Jul 3, 2008

पाकिस्तान में हजारों लोगों को मौत की सजा से राहत

पाकिस्तानी मंत्रिमंडल ने मृत्युदंड का सामना कर रहे हज़ारों लोगों की सज़ा को आजीवन कारावास में बदलने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है । सूचना मंत्री शेरी रहमान ने बताया कि मंत्रिमंडल के इस फ़ैसले से सात हज़ार लोगों को फांसी के फंदे से बचाया जा सकेगा ।
लेकिन अभी ये स्पष्ट नहीं है कि सज़ा में कमी का लाभ आतंकवाद और जासूसी जैसे अपराध के मामलों में मिलेगा या नहीं, भारत के सरबजीत सिंह के बारे में पूछे जाने पर पाकिस्तानी सूचना मंत्री ने कहा, "सरबजीत का मामला अलग है, इस पर सरकार ने अभी कोई फ़ैसला नहीं किया है."
इस माफी पर अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन "एमनेस्टी इंटरनेशनल" ने सरकार के इस फ़ैसले का स्वागत किया है और कहा है कि कहा, "हम आशा करते हैं कि इससे फांसी के फंदे का सामना करने वाले सभी लोगों को छुटकारा मिलेगा, उनके बीच कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा." मानवाधिकार संगठन ने कहा, "हम राष्ट्रपति मुशर्रफ़ से अनुरोध करेंगे कि वे इस फ़ैसले पर तुरंत मुहर लगाएँ, अगर ऐसा होता है तो दुनिया भर में मृत्युदंड की सज़ा में एक झटके में एक-तिहाई की कमी आ जाएगी।" उसका यह भी कहना है कि "यह आधुनिक इतिहास में फाँसी की सज़ा से सामूहिक तौर पर दी गई सबसे बड़ी राहत होगी और इससे फांसी की सज़ा को समाप्त करने की दिशा में जनमत तैयार करने के अभियान को बल मिलेगा।"
पाकिस्तान के राष्ट्रपति मुशर्रफ़ की सहमति मिलने के बाद ही इस फ़ैसले पर अमल हो सकेगा वैसे इस मामले में मुशर्रफ़ काफी उदार माने जा रहे है क्योकि वर्ष २००२ में मुशर्रफ़ के नेतृत्व वाली सरकार ने मृत्युदंड का सामना कर रहे कई क़ैदियों की सज़ा में कमी कर दी इस फ़ैसले की घोषणा २५ जून को प्रधानमंत्री युसुफ़ रज़ा गिलानी ने की थी और अब इसे कैबिनेट की मंज़ूरी मिल गई है । पिछले दिनों प्रधानमंत्री के एक सलाहकार ने कहा था कि इस प्रस्ताव के तहत आतंकवाद और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े लोगों को राहत नहीं मिलेगी, लेकिन इस मामले पर स्थिति बहुत स्पष्ट नहीं है

पत्नी के साथ छेड़-छाड़ करने का विरोध करने पर पति की पिटाई

उत्तर प्रदेश-सं० र० न० भदोही जिले में स्थित औराई थाना क्षेत्र लक्ष्मणियां माधोसिंह के पास पासी बस्ती में कुछ बिहारियों नें एक औरत के साथ छेड़ छाड़ कर दी । औरत के पति नें इसका विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी और घर में लूट पाट भी की । उसके पति नें औराई थाने में दो लोगों के साथ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है । मंगलवार की रात गाँव के ही एक व्यक्ति के यहाँ कालीन का काम करने वाले कुछ बिहारी रमेंद्र ( परिवर्तित नाम ) की गैर मौजूदगी में उसे पूछते हुए उसके घर चले आए ।
पत्नी सुनीता ( परिवर्तित नाम ) नें उन लोगों से कहा कि पति घर पर नहीं है इतना सुनते ही एक युवक घर में घुस आया और सुनीता से छेड़खानी करने लगा तो सुनीता नें इसके विरोध में शोर मचाया उसी समय उसका पति रमेंद्र घर पर आ गया और दोनों युवकों को दो चार झापड़ जड़ दिए तथा कुछ देर बाद वह उन बिहारियों की शिकायत करने उसके पास चला गया जिसके पास वे बिहारी काम करते थे और शिकायत की तो रमेंद्र से उसने कहा कि हम उन्हें डांट देंगे किंतु थोडी ही देर बाद १० बिहारियों को साथ लेकर वह रमेंद्र के घर पहुंच गया और रमेंद्र की जमकर धुनाई कर दी । उसकी पत्नी सुनीता के साथ भी छेड़-छाड़ की और घर में घुसकर सूटकेश तोड़ कर उसमें रखी सोने की एक जंजीर, २००० रूपये नगद व कपडे उठा ले गए ।
आस-पास के लोगों नें इसका विरोध किया लेकिन बदमाशों नें किसी की नहीं मानी घटना के बाद बुधवार की सुबह रमेंद्र नें औराई थाने में बिहारियों और उनके मालिक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है । बताया जाता है कि रिपोर्ट दर्ज होते ही कुछ बिहारी फरार हो गए जबकि उनका मालिक मामले को रफा-दफा करने के लिए स्थानीय नेताओं पर दबाव बना रहा है ।
अमरेन्द्र पाठक ( भदोही ) यू०पी०

