादियों द्वारा ११ जुलाई को आहूत पूर्व बिहार बंद के दौरान गुरुवार देर रात नक्सलियों ने किऊल-जमालपुर रेल खंड के घोघी बरियारपुर हाल्ट एवं अभयपुर स्टेशन के बीच गेट नंबर २६-सी के पास डाउन लाइन की पटरी व जमुई जिले के एक ही भवन में स्थित प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन विस्फोट कर उड़ा दिया। इसके बाद नक्सलियों ने लक्ष्मीपुर थाने पर अंधाधुंध फायरिंग भी की। जबकि किऊल-हावड़ा रेल खंड के सिमुलतला-घोरपारण स्टेशन के बीच अप और डाउन रेलवे ट्रैक को भी विस्फोट कर उड़ा दिया। इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रेलवे व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच जांच कर रहे हैं।
बताते हैं पिछले १५ दिनों में पुलिस द्वारा माओवादियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में जोनल कमांडर सुनील उर्फ बड़का और एरिया कमांडर दीपक की गिरफ्तारी से बौखलाये माओवादियों ने विरोध में ११ जुलाई को बंद का आह्वान किया था। इसकी पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष शशिकांत सिन्हा ने बताया कि रात १२:१० बजे नक्सलियों ने थाने को घेर कर अंधाधुंध फायरिंग की। पुलिस की ओर से १९३ राउंड गोलियां चलाई गयीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई से माओवादियों का हौसला टूट गया। थाने पर फायरिंग करने से पूर्व नक्सलियों ने बम विस्फोट कर दहशत पैदा कर दी और उसके बाद डाइनामाइट से विस्फोट कर प्रखंड कार्यालय व अंचल कार्यालय को मलबे में तब्दील कर दिया।
उधर लखीसराय से मिली जानकारी के अनुसार ३५-४० नक्सलियों ने घोघी बरियारपुर व अभयपुर स्टेशन के बीच महादपुर टाली गांव के पास गेट नंबर २६ सी के निकट विस्फोट किया। हालांकि यहां ज्यादा क्षति नहीं हुई फिर भी छह घंटे तक यातायात बाधित रहा। अभयपुर के सहायक स्टेशन मास्टर विनोद कुमार झा को पटरी उड़ाये जाने की सूचना गेटमैन योगेंद कुमार ने दी। इसके बाद जमालपुर से आये तकनीशियनों ने पटरी की मरम्मत की। शुक्रवार सुबह साढ़े ७ बजे ट्रेन परिचालन शुरू हुआ। इस कारण ८२६ डाउन किऊल-जमालपुर डीएमयू, ३४८४ डाउन फरक्का एक्सप्रेस, ३२४२ डाउन राजेन्द्र नगर बांका इंटरसीटी, ३४२० डाउन मुजफ्फरपुर-भागलपुर जनसेवा एक्सप्रेस एवं अप लाइन में २०९ अप हावड़ा-जयनगर पैसेंजर तथा २११ अप हावड़ा-राजगीर पैसेंजर ट्रेनें बाधित रहीं। लखीसराय के एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में घटनास्थल पर ग्रामीणों से पूछताछ की गयी।

चंडीगड़ में सामुदायिक कंडोम वितरण केन्द्र खुले

चंडीगड़- एचआईवी और एड्स की रोकथाम के लिए चंडीगड़ के सामाजिक कार्यकर्ताओं नें यहाँ की झुग्गी-बस्तियों में सामुदायिक कंडोम वितरण केन्द्र स्थापित किए है ।
सुरछित यौन संबंधों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता यहाँ घर-घर में जागरूकता अभियान फैला रहे है । चंडीगड़ की एड्स कंट्रोल सोसायटी के एक अधिकारी नें बताया "सामुदायिक कंडोम वितरण को स्थापित करने का प्रमुख उद्देश्य इसे समाज के उस तबके तक पहुचाना है जहाँ इसकी पहुँच नहीं है ।
गौरतलब है कि वितरण केन्द्रों को ऐसे जगह बनाया गया है जहाँ समाज का सबसे कमजोर तबका रहता है ऐसा माना जा रहा है कि यह केन्द्र काफी सफल रहेगा क्योकि कई ऐसे लोग है जो दवा विक्रेताओं से इसे लेने में शर्म महसूस करते है । अब इसे आसानी से प्राप्त कर सकते है ।
सामुदायिक वितरण केन्द्र की सुविधा प्रदान करने वाले गौरव गौर नें बताया "मै जमीनी स्तर पर काम करना चाहता था इस लिए मैंने इन लोगों का चुनाव किया ये वितरण केन्द्र सायकल मिस्त्री, बीमा एजेंटों, चाय बेचने वालों द्वारा चलाये जा रहे है"।
उन्होंने बताया कि चंडीगड़ के झुग्गी-बस्ती वाले इलाके के पास छः वितरण केन्द्र स्थापित किए गये है ।
समन्वयक प्रमोद शर्मा नें बताया " एचआईवी के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए हम चाहते थे कि इसे यौन कर्मियों के बीच लोकप्रिय बनाया जाय । जिससे उनमें जागरूकता पैदा की जा सके ।

भारत नें डब्ल्यूटीओ मसौदे पर आपत्ति जताई

जेनेवा। भारत ने विश्व व्यापार संगठन [डब्ल्यूटीओ] की ओर से जारी किए गए कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों के संशोधित मसौदे पर नाराजगी जताई है। उसने २१ जुलाई को तय मंत्रिस्तरीय अहम बैठक के पहले डब्ल्यूटीओ के इन ताजा प्रस्तावों को विकासशील देशों के हितों के खिलाफ करार दिया। हालांकि उसे उम्मीद है कि वाणिज्य मंत्रियों की जेनेवा बैठक मतभेदों को दूर करने में कामयाब होगी।
वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारी मसौदे में शामिल एंटी-कंसंट्रेशन क्लाज से नाखुश हैं। यह विकासशील देशों को अपनी मर्जी के उद्योगों को उदार आयातों से संरक्षण देने के लिए चुनने के अधिकार पर बंदिश लगाता है। उन्होंने कृषि मसौदे में छोटे और सीमांत किसानों के लिए प्रस्तावित संरक्षण के स्तर पर भी नाराजगी जाहिर की है।
दोहा दौर की बातचीत से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि भारत ऐसे किसी विश्व व्यापार समझौते को स्वीकार नहीं करेगा, जिसमें एंटी-कंसंट्रेशन जैसा कोई अनुच्छेद होगा।
उद्योग संगठन फिक्की ने कहा है कि एंटी-कंसंट्रेशन क्लाज विकासशील देशों को प्राप्त उस लचीलेपन पर बंदिश लगाता है, जो उनके घरेलू उद्योगों को संरक्षण देने के लिए जरूरी हैं। सीआईआई ने भी नामा के मूलपाठ में टैरिक कटौती को लचीलेपन के साथ जोड़ने को लेकर अपनी चिंता जताई है।
डब्ल्यूटीओ के महासचिव पास्कल लैमी ने कहा कि यह संशोधित मूलपाठ दोहा दौर की बातचीत को आगे बढ़ाने में सहायक होगा। २१ जुलाई को प्रमुख वाणिज्य मंत्रियों की अहम बैठक के पहले जारी करने के पीछे मकसद दोहा समझौते तक पहुंचने के लिए मतभेद कम करने में मदद मिले।

अब इंग्लैंड में भी आईपीएल

लंदन. इंग्लैंड ने अपनी आईपीएल शुरू करने की तैयारी कर ली है। यहां के चार प्रमुख काउंटी क्लबों ने टी-२० लीग की योजना को अंतिम रूप दे दिया है, जिसमें पांच करोड़ पाउंड की इनामी राशि दांव पर रहेगी।
इस टूर्नामेंट का आयोजन जून-जुलाई २०१० में किया जा सकता है। इस योजना का ब्ल्यू प्रिंट तैयार हो गया है और उस पर इसी महीने इंग्लैंड बोर्ड में चर्चा की जाएगी।
एमसीसी, लंकाशायर, हैंपशायर और सरे ने मिलकर इस टूर्नामेंट की योजना बनाई है। २५ दिन की इस लीग में ५७ मैच होंगे, जिसमें नौ टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम के खिलाड़ियों के लिए डेढ़ करोड़ पाउंड की सीमा तय की जाएगी।
एक टीम में १२ घरेलू खिलाड़ी होंगे, जिनमें से तीन अंडर-२३ के होंगे। विदेशी खिलाड़ियों के लिए नीलामी आयोजित की जाएगी।

नटवर सिंह के बेटे जगत सिंह बसपा में शामिल

जयपुर, १२ जुलाई-पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के बेटे जगत सिंह अपने समर्थकों के साथ आज बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गये।
लक्ष्मणगढ़ के विधायक जगत सिंह को दो साल पहले पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण कांगेस पार्टी से निकाल दिया गया था।