ओपेक ने तेल बाजार में अटकलजाबी को रोकने का अनुरोध किया

न्यूयार्क और लंदन के बाजारों के कच्चे तेल के दामों में २ तारीख को फिर नया रिकार्ड कायम हुआ । तेल के दाम की स्थिरता के लिए तेल निर्यातित देशों के संगठन ओपेक ने विभिन्न देशों से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर अटकलबाजी की रोकथाम की कोशिश करने की अपील की ।
न्यूयार्क वायदा बाजार में अगस्त के लिए कच्चे तेल का दाम पिछले दिन से २.६ अमरीकी डालर बढकर १४३.५७ अमरीकी डालर प्रति बैरल बंद हुआ । लंदन अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में अगस्त के लिए प्रेंट कच्चे तेल का दाम १४४.२६ अमरीकी डालर प्रति बैरल बंद हुआ ,जो पिछले दिन से ३.५९ अमरीकी डालर बढा है।
ओपेक के महासचिव बाडरी ने २ तारीख को मैड्रिड में आयोजित विश्व तेल महासभा में दोहराया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के ऊंचे दाम का मुख्य कारण तेल के उत्पादन की कमी नहीं है ,बल्कि अमरीकी वित्तीय संकट और अमरीकी डालर के अवमूल्यन से पैदा वित्तीय अटकलबाजी है । उन्होंने विश्व के देशों से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में वायदा कारोबार के नाम पर सट्टेबाजी की रोकथाम करने की अपील की ताकि तेल की कीमत स्थिर की जाए ।
ईरानी तेल मंत्री नोजारी ने २ तारीख को मैड्रिड में कहा कि वर्ष २०१४ तक ईरान का प्रतिदिन का तेल उत्पादन २२ प्रतिशत बढकर ५३ लाख प्रति बैरल तक जा पहुंचेगा ।उन्होंने बल देकर कहा कि ईरान के विचार में तेल के वर्तमान ऊंचे दाम का मुख्य कारण बाजारों में सप्लाई की कमी के बजाए वायदा कारोबारियों द्वारा की जा रही अति सट्टेबाजी है ।

टीटीई ने चलती ट्रेन से बालक को निचे फेंका

राऊरकेला- बारह साल के एक लड़के को कथित तौर पर एक टीटीई द्वारा चलती रेलगाड़ी से बाहर फेंक देने के कारण उसे अपना दाहिना पैर एवं दाहिना हाथ गंवाना पड़ा। यह जानकारी सरकारी रेलवे पुलिस के सूत्रों ने दी।
शंकर सिंह रेलगाडियों के डिब्बों की सफाई कर अपना गुजारा चलाता है। सूत्रों ने बताया कि शंकर बुधवार को राऊरकेला रेलवे स्टेशन पर एक एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ा। शंकर को एक सीट के नीचे ५० रुपये का नोट मिला। टीटीई ने शंकर को ५० रुपये का नोट उसे सौंप देने को कहा, लेकिन उसने नोट सौंपने से मना कर दिया। इसे लेकर शंकर और टीटीई में झगड़ा हो गया और तब तक गाड़ी चलने लगी। सूत्रों ने बताया कि गुस्साए टीटीई ने उसे थप्पड़ जड़ा और उसे खींचकर डिब्बे के दरवाजे तक ले गया तथा चलती रेलगाड़ी से बाहर फेंक दिया। शंकर के एक दोस्त ने बाद में प्राथमिकी दर्ज कराई।
सूत्रों ने बताया कि शंकर को इस्पात जनरल अस्पताल में दाखिल कराया गया है जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद सामाजिक संगठन जन कल्याण समिति के सदस्यों ने इसके अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में घटना के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया और टीटीई की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। राऊरकेला के अतिरिक्त जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि लड़के का उपचार जिला रेडक्रास के फंड से कराया जाएगा। जीआरपी ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।

भाजपा के बंद का देशभर में असर

कई हिस्सों में तोड़-फोड़
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी और वीएचपी के भारत बंद के आह्वान का देशभर में व्यापक असर दिखाई दे रहा है।
दिल्ली, मुंबई, गाँधीनगर, भोपाल, इंदौर,उज्जैन और सूरत आदि स्थानों पर बंद समर्थकों ने जमकर उत्पात मचाया। दिल्ली में भी कई रास्तों पर चक्काजाम किया गया है।
लुधियाना-चंडीगढ़ हाईवे पर भी रास्ता जाम किया गया है। कई शहरों में ट्रेनें भी रोकी जा रही हैं। चंडीगढ़ में पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज भी किया। गुड़गाँव और कोलकाता में भी कई जगह जाम के समाचार हैं।
जम्मू में हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के एक नेता के घर पर बंद समर्थकों ने हमला किया, जिससे शहर में तनाव की स्थि‍ति है। यहाँ कई उत्पातियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
मुंबई में भी बंद समर्थकों ने जमकर हंगामा मचाया तथा कई जगह बलपूर्वक दुकानें बंद करवाईं। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे भी जाम किया गया है।
विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता दोपहिया वाहनों में सवार होकर दुकानें बंद करवाते देखे गए, जिससे कहीं-कहीं विवाद की स्थिति भी बनी।
देशभर में बंद को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

परमाणु करार और सरकार के लिए आज महत्वपूर्ण दिन

अमरीका के साथ परमाणु समझौते पर समर्थन वापसी की वाम दलों की धमकी के बीच गुरुवार को यूएनपीए की अहम बैठक हो रही है जिसमें नए राजनीतिक समीकरण के संकेत मिल सकते हैं।
भारतीय राजनीति के तीसरे कोण यानी यूएनपीए के प्रमुख घटक दल समाजवादी पार्टी (सपा) और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) के बीच जिस तरह बातचीत का सिलसिला शुरु हुआ है, उससे संभावना जताई जा रही है कि वाम दलों के समर्थन वापस लेने की स्थिति में सपा सरकार बचाने के लिए आगे आ सकती है।
आख़िरी कड़ी में बुधवार को यूपीए सरकार की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एमके नारायणन ने सपा नेताओं को परमाणु समझौते की बारीकियाँ समझाई ।
बैठक के बाद सपा महासचिव अमर सिंह ने हाइड एक्ट, १२३ समझौता और ईरान के साथ संबंधों को लेकर कुछ सवाल उठाए ।
इसके थोड़ी देर बाद ही प्रधानमंत्री कार्यालय ने विस्तृत बयान जारी कर सपा के संशय को दूर करने की कोशिश की ।
सपा महासचिव अमर सिंह ने यूपीए के साथ रिश्तों में गर्माहट के संकेत देते हुए कहा, "हमारे लिए सबसे बड़ी चीज ये है कि सांप्रदायिक ताकतों को सत्ता से दूर रखें।"
ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि काँग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सहमति बन गई है कि अगर वामपंथी अविश्वास प्रस्ताव लाते हैं तो वे सरकार को बचा लेंगे"।
उधर वाम मोर्चे के दूसरे प्रमुख घटक दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के नेता एबी बर्धन ने पत्रकारों से कहा, "सरकार की मंशा तो साफ़ है। प्रधानमंत्री जी-८ की बैठक में जा रहे हैं. अब समर्थन वापस कब लिया जाए ये फ़ैसला शुक्रवार को हम वाम मोर्चे की बैठक में लेंगे."
यूपीए सरकार अमरीका के साथ प्रस्तावित परमाणु समझौते को अपनी मुख्य उपलब्धियों में गिनाती रही रही है। गठबंधन सरकार की अगुआ कांग्रेस पार्टी स्पष्ट कर चुकी है कि ये समझौता देशहित में है क्योंकि इससे उर्जा संकट दूर करने में मदद मिलेगी ।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सपा की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि समझौते का भारत की विदेश नीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा ।
ये भी आश्वासन दिया गया है कि न तो इससे भारत-ईरान संबंधों पर असर होगा और न भारत की सामरिक नीति प्रभावित होगी ।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने दोहराया है कि १२३ समझौता सर्वोपरि होगा न कि हाईड एक्ट और भारत की परमाणु परीक्षण की स्वतंत्रता पर भी कोई आँच नहीं आएगी ।

जरदारी नें पाकिस्तान को आतंकवाद की नर्शरी बताया

इस्लामाबाद- पाकिस्तान की सत्तारूढ़ पार्टी, पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के सह अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने पाकिस्तान को आतंकवाद की नर्सरी बताते हुए कहा कि पश्चिमी राष्ट्रों ने अवाम की बजाय इसकी सेना में निवेश कर इस देश का इस्तेमाल अपने लघुकालिक राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया।
जरदारी ने एथेन्स में सोशलिस्ट इंटरनेशनल कांग्रेस में अपने मुख्य संबोधन में कहा कि पाकिस्तान अब अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद की 'पेट्रीडिश' बन गया है। पाकिस्तानी नेता ने कहा कि यह नाकाम अंतरराष्ट्रीय सियासत का उत्पाद है और हमारा सृजन नहीं है।
फरवरी में आम चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन का नेतृत्व कर रही पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता ने कहा उपनिवेशवाद के तहत हमारा शोषण किया गया और शीतयुद्ध के दौरान हमारा इस्तेमाल किया गया। अफगानिस्तान में सोवियतों के खिलाफ जंग के लिए हमें एक पक्ष में बदल दिया गया और जब वह जंग जीत ली गई तो पाकिस्तान और जिस देश को हमने मुक्त कराया उसे उग्रवाद और धर्मांधता की शक्तियों के हाथों में अकेला छोड़ दिया गया।